Wednesday, November 11, 2026
होमपुस्तकहृदय के बिम्ब- संवेदना, सौंदर्य और जीवन-दृष्टि का सुंदर समन्वय

हृदय के बिम्ब- संवेदना, सौंदर्य और जीवन-दृष्टि का सुंदर समन्वय

कृति- हृदय के बिम्ब : (कुंडलिया छंद-2021-22), लेखिका : उर्मिला श्रीवास्तव ‘उर्मि’, प्रकाशक- अंतरा शब्द शक्ति प्रकाशन बालाघाट मध्य प्रदेश, समीक्षक- डॉ. उर्मिला पोरवाल  

कभी-कभी साहित्य, जीवन को ऐसे संयोगों से रूबरू कराता है जो सहज ही चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं। अपने ही नाम की वरिष्ठ लेखिका की पुस्तक की समीक्षा करने का अवसर मिलना मेरे लिए एक सुखद और विशिष्ट संयोग ही है। उनकी रचनात्मक यात्रा को पढ़ना, उनकी लेखनी से परिचित होना मेरे लिए आत्मीय होने के साथ-साथ साहित्यिक दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण रहा।

विषयवस्तु से प्राम्भ करूँ तो छंद शास्त्र इस संग्रह का आधार बिंदु है और कुंडलिया छंद  केंद्रबिंदु, उल्लेखनीय है कि हिंदी भाषा के सभी छंद गणितज्ञ प्रणाली पर लिखे जाते हैं अर्थात छंद शास्त्र में मात्राओं की गणना और गणितीय अनुशासन का विशेष महत्त्व होता है और कुंडलिया छंद हिंदी काव्यशास्त्र का एक विशिष्ट मात्रिक छंद है, जिसमें मात्रा-विधान, चरण-रचना, लय और शब्दों के संयोजन का संतुलित निर्वाह अनिवार्य होता है। इसकी संरचनात्मक विशेषताएँ इसे अन्य मात्रिक छंदों से अलग पहचान प्रदान करती हैं तथा कवि को सीमित छंद-विधान में भावों की प्रभावपूर्ण अभिव्यक्ति का अवसर देती हैं। रीतिकालीन हिंदी साहित्य में इस छंद का प्रयोग बहुतायत में मिलता है।

यहाँ परिचयात्मक दृष्टिकोण से उल्लेख करना आवश्यक हो जाता है कि कुंडलिया छंद जिसका निर्माण दोहा और रोला छंद के संयोग से होता है। इसमें कुल छह चरण होते हैं। प्रारंभ के दो चरण दोहा छंद के विधान पर आधारित होते हैं, जबकि शेष चार चरणों में रोला छंद की संरचना का निर्वाह किया जाता है। दोहे के प्रथम एवं तृतीय चरण में 13-13 मात्राएँ तथा द्वितीय एवं चतुर्थ चरण में 11-11 मात्राएँ होती हैं। इस छंद की सबसे महत्त्वपूर्ण विशेषता इसकी वृत्ताकार संरचना है, जिसमें दोहे के आरंभ का शब्द रोला के अंतिम चरण में पुनः प्रयुक्त होता है। इस प्रकार रचना का अंत उसके आरंभ से जुड़कर एक विशिष्ट लयात्मक पूर्णता प्रदान करता है। 

प्रस्तुत पुस्तक के संदर्भ में कुंडलिया छंद का यह परिचय इसलिए महत्त्वपूर्ण है कि इसके माध्यम से पाठक न केवल छंद के शास्त्रीय विधान से परिचित होगा, बल्कि उसकी रचनात्मक संभावनाओं और साहित्यिक विशेषताओं को समझने की दृष्टि भी विकसित कर पायेगा।

मेरा मानना है कि किसी कृति को उसकी समग्रता में समझने के लिए उसके कृतिकार के व्यक्तित्व, संवेदनाओं और जीवन-दृष्टि से परिचित होना भी आवश्यक है, क्योंकि रचना केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि रचनाकार के अनुभवों, विचारों और अंतर्मन का प्रतिबिंब होती है।

इसी संदर्भ में वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती उर्मिला श्रीवास्तव ‘उर्मि’ के व्यक्तित्व और साहित्यिक अवदान का उल्लेख करना उनकी कृति ‘हृदय के बिम्ब’ को समझने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम होगा।  24 अक्टूबर 1947 को उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के उरई में जन्मीं उर्मिलाजी वर्तमान में  परिवार सहित बेंगलुरु में निवासरत हैं और अपनी साहित्यिक सक्रियता के माध्यम से हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति अनुराग को निरंतर अभिव्यक्त कर रही हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि देखे तो  पिता श्रीमन्नीलाल श्रीवास्तव स्वतंत्रता सेनानी, जीवनसाथी श्रीसतीश चंद्र श्रीवास्तव रक्षा सेवा में कार्यरत थे। निश्चित रूप से पिता के राष्ट्रप्रेम, त्याग और स्वतंत्रता के आदर्शों तथा पति के अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से जुड़ी पारिवारिक विरासत ने उनके व्यक्तित्व को  एक विशिष्ट संदर्भ प्रदान किया। 

उर्मिलाजी ने हिंदी साहित्य में एम.ए. करने के साथ गद्य  और पद्य, दोनों विधाओं में लेखन किया है। उनकी साहित्यिक अभिरुचि केवल सृजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और साहित्यिक गतिविधियों के आयोजन में भी उनकी सक्रिय सहभागिता रही है। उर्मिलाजी की अब तक 6 पुस्तकें प्रकाशित है। साहित्यिक क्षेत्र में उनके योगदान को विभिन्न संस्थाओं ने समय-समय पर सम्मानित भी किया है। 

उनके व्यक्तित्व का एक उल्लेखनीय पक्ष उनकी विनम्रता और कृतज्ञता की भावना है। वास्तव में, कृतज्ञता किसी व्यक्तित्व की महानता का मौन परिचय होती है। पुस्तक में उन व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त करना, जिन्होंने उसके निर्माण में किसी भी रूप में सहयोग दिया, उनके सहृदय और संबंधों को महत्त्व देने वाले स्वभाव को रेखांकित करता है। यह भाव दर्शाता है कि वे साहित्यिक सृजन को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि सहयोग, सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का प्रतिफल मानती हैं।

इस प्रकार, उर्मिला श्रीवास्तव ‘उर्मि’ के इस परिचय से गुजरने के बाद ‘हृदय के बिम्ब’ को पढ़ना केवल एक पुस्तक का पाठ करना नहीं रह जाता, बल्कि उस संवेदनशील मन और रचनात्मक दृष्टि को समझने का अवसर भी बन जाता है, जिसने इन बिम्बों को शाब्दिक आकार दिया है। यह उर्मिलाजी का चतुर्थ संकलन है। प्राक्कथन में लेखिका स्वयं कहतीं हैं कि “यह संग्रह उनका कुंडलियाँ छंद पर प्रथम प्रयास है।“ पुस्तक में 300 कुंडलियों का अद्भुत संग्रह है। जो  विषय विविधतानुसार सात भागों में विभाजित है। संग्रह अपने शीर्षक से ही संकेत देता है कि इसमें हृदय के विविध भावों, अनुभूतियों और जीवन-सत्य के चित्र प्रस्तुत किए गए हैं। 300 कुंडलियों में जीवन के लगभग प्रत्येक पक्ष पर लिखने का लेखिका ने प्रयास किया है, घर–परिवार में रहकर समय-समय पर आने वाले तीज–त्यौहार, राष्ट्रीय पर्व, जीवन के विभिन्न बहुआयामी संदर्भ और महान व्यक्तित्व आदि सभी पर उन्होंने इस संग्रह में लिखा है, लेखिका ने कुंडलिया जैसे अनुशासित छंद का चयन करके यह सिद्ध किया है कि भाव और शिल्प दोनों का संतुलन ही श्रेष्ठ रचना की पहचान है।

प्राक्कथन में लेखिका बड़े सरल शब्दों में कुंडलिया छंद लेखन के लिए प्रेरक प्रसंगों का वर्णन करती हैं साथ ही इस छंद के प्रति साहित्य में जो अभाव और उदासीनता है उसके भी उदाहरण अपनी छंद यात्रा का वर्णन कर प्रस्तुत करती है कि किस प्रकार छोटे-छोटे कदम आगे बढ़ाते हुए उन्होंने वरिष्ठ साहित्यकार, दोहा शास्त्री, कुंडलिया लिखने में सिद्धहस्त विद्वतजन आदि का मार्गदर्शन प्राप्त किया और इस छंद में पारंगत हुई, उनकी छंद यात्रा निःसंदेह “जहा चाह वहां राह” का सटीक उदहारण प्रस्तुत करती है और इस बात की प्रशंसा करनी चाहिए कि उन्हें भावी पीढ़ी की चिंता भी है कि वह इस छंद को किस प्रकार सीखेंगे इसलिए उन्होंने कुंडलिया छंद कि प्रशासनिकता भी विस्तार से प्राक्क्थन में लिख दी है।

पुस्तक की विषयवस्तु देखे तो प्रथम अध्याय में हमारी भारतीय परम्परा एवं संस्कृति के अनुसार प्रथम पूज्य श्रीगणेश को समर्पित, उसके साथ-साथ ज्ञान की देवी मां सरस्वती, जीवन दाता माता-पिता आदि पूजनीय व्यक्तित्वों को भी समाहित किया गया है। उनकी लेखनी में कृत्रिमता नहीं, बल्कि जीवन-स्पर्श है। एक उदाहरण देखिए –

मंगल करें गणेश जी, शिव गौरी के लाल।
माथे पर चंदक तिलक, कंठ अनूठा माल।।
कंठ अनूठा माल, कष्ट हरने घर आए।
गौरी नंद सुधीर, कृपा कर सुख बरसाए।।
पूजे उर्मि गणेश, करे मानस सम संदल ।
गणपति दे वरदान, सदा हो घर में मंगल।।

“हृदय के बिम्ब” का आशय है मन में उभरते वे चित्र, जो कभी स्मृतियों से, कभी संबंधों से, और कभी जीवन के अनुभवों से बनते हैं। लेखिका इन्हें शब्दों के माध्यम से मूर्त रूप देती हैं। प्रस्तुत रचना में गणपति के मंगलकारी स्वरूप का स्मरण करते हुए उनसे परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की गई है। स्पष्ट है कि रचना केवल शब्दों की अभिव्यक्ति नहीं होती, बल्कि उसके पीछे रचनाकार की संवेदनाएँ, विचार और जीवन के प्रति उसका दृष्टिकोण भी सक्रिय रहता है। 

पुस्तक के द्वितीय अध्याय में लेखिका ने राम जी की के मर्यादित, लोककल्याणकारी और अवतारी स्वरूप को कुंडलिया छंद में अभिव्यक्त किया है। भाषा सरल और भक्तिपरक है तथा कथ्य में धार्मिक आस्था की प्रधानता है। लेखिका ने सीमित शब्दों में राम के अवतार-स्वरूप, अयोध्या की महिमा और रामायण की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा को समेटने का प्रयास किया है। एक उदाहरण देखिए –

नारायण अवतार थे, कौशल्या के राम।
दुष्टों का करने दलन, आय अयोध्या धाम ।।
आय अयोध्या धाम, नदी जहँ सरयू बहती।
होता हरि का गान, मनुज मन शुभदा बसती ।।
उर्मि राम आधार, रची तुलसी रामायण।
हुआ मनुज उद्धार, हृदय बसते नारायण ।।

पुस्तक के तृतीय अध्याय ‘नव शक्तियाँ’ के अंतर्गत लेखिका ने देवी के नौ स्वरूपों के प्रति श्रद्धा, विश्वास और भक्तिभाव को अभिव्यक्ति दी है। एक उदाहरण देखिए –

माता सिद्धिदात्री (नवम देवी रूप)

माता नवमी रूप का, संत करे गुणगान ।
अम्ब सिद्धिदात्री सदा, करती विपद निदान ।।
करती विपद निदान, मात है संकट हारी।
कमलासिन जग मातु, सिंह की करें सवारी ।।
उर्मि कह दिव्य रूप, मात का खुशियाँ लाता।
महिषासुर को मार, कृपा बरसाती माता ।।

इस अध्याय की संवेदना शक्ति-उपासना की भारतीय परंपरा से जुड़ी है। भाषा सरल, सहज और भक्तिपरक है, जिससे देवी-महिमा का भाव सामान्य पाठक तक पहुँचता है। लेखिका ने श्रद्धा के माध्यम से नारी-शक्ति के दिव्य स्वरूप को प्रतिष्ठित करने का प्रयास किया है।

पुस्तक के चतुर्थ अध्याय में पर्वों और ऋतुओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोकजीवन तथा सामूहिक उल्लास को अभिव्यक्ति दी गई है। एक उदाहरण देखिए –

दीवाली पावन पर्व
पावन है त्योहार ये, शरद अमां की रात ।
कार्तिक मास दीप जले, उजियारे की प्रात।।
उजियारे की प्रात, प्रेम से पर्व मनाते ।
लक्ष्मी, रमा गणेश, पूज सब खुशियाँ पाते।।
लौटे उर्मिल राम, आज बरसे सुख सावन।
दीप जले घर द्वार, पर्व दीवाली पावन ।।

इस अध्याय की रचनाएँ वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के आलोक में पर्वों के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्त्व को रेखांकित करती हैं।

पंचम अध्याय विशेष रूप से मां दुर्गा के प्रत्येक रूपों को समर्पित अध्याय जीवन के प्रति सक्रिय और रचनात्मक दृष्टिकोण का प्रतीक है। लेखिका बताती हैं कि जीवन में संघर्ष, बाधाएँ और पीड़ाएँ हों, फिर भी मनुष्य के भीतर उत्साह की लौ जलती रहनी चाहिए।

पुस्तक का छठा अध्याय जन्मदात्री माता को समर्पित है, जबकि सप्तम अध्याय ‘बहुआयामी कुंडलिया’ अपने व्यापक विषय-विस्तार के कारण विशेष महत्त्व रखता है। इसमें पर्यावरण, जीवन के विविध पक्षों, पारिवारिक रिश्तों, भाषा, विद्वत्ता, वचनबद्धता, महत्त्वपूर्ण व्यक्तित्वों और मानवीय भावनाओं को समाहित किया गया है। इस विविधतापूर्ण विषय-योजना से स्पष्ट होता है कि लेखिका ने कुंडलिया छंद को केवल भक्ति अथवा धार्मिक अभिव्यक्ति तक सीमित न रखकर जीवन के विविध अनुभवों से जोड़ने का प्रयास किया है।

इस पुस्तक की एक बड़ी साहित्यिक उपलब्धि इसका कुंडलिया छंद में लिखा जाना है। कुंडलिया छंद में लय, पुनरावृत्ति, अनुशासन और शब्द-संतुलन की विशेष आवश्यकता होती है। लेखिका ने इस छंद का प्रयोग करके अपनी काव्य-कौशल और छंद-निपुणता का परिचय दिया है।

विशाल शब्द भंडार, प्रभावी शैली ,सहज भाषा,  और सभी कुंडलियों में हितकर संदेश इस संग्रह की विशेषता है इसलिए यह अपने आप में अद्वितीय संग्रह है। कहा जा सकता है कि “हृदय के बिम्ब” केवल भावनाओं का वर्णन नहीं, बल्कि मन की सूक्ष्म तरंगों का साहित्यिक रूपांतरण है। यह एक ऐसा काव्य-संग्रह है जो मन, संवेदना, सौंदर्य और जीवन-दृष्टि का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करता है। यह पुस्तक हिंदी कविता और छंद-साहित्य के पाठकों के लिए निश्चित ही पठनीय और संग्रहणीय है।

  • डॉ.उर्मिला पोरवाल, बैंगलोर
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest