- ओड़िया से हिंदी रूपांतर – शंकर लाल पुरोहित
कटक जिले में हरिपुर परगने का देहात। गाँव का नाम पाटपुर। गांव के छोर पर एक घर। आगे पीछे चार कमरे। घर की दीवाने के पास छान की बनी ढेंकी शाल। आँगन में कुँआ, सामने आँगन का दरवाजा, पीछे बाड़ी और पिछवाड़े का दरवाजा। बाहरी दरवाजे के खुले घर में बाहर के लोगों की बैठक। प्रजा यहीं पर आकर लगान वगैरा जमा कराने आया करता है। यहीं बैठती है। शाम बन्धु महान्ति जमींदार की तरफ से गुमास्ते हैं। महीने का वेतन दो रुपया। इसके अलावा भी पावती विशोधनी, बहाल करना आदि से दो पैसे मिल जाते हैं। सब मिलकर महीने में चार रुपये से कम नहीं होते। एक तरफ से गुजर हो जाता है। गुजर क्यों मजे से दुनिया चलाती है। यह नहीं है, वह कम है– ऐसी बातें किसी के मुँह से नहीं निकलती। बाड़ी में सागपात की क्यारियों के अलावा भी दो सहजन के पेड़ हैं। घर पर दो गाय बँधी हैं, दूध थोड़ा बहुत, छाछ वगैरह की भी कमी नहीं रहती। बुढ़िया तुष मिलाकर कंडे थाप देती है। लकड़ी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती। जमींदार ने साढ़े तीन बीघा पक्की जमीन दी है खेती के लिए। घर में धान बचता नहीं कि कभी कमी नहीं होती।
श्याम बन्धु सीधा सादा आदमी ठहरा। प्रजा आदर करती, सुखी होती। बेटा-भैया कह घर घर जाकर लगान वसूलता। अन्याय का पैसा एक छूता नहीं किसी से। प्रजा भी लगान देकर पावती नहीं माँगती उससे। चार अंगुल के ताड़ पत्र पर पावती लिख खुद ही छान में खोंस जाता। श्याम बन्धु के घर पर कुटुंब में चार जन हैं। खुद दो प्राणी, माँ बूढ़ी और दस बरस की बिटिया। बेटी का नाम रेवती। शाम के समय श्याम बन्धु बरामदे में बैठे कृपासिंधुवादन (प्रसिद्ध उड़िया भजन) गाता। अन्य भजन गाता। कभी काठ की बैठकी पर रख जबानी भागवत बाँचता। रेवती पास बैठ सुनाती। वह जबानी ही कई भजन सीख गयी। उसके बाल मुँह पर भजन खूब फबते। शाम को बापू के पास बैठ जब भजन गाती, गाँव वाले भी कुछ लोग सुनने आ जाते। वह गाती तो श्याम बन्धु बहुत खुश होते। प्रतिदिन रेवती को गाने को कहते। वह गाने लगती।
दो बरस पहले। डिप्टी कलेक्टर देहातों के दौरे पर आये। एक रात पाटपुर रहकर गए। गाँव के खास-खास लोगों ने कुछ कहा, समझाया, डिप्टी बाबू ने ओडिशा विभाग के इंस्पेक्टर से रिपोर्ट बनवाई। एक अपर प्राइमरी स्कूल वहाँ खोल दी। शिक्षक कटक नार्मल स्कूल के पंडित विभाग से उत्तीर्ण छात्र थे। नाम था वासुदेव। नाम जैसा वासुदेव, आदमी भी वैसे ही वासुदेव। लड़के का बाहर-भीतर सब सुंदर। गाँव के बीच रास्ते से जाते समय सिर उठाकर किसी की ओर देखता नहीं। उम्र कोई बीस के आसपास। सुंदर रूप। एकदम नपी तुली देह। बचपन से बाल रोग हुआ था। माँ ने सर पर बोतल से दाग किया था। वह चिन्ह आज भी है। बचपन में ही अनाथ हो गया।
ननिहाल में रहकर पढ़ाई लिखाई की है। वह जात में करण (कायस्थ) है। श्याम बन्धु भी कायस्थ। कभी पूनम या लक्ष्मीवार (गुरुवार) पर घर में पीठा-मिठाई बने तो श्याम बन्धु पाठशाला जाकर कहते हैं– ‘बेटे बासु! शाम को घर की तरफ आना। तुम्हारी मौसी ने याद किया है।’ यों आने-जाने में उनके बीच एक ममता पनप उठी। रेवती की माँ बासु को देख कहती– ‘अरे बिन माँ का क्या खाता होगा? कौन उसका ध्यान रखता है?’ बासु प्रतिदिन साँझ ढले श्याम बन्धु के पास घड़ी-आध घड़ी बैठ आता। बासु को दूर से देख ‘बासु भैया…बासुभैया…’ चिल्ला उठती रेवती। रेवती शाम को पढ़ा हुआ पुराना भजन बासु को सुनाती। उसे वह गीत नया-नया लगता। बातों ही बातों में एक दिन श्याम बन्धु के कानों में यह बात पड़ी। ‘कटक में बालिका स्कूल है! वहाँ लड़कियाँ पढ़ती हैं, सिलाई-कढ़ाई सीखती हैं।’ उसी दिन से श्याम बन्धु के मन में बेटी को पढ़ाई की बात जम गयी। फिर मन की बात बासु को कह दी। बासु तो श्याम बन्धु को पिता समान मानता था। कहा ‘मैं भी यही कहने की सोच रहा था’। दोनों ने सलाह कर रेवती को पढ़ाने का तय कर लिया। पास बैठी रेवती सुन रही थी। दो ही डग में अंदर छूटी। माँ और दादी को कह सुनाया– ‘मैं पढ़ाई करूंगी। मैं पढ़ाई करूंगी।’ माँ ने कहा– ठीक है! पढ़ेगी! दादी ने कहा–‘कैसी पढ़ाई। औरत जात की पढ़ाई? चूल्हा चाकी सीख। खाना बनाना सीख मांडना सीख। दही बिलोना सीख। इसके अलावा कैसी पढ़ाई।’
रात में श्याम बन्धु बरामदे में आम की लकड़ी के पाटे पर बैठे खाना खा रहे थे। पास में रेवती भी खा रही। बातों ही बातों में बूढ़ी कहने लगी–‘अय श्याम! रेवती पढ़ाई करेगी? कैसी पढ़ाई? छोरी की जात! कैसी पढ़ाई?’ श्याम बन्धु ने कहा–‘ठीक है! कहती है, पढ़ ले।’ रेवती एकदम गुस्से में भर दादी से कहने लगी–‘उफ! बूढ़ी डोकरी!’ इसके अलावा जिदकर बापू से कहने लगी–‘ना-ना …बापू …मैं पढ़ाई करूँगी।’ श्याम बंधु ने कहा–‘हाँ-हाँ, पढ़ेगी-पढ़ेगी!’
उस दिन बात इतने में खत्म हुई।
अगले दिन। दोपहर ढले बासुदेव ने लाकर पहली किताब रेवती के हाथ में रख दी। वह खुशी से उछल कर बापू के पास बैठ पहले पन्ने से आखिरी पन्ने तक उलट गयी। उसमें हाथी, घोड़े, गाय वगैरह के चित्र देख खुश। राजगण घोड़े बाँध खुश होते। कोई घोड़ा चढ़ खुश होता। हमारी रेवती चित्र देख खुश! रेवती ने भागकर माँ को किताब के चित्र दिखाए। फिर दादी को दिखाया। दादी ने खीझकर कहा–‘हाँ…हाँ…जा…’ रेवती ने हट-हट कहा और चली आयी।
आज का दिन अच्छा है। श्री पंचमी! रेवती ने भोर ही नहाकर नए कपड़े पहने। अंदर बाहर फिरने लगी। बासु भाई आकर पढ़ा देंगे। बूढ़ी के डर से विद्यारंभ का कोई आयोजन नहीं हुआ। छः घड़ी जब बीत गयी, बासु जाकर पढ़ा आया। ‘अ…आ…ह्रस्वइ… दीर्घई… ह्रस्वउ…दीर्घ’ आदि। प्रतिदिन पढ़ाई चलने लगी। जाकर हर शाम बासु पढ़ा आता।
देखते-देखते पंचमी को दो साल हो गए। विधाता का विधान। किसी के दिन समान नहीं जाते। फागुनी दिन, कहीं कुछ ना था, विधान, अचानक हैजा फैल गया। गाँव में खबर फैल गयी कि गुमास्ता श्याम बन्धु को हैजा हुआ है। देहात में हैजा फैलने पर घर-बार बंद हो जाते हैं। हैजे की देवी सचमुच जैसे रास्ते पर टोकरी लिए मनुष्य चुग रही है! सबमें अफवाह फैल गयी। दरवाजे पर कोई आने वाला नहीं। अब दोनों औरतें क्या करें? बच्ची अंदर-बाहर-आ जा रही।
बासु सुनकर स्कूल छोड़ भागा। डर-भय नहीं, अपने शरीर की परवाह नहीं। श्याम बन्धु के पास बैठ हाथ-पाँव सहला रहा। दो-दो बूँद पानी बीच-बीच में दे देता। तीन पहर हुए होंगे, श्याम बन्धु ने बासु की ओर लड़खड़ाते स्वर में कहा– बा… सु… आँ… बं… आँ….गँ….ला।’ बासु ने चीख कर दहाड़ मारी, घर में हाहाकार। रेवती जमीन में लोट रही।
पूरे गांव में एक ही कायस्थ घर। सास, बहू, बासुदेव ने मिलकर अंतिम कर्म किये। मशान से लौटे तो भोर का तारा उग चुका था। घर में आते ही रेवती की माँ की हाजत हो गयी। देखते-देखते दोपहर तक गाँव में सन्नाटा छा गया– रेवती की माँ नहीं।
दिन किसी के लिए नहीं बैठे रहते। किसी की पालकी पर रेशमी छाता, किसी के पाँव में बेड़ी कोड़ा। सबका समय बीत जाता। बीतेगा भी। देखते देखते तीन महीने बीत गए। श्याम बन्धु के घर पर दो गाय थीं। तहबील के रुपयों की बाबत जमींदार के कारिंदे गाय को बाँध ले गए। हमें पता है जमींदार का एक रुपया भी शिव निर्माल्य मानते थे। जमींदार की कचहरी में पैठ न होने तक उन्हें नींद नहीं होती। उस पर रुपये हों या न हो, गाय ठहरी दुधारू। यह बात जमींदार पहले से जानता था। फिर तीन बीघा खेती के लिए जमीन दी थी, छुड़वाली। हलवाहा घर पर क्यों रहेगा? दोल पूर्णिमा वाले दिन छोड़ गया। दोनों बैल साढ़े सत्रह में बिके। दोनों के क्रिया कर्म में खर्च हुआ। बचा उससे इधर-उधर महीना चल गया। आज कलशा, कल पीतल का गरा बिक गया। उधार-पुधार कर महीना भर चल गया। बासु दोनों वक्त दरवाजे पर आता। रात घड़ी भर तक रहता। दादी-पोती सोने जाती तो लौटता। बासु रुपया-धेला देता तो भी दादी-पोती कुछ नहीं लेती। जिद कर दे भी देता तो वहीं आले में पड़ा रहता। बासु जान गया। अतः अब और कुछ नहीं देता। बूढ़ी से पैसा-दो पैसा लेकर सामान खरीद लाता। उससे आठ-दस दिन काम चल जाता। घर की छान उड़ गयी। छान डालना जरूरी हो गया। दो रुपया के पुवाल खरीद बासु ने ढेर लगा दिया। कुछ दिक्कत आ गयी, अतः बंधाई नहीं हो पायी। अब बूढ़ी रात-दिन बैठ बिसूरती नहीं। बस साँझ के समय कुछ रोती। रोते-रोते गिर पड़ती। बूढ़ी आँखों को अब ठीक से दिखाई नहीं देता। पगली-सी हो गयी। रोना कम हो गया। रेवती को गाली देना बढ़ गया। इतना दुःख, दुर्दशा सबका मूल कारण रेवती है। यह बात मन में स्थिर कर चुकी है। रेवती पढ़ाई करने लगी तो बेटा मरा, बहू मरी, हलवाहा गया, बैल बिके, जमींदार गाय खोल ले गया। रेवती कुलछनी है, कुढंगी है, लक्ष्मी हीन है। बूढ़ी की आँखों से दिखाई नहीं देता, इसका कारण भी रेवती है। बूढ़ी के गालियां देते समय रेवती की आँखें बहने लगती। वह डर कर बूढ़ी के पास खड़ी नहीं रहती। पिछवाड़े बाड़ी के द्वार पर या फिर घर के कोने में मुँह ढांप पथरायी पड़ी रहती। बासु भी दोषी है, क्योंकि रेवती ने इतने दिन पढ़ाई नहीं की थी। बासु न हो तो घर घड़ी भर में अचल हो जाए। इसके अलावा जमींदार का झंझट भी मिटा नहीं है। रेवती अब और लीलामयी प्रतिमा नहीं रह गयी। उसकी बोली किसी ने नहीं सुनी। माँ-बापू गए उस दिन से उसे बाहर किसी ने नहीं देखा। कुछ दिन तक तो भो-भो कर रोती-चीखती रही। अब वह चिल्ला कर नहीं रोती। मगर रात-दिन बड़ी- बड़ी आँखें छोटी-छोटी कुईं की तरह पानी में ढलमल लगती। नन्हे प्राण- उनमें जरा-सा मन, एकदम टूट गया। अब रात दिन उसके समान हो गए। मा-बाप मर चुके। वे लौटने वाले नहीं, इस बात पर विश्वास नहीं कर पाती। पेट में भूख नहीं। आँख में नींद नहीं। रात दिन सदा बापू और माँ का ध्यान। दादी के डर से खाने बैठती। जमीन से उठती नहीं। देह में हाड़-चर्म थरथर काँपे। केवल बासुदेव घर आने पर उठकर बैठती, बड़ी-बड़ी आँखें झूम करती देखती। बासु देखता तो गहरी सांस लेकर सर नीचा कर लेती।
श्याम बन्धु को गुज़रे कुल पांच महीने हुए हैं। जेठ महीने के दिन। दोपहर दो बजे बासु ने दरवाजे पर आवाज दी। इस घड़ी वह कभी आता नहीं। बूढ़ी ने हांफ-हांफकर द्वार खोले। बासु ने कहा– ‘दादी, डिप्टी साहब हरिपुर थाने में बैठकर पाठशाला के बच्चों से पढ़ाई पर पूछेंगे। स्कूल के सारे बच्चे जाएंगे। मेरे पास चिट्ठी आयी है, बच्चों को लेकर कल सुबह जाना है। पांच दिन लगेंगे।’ रेवती किवाड़ की ओट में सुन रही थी। धम से बैठ गयी। भाग्य से किवाड़ पकड़े थी। वरना गिर पड़ती। बासु पांच दिन के लिए चावल, नमक, तेल, बैगन आदि खरीद आँगन में रख बूढ़ी के चरणस्पर्श कर शनिवार साँझ को निकल गया। बूढ़ी ने कहा–‘बेटे, धूप में मत फिरना। शरीर का पूरा ध्यान रखना। समय से खाना खाना।’ कहकर दम लिया। बासु चला गया। घर के बाहर-अंदर अन्धेरा भर गया। रेवती जैसे देख रही थी, वैसे देखते रही। बूढ़ी ने आवाज दी, होश आया। अंदर-बाहर चारों ओर अन्धेरा।
रेवती बैठे दिन गिन रही। माँ-बापू के मरने के बाद बाहरी दरवाजा देखा तक नहीं था। आज सुबह बाहरी दरवाजे पर दो बार हो आयी। समय कोई छह घड़ी। हरिपुर से बच्चे लौट आये हैं। लोग कह रहे हैं– ‘लौटते समय पंडतजी को दस्त हुआ। गोपालपुर वाले बरगद के पास। चार बार दस्त लगे। आधी रात होते न होते चल बसे। गांव वाले ओह … हाय… कर रहे थे। बेटे, बहू, माँ, औरतें सब फफक उठे। किसी ने कहा–आह! कैसा रूप! किसी ने कहा– धीरज की मूरत। किसी ने कहा– बाहर रास्ते पर चलते कोई कुछ भी न कहे।’
रेवती ने सुना। रो-रोकर बूढ़ी का गला रूंध गया। आगे रो न सकी। आखिर कह दिया–‘अरे, बेटे! विदेश आकर अपनी बुद्धि से जान गँवा बैठा।’ मतलब था कि दुर्बुद्धि कर बैठा, रेवती को पढ़ाकर जान गँवा दी। वरना कभी नहीं मरता। सुना तब से घर में जाकर पड़ी है, कोई शोर या शब्द नहीं। वह दिन गया, दूसरा दिन भी बीत गया। बूढ़ी रेवती को पास न देख चिल्ला उठी। ‘रे रेवी! रे रेवी! अरे आग लगी! रे मुंहजली!’
बूढ़ी बौरा गयी है! रोना-धोना नहीं। केवल रेवती को गुस्से में गालियाँ। पड़ोसी, रास्ते पर जाते लोग जब चाहें तभी सुनते–‘रेवी! रेरेवती! रे आग जली! रे मुँहजली!’ बूढ़ी को दिखाई नहीं देता, केवल टटोल-टटोलकर पाया। आवाज दी। उत्तर न पाकर शरीर पर हाथ फिरा कर देखा–तेज बुखार है। देह जल रही है। होश नहीं। क्या करूँ, किसे आवाज दूँ? कुछ तय नहीं कर पायी तो गुस्से में भर कहा– ‘जैसी करनी, वैसी भरनी’। तूने पढ़ाई की, बुखार हो गया। अब मैं क्या करूँ।
रेवती एकदम धरती हो गयी। आँख ही नहीं खोलती। आवाज दो तो कोई उत्तर नहीं। ऊँ-चूँ तक नहीं करती। आज हफ्ता भर हो गया। रेवती ने दो-चार बार आवाज दी। सुनकर बूढ़ी पास गयी। देह पर हाथ फिराकर देखा। हाथ-पाँव ठंडे। बोलने पर हाँ-हूँ करती। टिमटिमा आँखों से देख रही। कुछ नहीं पूछती तो भी कितनी बातें कही जा रही। बूढ़ी सुनकर खूब खुश। देह में ताप नहीं। बोलती देह में ताप नहीं। बोलती नहीं थी, अब मुँह खुल रहा है। देखती ना थी, आँखें खोली हैं। पानी भी मांग लिया। हफ्ते भर से जीभ पर पानी की बूँद तक नहीं पड़ी। चार पथ्य पेट में पड़े तो बच्ची उठकर खड़ी हो जायेगी।
‘तू लेटी रह। मैं कुछ पथ्य बना लाती हूँ।’ कहकर बूढ़ी बाहर आ गयी। पथ्य क्या बनाये? घर में टोकनी, बर्तन आदि जो बचा था– सब ढूंढा। दो मुट्ठी चावल नहीं। लंबी साँस लेकर दो घड़ी बैठी रही। कांसा-पीतल कुछ नहीं। हाथ में एक फूटा लोटा पड़ा। लेकर हरि साहू की दुकान की ओर चली।
बूढ़ी के हाथ में लोटा देख हरि साहू अर्थ समझ गया। बूढ़ी ने अभिप्राय बताया। हरि साहू ने लोटा हाथ में लेकर चारों ओर घुमा कर निरखा–‘ना, ना, मेरे पास चावल नहीं है। फिर यह फूटा लोटा! इस पर तुझे कौन चावल देगा?’
चावल नहीं है– सुनकर बूढ़ी के सर पर वज्रपात हो गया। क्या करूँ? बच्ची ज्वर से उठी है, उसके मुँह में क्या दूँ? घड़ी भर बैठ गयी। साँझ ढलने आयी। हरि की ओर दो बार देखा। ‘चलूँ, देखूँ बेटी क्या करती है, देखूँ।’ लोटा लेकर खड़ी हुई। हरि साहू ने कहा–‘दे, दे– लोटा दे! देखें घर में क्या है?’
हरि ने लोटा लेकर फिर परखा। चारमाण (लगभग चार सेर) चावल, आधा माण जाई, थोड़ा नमक दे दिया। बूढ़ी चार छह जगह बैठती-बैठती घर पहुँची। रेवती को आवाज दी। उसका विश्वास था, रेवती ठीक हो गयी। पानी निकाल दे तो भात बना देगी। रेवती से कोई उत्तर न मिला। वह झुककर उधर गयी। जाकर आवाज दी– ‘रे रेवती, मुँहजली… आगजली।’ मगर कोई उत्तर नहीं मिला।
इधर रेवती का सन्निपात रोग क्रमशः बढ़ रहा था– खूब यंत्रणा, देह क्रमशः ठंडी पड़ रही। जीभ सूख गयी। प्यास खूब ज्यादा। ठंडी जगह जाने की इच्छा। घिसट-घिसट कर बाहर आयी। चैन नहीं लगा। बाड़ी के द्वार पर जाकर बरामदे में बैठ गयी। दिन शेष होने जा रहा। हवा काफी बाहर ही। समूची बाड़ी पर नजर डाली। बापू ने पिछले साल केला लगाया था। कल्ले फूट रहे हैं। दो बरस पहले माँ ने अमरूद की पौध लगाई थी। तब रेवती ने दौड़ कुएँ से पानी निकाल लोटा भर सींचा था। वह पेड़ कितना बड़ा होने आया! फूल उसमें आये। वह पेड़ देख माँ याद आ गयी।
साँझ ढल चुकी। पेड़ों की जड़ और डालों से अन्धेरा निकल समूची बाड़ी में भर गया। सामने कुछ नहीं दिखता। आकाश की ओर नजर की। पहली पहर का तारा धक-धक करता, किरणें निकल रही। एक लय में रेवती उस तारे को देख रही है। आँखों पर पलक नहीं पड़ रही। तारे का आकार क्रमशः बढ़ रहा है। चक्र-सा आकार हो गया। और बढ़ रहा, आलोक भी बढ़ रहा। आहा! कैसी मूर्ति है तारे के बीच? माँ! दो किरणों के हाथ बढ़ा दिए। वे किरणें आकर दोनों चक्षु स्पर्श कर हृदय में प्रवेश कर गयी। उस अन्धकार में कोई शब्द नहीं। केवल साँसों का आना-जाना। वह शब्द क्रमशः प्रबल हो रहा। खूब लंबी साँस, अंत में माँ– माँ… दो बार अस्पष्ट स्वर सुनाई दिया। बारी निस्तब्ध, नीरव।
इधर बूढ़ी घिसट-घिसट कर रेवती जहां सोयी थी, वहाँ तक पहुँची। देखा कोई नहीं। सारे घर में, बाहर आँगन, ढेंकी के पास, कहीं नहीं दिखी। लगा बुखार ठीक हो गया। बाड़ी में फिर रही है। उसने आवाज दी–‘रे रेवी, रे मुँहजली… रे आगजली!’ बरामदा धरती से दो हाथ ऊँचा। हाथ भर चौड़ा। ‘मुई! तू, यहाँ बैठी है?’ देह पर हाथ फिराया बूढ़ी चौंक उठी। दुबारा सिर से पैर तक गौर कर हाथ फिराया। नाक पर हाथ रखा और जोर की आवाज दी।
तभी धड़ाम से नीचे गिर पड़ी।
श्याम बन्धु वंश का कोई आदमी फिर उनके घर नहीं दिखाई दिया। पड़ोसियों ने रात एक पहर हुई तब अंतिम बार सुना था। ‘रे रेवती… ! रे रेवी ! रे मुँह जली..! रे आग जली!’

हिंदी रूपांतर – शंकर लाल पुरोहित
मो. 9437635198 ईमेल : [email protected]
