Sunday, November 29, 2026
होमHomeसंस्कृति का उत्सव, भाषा का वनवास!

संस्कृति का उत्सव, भाषा का वनवास!

जब परिधान, खान-पान, संगीत और नृत्य को मिलता है सम्मान, तो अपनी भाषाएँ क्यों दरवाज़े पर खड़ी प्रतीक्षा करती रहती हैं?

भाषा और संस्कृति एक-दूसरे से अलग कैसे हो सकती हैं? दोनों का अस्तित्व एक-दूसरे में समाहित है। भाषा संस्कृति की आत्मा है और संस्कृति भाषा की अभिव्यक्ति। फिर भाषा के बिना किसी संस्कृति की कल्पना कैसे की जा सकती है?

क्या भाषा के बिना नृत्य और संगीत संभव हैं? नृत्य की अपनी भाव-भंगिमाएँ और संगीत के अपने स्वर अवश्य हैं, लेकिन इनके पीछे भी किसी भाषा, लोकगीत, परंपरा और भावनाओं की अभिव्यक्ति होती है। लोकगीतों में हमारी बोलियाँ बोलती हैं, लोककथाओं में हमारा इतिहास साँस लेता है और साहित्य में हमारी सभ्यता की स्मृतियाँ सुरक्षित रहती हैं। फिर ऐसा क्यों है कि सांस्कृतिक आयोजनों में नृत्य और संगीत को बड़े उत्साह से स्थान दिया जाता है, क्योंकि इनके माध्यम से देश की संस्कृति झलकती है, लेकिन जब उसी देश की भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान की बात आती है, तो वे अक्सर उपेक्षित रह जाती हैं?

हमारे सांस्कृतिक आयोजनों में भारतीय परिधान, खान-पान, संगीत और नृत्य—सबको पूरे उत्साह और सम्मान के साथ अपनाया जाता है। मंच पारंपरिक वेशभूषा से सजता है, भारतीय व्यंजनों की सुगंध बिखरती है और संगीत-नृत्य से वातावरण गूँज उठता है। लेकिन विडंबना यह है कि जिस भाषा ने इन परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखा, उसे ही मंच पर पर्याप्त स्थान नहीं मिलता। यहाँ तक कि कई आयोजनों में मंच का संचालन भी केवल अंग्रेज़ी में होता है। प्रश्न यह है कि जब उत्सव भारतीय संस्कृति का है, तो उसकी अपनी भाषाओं को अभिव्यक्ति का अवसर देने में झिझक क्यों?

परिधान हमारे, खान-पान हमारी परंपराओं के, संगीत और नृत्य हमारी विरासत के—लेकिन संवाद की बारी आती है तो अपनी भाषाएँ पीछे क्यों छूट जाती हैं? अपनी ही भाषा में बोलने या उसे मंच पर सम्मान देने में इतनी झिझक क्यों? क्या अपनी भाषा में मंच संचालन करना हमारी प्रतिष्ठा को कम कर देता है? क्या भारतीय भाषाओं का प्रयोग किसी अंतरराष्ट्रीय या भव्य आयोजन की गरिमा को कम कर सकता है?

सरकारें भाषाओं के विकास, संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती हैं, लेकिन कई बार यह सहयोग बड़ी संस्थाओं तक ही सीमित रह जाता है। वहीं छोटी संस्थाएँ और समर्पित लोग, जो सीमित संसाधनों में भाषा के लिए अपना समय, श्रम और जीवन लगा रहे हैं, अपेक्षित सरकारी सहयोग और सामाजिक समर्थन से वंचित रह जाते हैं। भाषा के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वालों को भी अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिलना आवश्यक है। केवल भाषाओं के संरक्षण की बातें करना पर्याप्त नहीं, उनके लिए काम करने वालों को सम्मान और सहयोग देना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है।

धीरे-धीरे ऐसा प्रतीत होने लगा है कि संस्कृति के नाम पर हमारी गतिविधियाँ नृत्य और संगीत तक सिमटती जा रही हैं। निस्संदेह ये संस्कृति के महत्त्वपूर्ण अंग हैं, लेकिन क्या संस्कृति केवल इतनी ही है? क्या उसमें हमारी भाषाएँ, साहित्य, लोककथाएँ, इतिहास, लोकस्मृतियाँ और विचारों की परंपरा शामिल नहीं हैं? क्या किसी देश की सांस्कृतिक पहचान केवल उसके पहनावे, व्यंजनों और कलात्मक प्रस्तुतियों से बनती है, या उसकी भाषाओं से भी बनती है?

यदि किसी व्यक्ति से संवाद करना हो, अपने विचार व्यक्त करने हों या अपनी संस्कृति की कहानी सुनानी हो, तो क्या केवल अंग्रेज़ी के सहारे ही ऐसा किया जाएगा? क्या हाव-भाव और संगीत के माध्यम से ही हम अपने इतिहास, साहित्य, विचारों और संवेदनाओं को पूरी तरह अभिव्यक्त कर सकते हैं? भाषा ही वह माध्यम है, जिसके सहारे एक पीढ़ी अपने अनुभव, ज्ञान, परंपराएँ और मूल्य अगली पीढ़ी तक पहुँचाती है।

सबसे अधिक पीड़ा तब होती है, जब सांस्कृतिक उत्सव का भव्य मंच सजा होता है, हर कला और परंपरा को स्थान मिल रहा होता है, लेकिन हमारी भाषाएँ उस मंच के बाहर दरवाज़े पर खड़ी प्रतीक्षा करती रह जाती हैं। वे मानो चुपचाप पूछ रही हों—हमारी बारी कब आएगी? हमें भीतर कब बुलाया जाएगा? हमें भी मंच पर स्थान और वह सम्मान कब मिलेगा, जिसकी हम अधिकारी हैं?

मंच पर संस्कृति के हर रंग का स्वागत है, लेकिन उसकी आत्मा कही जाने वाली भाषा आज भी अपनी बारी की प्रतीक्षा में है।

यह अंग्रेज़ी का विरोध नहीं, बल्कि अपनी भाषाओं के लिए समान अवसर और सम्मान की माँग है। आवश्यकता इस बात की है कि सांस्कृतिक मंचों पर भारतीय भाषाओं में भी संचालन हो, कविताओं, लोककथाओं और साहित्य को स्थान मिले तथा भाषा के लिए काम करने वाली छोटी-बड़ी संस्थाओं को समान अवसर प्रदान किए जाएँ। भारतीय भाषाओं को केवल औपचारिक भाषणों और विशेष दिवसों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें हमारे दैनिक सांस्कृतिक जीवन का स्वाभाविक हिस्सा बनाया जाए।

नृत्य संस्कृति का सौंदर्य है, संगीत उसकी मधुरता है, लेकिन भाषा उसकी पहचान और आत्मा है।

परिधान अपना, भोजन अपना, संगीत अपना, नृत्य अपना—तो फिर मंच की भाषा अपनी क्यों नहीं?

आखिर कब तक हमारी भाषाएँ संस्कृति के उत्सव में अतिथि बनकर दरवाज़े पर खड़ी रहेंगी, जबकि उस उत्सव की असली पहचान ही वे हैं? संस्कृति का उत्सव तभी संपूर्ण होगा, जब उसकी भाषाओं को भी मंच मिलेगा, आवाज़ मिलेगी और सम्मान मिलेगा। भाषा को दरवाज़े पर प्रतीक्षा कराकर संस्कृति का उत्सव मनाना, उसकी आत्मा को ही उत्सव से दूर रखना है।

डॉ॰ इंदु बारौठ (चारण)

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest