राज्य है पर राज तेरा हो जरूरी है नहीं
सिर पे है वो ताज तेरा हो जरूरी है नहीं
ऐ नदी तू रोक ले जितना भी खुद को बाँध पर
बाढ़ में बैराज तेरा हो जरूरी है नहीं
तू जो उसके ही भरोसे पे है बैठा यार वो
वक्त तीरंदाज तेरा हो जरूरी है नहीं
जो कि अपना आज सारा टाल देता कल पे है
वो बहानेबाज तेरा हो जरूरी है नहीं
पढ़ रहा है मंच पर बाहें उठा जो शान से
गीत वो कविराज तेरा हो जरूरी है नहीं
मूल से प्यारा है पर हैं साथ शर्ते भी कई
तो सँभलना! ब्याज तेरा हो जरूरी है नहीं
मानते हैं तू बड़ा मशहूर है दुनिया में पर
अच्छा हर अंदाज तेरा हो जरूरी है नहीं
लो चलो माना कि कल तक साथ था तेरे मगर
वक्त छलिया आज तेरा हो जरूरी है नहीं
रातरानी ने कही सूरज से इतरा कर ये बात
हर कोई मोहताज तेरा हो जरूरी है नहीं
अंजू केशव,
जमशेदपुर, झारखंड
[email protected]
