Wednesday, April 8, 2026
होमग़ज़ल एवं गीतडॉ. विनोद प्रकाश गुप्ता की ग़ज़लें

डॉ. विनोद प्रकाश गुप्ता की ग़ज़लें

ग़ज़ल 1
2122-2122-2122-212
मैं किसी के ख़्वाब के साये में हूँ महका हुआ ,
नाम अख़बारों में पढ़ कर बल्लियों उछला हुआ ।
आज उसने ‘इश्क़’ कह, फिर रख दिया है फ़ोन को ,
है ‘शकुन’ , ये दिल मेरा ‘दुष्यंत’-सा पगला हुआ ।
क्या कहें? ‘ज्वालामुखी ही आग अपनी पी गए?’
एक भी शोला कहीं दिखता नहीं दहका हुआ।
फिर अचानक बढ़ रहा है मंदिर और मस्जिद का शोर ,
फिर भड़क उट्ठे न आख़िर द्वंद्व यह सुलगा हुआ।
अब अवार्डों की फुहारें इस क़दर हैं बढ़ रही ,
हर ‘अदीब’ इस रेस में है दिख रहा दौड़ा हुआ ।
जब भी चाहा, छू लिया करते थे हम जिस चाँद को ,
“प्लूटो” जैसा दिख रहा है दूर वो चमका हुआ।
जब ‘शलभ’ जलता नहीं हैं शम्अ के अभिसार में ,
शम्अ ने भी अब तो अपना रूप है बदला हुआ ।
ग़ज़ल 2
नल में पानी है नदारद औ’ कुँएँ सूखे हुए
2122-2122-2122-212-
नल में पानी है नदारद औ’ कुँएँ सूखे हुए ,
गाँवों के मंजर पुराने हैं सभी उजड़े हुए ।
छोड़ कर जाएँ कहाँ अपनी धरा, अपना गगन ,
एक मुट्ठी दाम में सब स्वप्न हैं बिखरे हुए ।
सब उगाह लेते हैं अपनी मेहनतों के मोल तो ,
पर हमारी माँगों पर ख़ामोश ‘सब’ सोये हुए ।
गाँव की “छल्ली” बिकेगी जा के अमरीका में अब ,
धन्ने-सेठों के दिखे गोदाम फिर भरते हुए।
अपनी “रमिया” को घुमा कर लाऊँगा ‘पेरिस’ मियाँ ,
हो न जाये बूढ़ी वो बस चाँद को तकते हुए ।
अब मशालों के जलाने से बनेगा कुछ नहीं ,
अब नये ‘ज़ारों’ को देखें सूलियाँ चढ़ते हुए ।
प्यास यह तेरी ‘शलभ’ पल में धुआँ हो जायेगी ,
शम्अ जब आग़ोश में लेगी तुझे जलते हुए ।
ग़ज़ल 3
1222-1222-1222-1222
सताती है बहुत लड़की मुझे दो चोटियों वाली ,
सितारे जिसके आँचल में ज़बाँ है मोतियों वाली ।
ग़ज़ब ढाता है वो उसका चमन में सैर को आना ,
कुलाँचे भर गजाला सी ठसक से तितलियों वाली ।
वो बिफरी बाघनी-सी बन के जब हुंकार भरती है ,
दहल जाती हैं सारी बिल्डिंगें वो गुम्बदों वाली ।
गुलाबों में गुलाबों-सी शराबों में शराबों-सी ,
थिरकती उसके यौवन से डगर पगडण्डियों वाली ।
अजब-सी ख्वाहिशें रखती है ला मेरी हथेली पर ,
वो जादू की छड़ी मेरी ग़ज़ब फ़रमाइशों वाली ।
इशारों ही इशारों में हज़ारों तंज कसती है ,
लगामें कस के रखती है मेरी वो बंदिशों वाली ।
मेरे काशाने में उसका ख़लल बढ़ता ही जाता है ,
मेरे सर चढ़ के बोले है वो लड़की हुज्जतों वाली ।
वो जोबन से दहकती है वो अंगारे सी जलती है ,
गरजती है , कड़कती है किरण वो बिजलियों वाली ।
‘शलभ’ की करवटों में , ख़ल्वतों में और ख़्वाबों में ,
बसी है रूह में लड़की अभी दो चोटियों वाली ।

 


डॉ. विनोद प्रकाश गुप्ता
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest