Saturday, July 27, 2024
होमअपनी बातसंपादकीय : बहू ने ब्रिटिश राजघराने पर कई आरोप लगाये

संपादकीय : बहू ने ब्रिटिश राजघराने पर कई आरोप लगाये

प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल

यह संपादकीय लिखे जाने तक महारानी और प्रिंस चार्ल्स ने इस इंटरव्यू पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। तकलीफ़देह बात यह है कि ब्रिटेन के शाही परिवार का आपसी झगड़ा सरे बाज़ार दुनिया के सामने आ गया है। लोग रस ले लेकर इस विषय पर अपनी राय ज़ाहिर कर रहे हैं। सच्चाई केवल और केवल प्रिंस हैरी, मेगन मर्कल, प्रिंस चार्ल्स, प्रिंस विलियम और केट को मालूम है। इन में से हर एक का अपना अपना एक सच है और एक है सचमुच का सच। बड़े बुज़ुर्ग कहते आए हैं कि घर का मामला घर में ही सुलझाया जाए। घर की इज्ज़त सरे बाज़ार नीलाम न की जाए। मगर लगता है कि इस मामले में प्रिंस हैरी और मेगन मर्कल की सोच अलग है।

ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ के पोते और प्रिंस चार्ल्स के छोटे पुत्र प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने जानी-मानी अमेरिकी टीवी होस्ट ओप्रा विनफ्री को दिए गये इंटरव्यू में अपनी बातें कहने में कोई झिझक नहीं बरती और खुल कर राजघराने के बखिये उधेड़े। मेगन ने ब्रिटिश राजघराने पर रेसिज़्म तक का आरोप लगा डाला। याद रहे कि ब्रिटेन में नस्ल या रंगभेद एक गंभीर अपराध माना जाता है। 
इस इंटरव्यू की ख़ासियत यह रही कि इसके अधिकांश हिस्से में मेगन मार्केल अकेली ही ओप्रा विनफ़्री के साथ सवाल जवाब करती रही। प्रिंस हैरी काफ़ी देर बाद इंटरव्यू से जुड़े। इस इंटरव्यू को लेकर बहुत दिनों से माहौल में तनाव सा चल रहा था। इस दौरान उन्होंने इस बात का भी रहस्योद्घान किया कि अपने सार्वजनिक विवाह से तीन दिन पहले ही उन्होंने और प्रिंस हैरी ने आपस में विवाह कर लिया था। इस पर प्रिंस हैरी ने कुछ पंक्तियां गुनगुनाईं भी – जस्ट दि थ्री ऑफ़ अस – धुन बिल विदर्स के गीत जस्ट दि टू ऑफ़ अस इस्तेमाल की गयी। 
दो घन्टे चले इस साक्षात्कार में मेगन ने ओप्रा को बताया कि शाही परिवार के तनावों से वह इतनी दबाव में आ गयी थी कि वह आत्महत्या करने की सोचने लगी थी। उसने अपने पुत्र के जन्म के समय परिवार में चल रही सोच को पूरी तरह से रेसिस्ट करार दिया। याद रहे कि मेगन एक अमरीकी श्वेत पिता और ब्लैक महिला की पुत्री है। पहली बार किसी मिक्स्ड रेस की लड़की राजघराने की बहु बनी है। मेगन का आरोप है कि परिवार में ऐसी बातें होने लगी थीं कि उसके होने वाले बच्चे का रंग कितना काला होगा। उसने परिवार के किसी भी सदस्य का नाम लिये बिना यह आरोप लगाया।  
इंटरव्यू के दौरान कई बार मेगन की आँखें सजल हो आईं। वह बार बार इमोशनल हो रही थी।  मेगन का कहना था कि जब वह अतिरिक्त दबाव में आ जाती थी तो हैरी उसका मूड बदलने के लिये दिल बहलाने का प्रयास करता था। 
प्रिंस हैरी ने अपने पिता प्रिंस चार्ल्स पर आरोप लगाया कि प्रिंस चार्ल्स ने हैरी के फ़ोन उठाने बन्द कर दिये थे। उसे लगता है कि उसके पिता ने उसे बहुत से ज़ख़्म दिये हैं। उसे लगता है कि प्रिंस चार्ल्स ने उसके साथ न्याय नहीं किया। हैरी ने यह भी कहा कि उसके पिता ने शायद इसलिये फ़ोन पर बात करना बन्द कर दिया था क्योंकि मैंने अपने सभी मुद्दे अब अपने हाथ में ले लिये थे और हम दोनों कनाडा में जा कर रहने लगे थे। 
हैरी ने माना कि उसके और भाई  प्रिंस विलियम के रिश्तों में दरार आ चुकी है। दोनों भाइयों में इस समय बातचीत नहीं होती है। फिर भी उसका मानना है कि वक़्त सभी घाव भर देता है। शायद इस मामले में भी समय ही इन दरारों को भरने का काम करेगा। 
मेगन ने प्रिंस विलियम की पत्नी केट पर भी इल्ज़ाम लगाये कि उसने मेगन के साथ ऐसा व्यवहार किया कि मेगन को रोना पड़ जाता था। मेगन अपने पति प्रिंस हैरी से तीन साल बड़ी है। इस समय हैरी की उम्र 36 वर्ष की है तो मेगन 39 वर्ष की है।
आरोप तो यह भी लगाया गया कि राज परिवार ने कहा है कि मेगन के लिये परिवार में कोई अतिरिक्त पैसे नहीं हैं, इसलिये उसे अपना एक्टिंग कैरियर चलाए रखना चाहिये। मेगन को लगता है कि उसे भी लेडी डायना की तरह मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।
इस बहुचर्चित इंटरव्यू में ओप्रा विनफ्री से मेगन ने कहा, ”मुझे शाही परिवार के बारे में उतना ही पता था जितना मेरे पति हैरी ने मुझे बताया था। लोगों की धारणा में ये एक परियों की दुनिया है लेकिन सच्चाई इससे काफ़ी अलग है।”
जब मैं महारानी से मिलने पहली बार जा रही थी तो वे विंडसर कैसल में थीं। मुझसे हैरी ने पूछा कि क्या मुझे महारानी से मिलने पर की जाने वाली औपचारिकताओं की जानकारी है? मेरे लिए ये हैरान करने वाली बात थी क्योंकि मुझे बिल्कुल मालूम नहीं था कि किसी प्राइवेट मुलाक़ात में भी ये औपचाकरिकताएं पूरी की जाती हैं। मैंने पूरी औपचारिकताएं सीखीं और महारानी से मिली।”
सोशल मीडिया में इस इंटरव्यू और हैरी व मेगन के रवैये को लेकर बहुत तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ युवा मेगन और हैरी के साथ हैं तो कुछ और लोग इस इंटरव्यू को लेकर मेगन की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। वह्ट्सएप पर महारानी और मेगन के पंजाबी में मीम भी साझे किये जा रहे हैं। 
आई. टी. वी. के ब्रेकफ़ास्ट शो के प्रेज़ेन्टर पीयर्स मॉर्गन ने मेगन के मामले को लेकर बीच शो के ही शो छोड़ने का ऐलान कर दिया। पीयर्स मॉर्गन ने मेगन मर्कल की दिमाग़ी हालत पर टिप्पणी की थी। मॉर्गन का कहना था कि उन्हें मेगन के एक वाक्य पर भी भरोसा नहीं है। यदि वह मौसम की रिपोर्ट भी पढ़ कर सुनाए तो मैं उसका भी भरोसा नहीं करूंगा। चैनल ने पीयर्स मॉर्गन के इस्तीफ़े को कुबूल कर लिया।
भारत में फ़िल्म कलाकार सिमी ग्रेवाल ने ट्वीट करते हुए मेगन की करारी आलोचना की। सिमी गरेवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए कहा है कि मेगन मर्केल झूठ बोल रही हैं और खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रही हैं। मैं ऐसी औरतों को सम्मान नहीं देना चाहती जो घर में जाते ही घरों को तोड़ दिया करती हैं। अब सिमी ग्रेवाल का यह ट्वीट वायरल हो चुका है। 
यह संपादकीय लिखे जाने तक महारानी और प्रिंस चार्ल्स ने इस इंटरव्यू पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। तकलीफ़देह बात यह है कि ब्रिटेन के शाही परिवार का आपसी झगड़ा सरे बाज़ार दुनिया के सामने आ गया है। लोग रस ले लेकर इस विषय पर अपनी राय ज़ाहिर कर रहे हैं। सच्चाई केवल और केवल प्रिंस हैरी, मेगन मर्कल, प्रिंस चार्ल्स, प्रिंस विलियम और केट को मालूम है। इन में से हर एक का अपना अपना एक सच है और एक है सचमुच का सच। बड़े बुज़ुर्ग कहते आए हैं कि घर का मामला घर में ही सुलझाया जाए। घर की इज्ज़त सरे बाज़ार नीलाम न की जाए। मगर लगता है कि इस मामले में प्रिंस हैरी और मेगन मर्कल की सोच अलग है।
तेजेन्द्र शर्मा
तेजेन्द्र शर्मा
लेखक वरिष्ठ साहित्यकार, कथा यूके के महासचिव और पुरवाई के संपादक हैं. लंदन में रहते हैं.
RELATED ARTICLES

3 टिप्पणी

  1. प्रभावशाली लेखन।
    एक संपादकीय में सहजता ,स्पष्टता तथा बोधगम्यता का वास।बधाई हो मान्यवर।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest