छब्बीस साल का अमन मीर हमेशा दूसरे लड़कों से अलग दिखाई देता था।
बचपन से क्रिकेट का दीवाना था, पर एक अजीब आदत थी। कभी किसी के सामने कपड़े नहीं बदलता था। ग्राउंड का लॉकर रूम हो, चाहे स्कूल का बाथरूम – वह कोने में चला जाता, दूसरों की तरफ़ पीठ करके शर्ट बदलता। लड़के हँसते – “बड़ा शर्मीला है।” माँ भी यही कहती – “मेरा अमन थोड़ा शर्मीला है।”
पर बात शर्म की नहीं थी। बात थी एक खालीपन की।
देखने में सुदर्शन, अनंतनाग का रहने वाला अमन, श्रीनगर के एक प्राइवेट स्कूल में पीटी टीचर की नौकरी मिल गई थी। वहाँ भी वो सबसे अलग-थलग रहता था। बच्चों में घुल जाता, पर बड़ों से दूरी बनाकर रखता। उसे कुछ ऐसा अहसास था कि ऊपर वाले ने उसके साथ अन्याय किया है। उसका शरीर अधूरा बना है।
सच यही था – उसके शरीर में एक अंडकोष ही नदारद था। दाईं ओर सब सामान्य था, पर बाईं ओर सिर्फ खाली स्थान। और बाएं तरफ, पेट के नीचे, हमेशा एक भारीपन सा महसूस होता, जैसे अंदर कुछ अटका हुआ हो, कोई गाँठ सी।
बचपन में माँ गाँव के हकीम साहब के पास ले गई थी। हकीम साहब ने कहा था – “बड़ा होगा तो ठीक हो जाएगा।”
अमन बड़ा तो हो गया, पर कुछ ठीक नहीं हुआ।
पिछले एक साल स्थिति और विकट हो गई थी… कुछ नये बदलाव पैदा हो गये थे।
उसे हर महीने, लगभग हर महीने दिन में, पेशाब करने के बाद नीचे पेट में मरोड़ जैसा दर्द उठता। दो से तीन दिन रहता, फिर खुद ही चला जाता। वह कैलेंडर पर निशान नहीं लगाता था, पर शरीर अपना कैलेंडर खुद चलाता था।
और अब तो उसके लिये रिश्ते भी आने लगे थे। लड़का सुलझा हुआ था, परिवार अच्छा था। एक लड़की, सना, उसे पसंद भी थी। एक दिन सना ने हँसते हुए मजाक में कह दिया – “आपको तो पीरियड्स जैसा मूड स्विंग होता है।”
अमन हँस तो दिया, पर अंदर तक काँप गया। जैसे किसी ने उसके सबसे गहरे राज़ पर उंगली रख दी हो।
अब माँ-पापा को भी इस बात का अहसास होने लगा था मामला कुछ गड़बड़ है। अब डॉक्टर को दिखाना ही होगा।
उनके घर के निकट ही यूरोलॉजिस्ट डॉ. निसार का एक छोटा सा क्लिनिक है। अमन को वहां ले जाया गया। डॉ. निसार ने अमन का मुआयना किया, आराम से पूछा और सिर्फ इतना कहा – “पूरे पेट का अल्ट्रासाउंड करवाओ। अंडकोष नीचे उतरने का केस लगता है।”
अमन अकेला गया। लैब में हल्का अंधेरा था। लेडी डॉक्टर स्क्रीन देख रही थी, फिर अचानक रुक गई। उसने सीनियर डॉक्टर को बुलाया।
सीनियर डॉक्टर ने स्क्रीन देखी और धीरे से कहा – “आपके अंदर… एक छोटी सी यूटेरस है। और दोनों तरफ फ़ेलोपियन ट्यूब के आकार जैसा कुछ अंग भी दिख रहा है।”
अमन ने वो शब्द पहली बार सुना। उसे लगा जैसे किसी ने उसके शरीर का नक्शा ही फाड़ दिया हो। वो रिपोर्ट हाथ में लेकर झेलम के किनारे देर तक बैठा रहा। उसके दिमाग को एक ही सवाल मथे जा रहा था – मैं लड़का हूँ या लड़की?
रिपोर्ट में एक शब्द लिखा था – पी.एम.डी.एस.
दो दिन बाद वो माँ के साथ गवर्मनमेंट मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर के एंडोक्रिनोलॉजी विभाग में गया। डॉक्टर रुख़साना ने बहुत आराम से समझाया, “बेटा, डरो मत। इसे पर्सिस्टेंट म्यूलेरियन डक्ट सिंड्रोम कहते हैं। ये एक लाख लड़कों में से किसी एक में होता है।”
“जब तुम माँ के पेट में आठ हफ्ते के थे, तब तुम्हारे अंदर दो रास्ते थे। एक से लड़का बनता है, एक से लड़की। तुम्हारे वाई-क्रोमोसोम ने कहा – लड़का बनो। पर जो हार्मोन, ए.एम.एच. तुम्हारी बच्चेदानी को गलाना चाहिए था, वो तुम्हारे शरीर में बना ही नहीं। तो तुम्हारा शरीर बाहर से पूरा लड़का बन गया, पर अंदर एक दूसरा घर भी रह गया।”
“तुम इंटरसेक्स नहीं हो, तुम ट्रांस नहीं हो। तुम पूरे लड़के हो, जिसके अंदर एक ऐसा अंग रह गया है जिसकी तुम्हें जरूरत नहीं।”
डॉ रुख़साना ने माँ का हाथ पकड़ा – “आप एक बात समझ लीजिये कि इसमें आपके बेटे की कोई गलती नहीं, न आपकी। एक लाख बच्चों में से कोई एक ही ऐसा होता है जिसमें यह विकार होता है। इसके दो ख़तरे जो अंडकोष पेट में रह गया है, उसमें तीस साल के बाद कैंसर का खतरा पन्द्रह गुना बढ़ जाता है।”
अपनी बात जारी रखते हुए डॉ. रुख़साना ने कहा, “जो गर्भाशय अंदर रह गया है, उसमें हर महीने थोड़ी ब्लीडिंग होती है, पर बाहर निकलने का रास्ता न होने से खून वहीं जमा होता है – इसी से वो हर महीने वाला दर्द आता था। इसे निकालना ही पड़ेगा।”
माँ ने सब समझ लिया। बोली – “ऑपरेशन करना है?”
अमन अंदर से बहुत डरा हुआ था। माँ ने सिर पर हाथ रखा – “डरने की कोई बात नहीं, सब ठीक हो जाएगा, डॉक्टर साहब ने कहा है।”
उस हफ्ते अमन ने किसी से बात नहीं की। यूट्यूब पर उल्टे-सीधे वीडियो देखे, खुद को कोसा। फिर उसने सना को फोन किया।
काँपती आवाज में सब सच बता दिया।
सना कुछ देर चुप रही… फिर बोली – “तो दर्द इसीलिए होता था? तुमने पहले क्यों नहीं बताया?”
अमन पहली बार खुल कर रोया। सना ने कहा – “तुमने मुझे सच बताया, अब तुम हल्के हो गए न? मैं तुम्हारे साथ हूँ।”
सच बताकर उसे पहली बार लगा जैसे सीने से कोई पत्थर उतर गया हो।
ऑपरेशन वाले दिन सब अस्पताल पहुँचे।
लैप्रोस्कोपिक सर्जरी – तीन घंटे। डॉक्टरों ने एक छोटा, अविकसित गर्भाशय और ट्यूब्स निकाल दिए। बाएँ अंडकोष को नीचे लाकर स्क्रूटम में फिक्स कर दिया।
अमन को जब होश आया तो माँ सिरहाने थी। डॉक्टर ने कहा – “ऑपरेशन एकदम ठीक हो गया है, घबराने की कोई बात नहीं।”
अमन और उसका परिवार बहुत खुश थे। उसे छुट्टी मिल गई, घर ले आए।
तीन महीने बाद, वो दर्द जो पन्द्रह साल से हर महीने आता था, आना बंद हो गया।
अब अमन फिर से ग्राउंड में बच्चों को पुश-अप करवाता है। शर्ट बदलने में अब शर्म नहीं आती। उसने सना से शादी कर ली है। डॉक्टर ने बताया है कि बाप बनने में उसे थोड़ी मदद की जरूरत पड़ सकती है, क्योंकि एक अंडकोष सालों तक पेट की गर्मी में रहा है, पर उम्मीद पूरी है। वह अपने आपको विश्वास दिलाता है। “मेरे अंदर एक घर था, जो मेरा नहीं था। उसे खाली करना पड़ा। अब मेरा शरीर सिर्फ मेरा है। मैं अधूरा नहीं हूँ, मैं थोड़ा अलग बना हूँ, बस। सब ठीक!”
डॉ. मुक्ति शर्मा,

बढ़िया कहानी! वैज्ञानिक औचित्य तथ्य और एक सुखांत के साथ।
आज के युवाओं को पसंद आएगी।
जी, बहुत बहुत धन्यवाद
आपको कहानी पसन्द आई।
बढ़िया विषय,शोध भी बढ़िया
जी धन्यवाद
‘अंदर एक और घर…’ : देह, पहचान और आत्मस्वीकृति की कहानी
डॉ. मुक्ति शर्मा की कहानी ‘अंदर एक और घर…’ अपने कथ्य और विषय-वस्तु की दृष्टि से समकालीन हिंदी कहानी में एक अलग पहचान बनाने वाली रचना है। कहानी एक दुर्लभ चिकित्सकीय स्थिति। Persistent Müllerian Duct Syndrome (PMDS)को आधार बनाकर शरीर, लैंगिक पहचान, पुरुषत्व, सामाजिक सामान्यता और आत्मस्वीकृति जैसे जटिल प्रश्नों को सहज कथा-भाषा में सामने लाती है। इसकी विशेषता यह है कि चिकित्सा-विज्ञान कहानी का केवल बाहरी विषय नहीं है, बल्कि वह पात्र के मनोवैज्ञानिक संकट और उसकी आत्म-पहचान को समझने की कुंजी बन जाता है।
कहानी का केंद्रीय पात्र अमन बाहर से एक सामान्य युवक है, लेकिन उसके शरीर के भीतर एक ऐसी संरचना मौजूद है, जिसकी उसे स्वयं जानकारी नहीं। बचपन से ही उसका अपने शरीर को लेकर संकोच, दूसरों से दूरी और एक अनाम-सा खालीपन बाद में अर्थ ग्रहण करता है। जब चिकित्सकीय जाँच में उसके शरीर के भीतर गर्भाशय जैसी संरचना के होने का पता चलता है, तो उसका संकट केवल बीमारी या ऑपरेशन का संकट नहीं रह जाता; वह अपनी पहचान को लेकर भी विचलित हो उठता है। उसके मन में उठता प्रश्न , “मैं लड़का हूँ या लड़की?” कहानी के सबसे मार्मिक क्षणों में से एक है।
यहीं कहानी देह-विमर्श के महत्वपूर्ण प्रश्न से जुड़ती है। समाज अक्सर शरीर को कुछ निश्चित खाँचों में बाँटकर ‘सामान्य’ और ‘असामान्य’ की परिभाषा तय करता है। अमन का शरीर उस निर्धारित सामान्यता से थोड़ा अलग है, इसलिए वह स्वयं को अधूरा समझने लगता है। कहानी इस मानसिकता को चुनौती देती है। अंततः अमन जिस निष्कर्ष तक पहुँचता है , “मैं अधूरा नहीं हूँ, मैं थोड़ा अलग बना हूँ, बस” वही पूरी कहानी का केंद्रीय मानवीय कथ्य बन जाता है। यह वाक्य शरीर की भिन्नता को हीनता से अलग करता है और आत्मस्वीकृति को मनुष्य की गरिमा से जोड़ता है।
कहानी का शीर्षक ‘अंदर एक और घर…’ अत्यंत अर्थपूर्ण और बहुस्तरीय है। ‘घर’ यहाँ केवल शरीर के भीतर मौजूद जैविक संरचना का प्रतीक नहीं है; वह अमन के भीतर बसे भय, रहस्य, असुरक्षा और पहचान-संकट का भी प्रतीक है। अल्ट्रासाउंड के माध्यम से उस ‘दूसरे घर’ का सामने आना वस्तुतः अमन के अपने शरीर के अनजाने इतिहास से परिचित होने का क्षण है। इस दृष्टि से शीर्षक कहानी की संवेदना को एक सुंदर प्रतीक में समेट लेता है।
कहानी में माँ और सना के चरित्र भी महत्वपूर्ण हैं। माँ का स्नेह अमन के भय के सामने सुरक्षा का भाव पैदा करता है, जबकि सना उसकी शारीरिक भिन्नता को अस्वीकार करने के बजाय उसे स्वीकार करती है। विशेष रूप से सना के माध्यम से कहानी यह स्थापित करती है कि प्रेम का आधार ‘पूर्ण’ या ‘सामान्य’ शरीर नहीं, बल्कि व्यक्ति की संपूर्ण मानवीय उपस्थिति है।
शिल्प की दृष्टि से कहानी की भाषा सरल, संवादधर्मी और सहज है। कठिन चिकित्सा-विषय को सामान्य पाठक तक पहुँचाने में यह शैली प्रभावी सिद्ध होती है। झेलम का किनारा भी कहानी में एक सुंदर प्रतीकात्मक दृश्य रचता है, जहाँ बाहर बहती नदी अमन के भीतर चल रहे मानसिक द्वंद्व का प्रतिरूप बन जाती है।
फिर भी कहानी की कुछ सीमाएँ हैं। इतने जटिल मनोवैज्ञानिक और सामाजिक संकट का समाधान अपेक्षाकृत जल्दी हो जाता है। अमन की आंतरिक उथल-पुथल, सना की अपनी आशंकाएँ और समाज की संभावित प्रतिक्रिया को अधिक विस्तार मिलता तो कथा और गहरी हो सकती थी। चिकित्सा-विज्ञान से जुड़े कुछ विवरणों को भी साहित्यिक सरलीकरण के बजाय अधिक वैज्ञानिक सावधानी से प्रस्तुत किया जा सकता था।
इसके बावजूद ‘अंदर एक और घर…’ की मूल उपलब्धि उसकी मानवीय संवेदना है। यह कहानी किसी दुर्लभ रोग की सूचना भर नहीं देती, बल्कि पाठक को यह सोचने के लिए विवश करती है कि क्या शरीर की भिन्नता मनुष्य को अधूरा बना देती है। कहानी का उत्तर स्पष्ट है—नहीं। मनुष्य अपने शरीर से बड़ा है।
इसी मानवीय विश्वास के कारण ‘अंदर एक और घर…’ केवल चिकित्सा-कथा नहीं रह जाती, बल्कि देह, पहचान और आत्मस्वीकृति की संवेदनशील कहानी बन जाती है।
डॉ.ऋतु शर्मा ननंन पाँडे
भारत की बेटी
अंदर एक और घर…’कहानी का शिल्प प्रतीकात्मक और अत्यंत अर्थपूर्ण है, जो शरीर के भीतर मौजूद उस अनचाहे हिस्से और उससे उपजे मानसिक बोझ को खूबसूरत रूपक में बांधता है।
कहानी का बेहद सुखद पक्ष है कि कहानी अज्ञानता और हीनग्रंथि के अंधेरे से निकालकर ज्ञान, स्वीकार्यता और आत्म-विश्वास के उजाले की ओर ले जाने वाली एक बेहतरीन और उद्देश्यपूर्ण रचना है। बधाई डॉ मुक्ति l सधा हुआ लेखन l
एक अच्छी संवेदनशील और लगभग अछूते विषय पर सृजित कहानी मन को चौंकाती जरुर है पर कहीं आश्वस्त भी करती है कि सब कुछ हमेशा गलत नहीं होता।कहानी का मुख्य पात्र अमन मीर अपने शरीर के अधूरेपन के अहसास से मनोवैज्ञानिक ढंग से परेशान चिंतित और उदास है।उसे लगता है कि उसके साथ सबकुछ सही नहीं कुछ तो है जो अधूरा है।परिवार का सहयोग अच्छे डाक्टर और मेडिकल साइंस की उच्च स्तरीय जांच ने उसे जीवन दान दिया। कहानी का कथ्य इस छोटे से कलेवर में ही सिमट कर नहीं रह जाता बल्कि अमन की पीड़ा ,सामाजिक उपेक्षा और उपहास का भय उसे मन ही मन मनोवैज्ञानिक रुप से व्यथित और बीमार कर देता है। ऐसी घटनाएं आम तौर पर समाज में या तो छिपा ली जाती हैं या स्थिति को यथावत स्वीकार कर लिया जाता है।अनेक पीडित ऐसे भी हैं जिन्हे न तो उचित चिकित्सा मिल पाती है न सलाह फलस्वरूप उनका जीवन सडते हुए जल की तरह क्षीण होता रहता है। बहुत अच्छी मार्मिक कहानी जो अपनी पीड़ा में जूझते अमन जैसे न जाने कितनों को राह दिखा एक समाधान भी प्रस्तुत करती है। कहानी के छोटे संवाद और घटनाक्रम सभी कहानी में पाठक की उत्सुकता और रोचकता बनाए रखने में सफल हैं।आदरणीय मुक्ति शर्मा जी की सकारात्मक सोच की सराहना करती हूं ।उनकी लेखनी को नमन। कहानी बहुत अच्छी है,अवश्य पढें।
पद्मा मिश्रा जी इस खूबसूरत टिप्पणी के लिए बहुत-बहुत आभार आपको कहानी पसंद आई ,मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि।
धन्यवाद
लाखों में से किसी एक पर अपना दृष्टिपात करना एक विशिष्ट लेखक निशानी होती है , जिसको मुक्ति मैम बाखूबी निभाया है। इसी कारण वे एक विशिष्ट लेखिका हैं।
शानदार कहानी लेखन के लिए मैम को ढेरों शुभकामनाएं।
बहुत बहुत धन्यवाद जी
अंदर एक और घर — डॉ. मुक्ति शर्मा . —– – ————- अक्सर सामाजिक जीवन की घटनाएँ और दुर्घटनाएँ कथानक में स्थान पाती हैं। डॉ.मुक्ति शर्मा की यह कहानी भी एक सत्य घटना पर आधारित है। पं. चंद्रधर शर्मा गुलेरी जी की प्रसिद्ध कहानी ‘ उसने कहा था ‘ भी ऐतिहासिक घटनाओं पर रची गई थी। डॉ.मुक्ति शर्मा जी ने अपनी इस कहानी में मनोवैज्ञानिक और चिकित्साशास्त्रीय पक्ष में बहुत अच्छा बैलेंस बनाए रखा है। कहानी के नायक में एक प्राकृतिक त्रुटि है और वह हीनता ग्रंथि का शिकार है। पर धीरे-धीरे वह अपने अज्ञान को समझता है और फिर ज्ञान का रास्ता अपनाता है। सफल आपरेशन से उसकी समस्या का समाधान हो जाता है। ….. सही ज्ञान और सार्थक कर्म ही जीवन के दुःख को दूर कर सकता है। इस तरह यह कहानी ज्ञान के महत्त्व की स्थापना करती है। इसके कथानक में नवीनता है। सटीक घटनाक्रम , उत्सुकता , जिज्ञासा, रोचकता , संक्षिप्तता और सार्थक भाषा – शैली इस कहानी की विशेषताएं हैं। इस सोदेश्यपूर्ण कहानी की अलग से एक पहचान है। कह सकते हैं कि यह कहानी आधुनिक हिन्दी कथा-भंडार को समृद्ध करती है।
नए विषय को लेकर लिखी गई सुंदर कहानी। हार्दिक बधाई मुक्ति शर्मा जी।
बहुत बहुत आभार
डा०मुक्ति शर्मा द्वारा रचित प्रस्तुत कहानी “अंदर एक और घर”शीर्षक प्रथम दृष्टि मे मन मस्तिष्क में बहुत संसयात्मक, भयाक्रांत भाव उत्पन्न करता है.यह कहानी कश्मीर प्रांत के श्रीनगर के अनंत नाग मे स्थित एक मुस्लिम परिवार के अमन मीर ,व्यायाम अध्यापक (निजी स्कूल) के इर्द-गिर्द घूमती हुई उसके जीवन वृत्त मे आए लिंग भेद के प्रति असमंजस और सटीक समाधान प्रकट करती है. अमन की बढ़ती आयु के साथ आ रहे प्राकृतिक परिवर्तन (शारीरिक अवयव) मे नर नारी के लिंग भेद मे किंन्नर की सम्भावना के संकेत पूरे परिवार को सत्यता के लिए झकझोर देती है. चिकित्सकीय जांच मे पुल्लिंग के साथ स्त्रीलिंग के लक्षण प्रकट हुए. पुल्लिंग का एक अंडकोष बाहर व एक अप्रत्याशित गर्भाशय मे अविकसित ग्रोथ व स्त्री के मासिक धर्म की पीड़ा जुड़ा है. इसी कारण अमन मीर लज्जा से ग्रसित अपने को परिभाषित नही कर पा रहा है. चिकित्सको ने असंख्यो विरले लोगो मे ऐसा एक लक्षण का होना बताकर सघन शल्य चिकित्सा करके अमन मीर को नर रूप मे वर्गीकृत कर दिया.उसके अंतरमन मे बचपन से बैठी लज्जा,झिझक सदा के लिए समाप्त हो गयी.अब वह नर समाज का एक अंग बन गया. घर में परिवार मे खुशी की लहर दौड़ गयी और कहानी के अनुसार अमन मीर ने अपनी तथाकथित प्रेमिका से शादी कर ली.असमंजस का धुंध सदा के लिए जीवन से उड़ गया.
कहानी व कहानीकार का मर्म केवल इतना ही है की ईश्वरीय सुकृति मे विकृति भी ईश्वरीय देन है. जिसे मानव विज्ञान व मानवीय साहस से मनुष्य यथोचित सफलता पा सकता है. कभी भी जीवन मे द्विविधा जनक स्थिति आने पर हर मनुष्य को घबराने के स्थान पर उज्जवल भविष्य के निर्माण की ओर अग्रसर होना चाहिए.
कहानीकार की कुशल लेखन क्षमता को शत शत नमन.भाषा शैली सर्व साधारण है. कहानी का अन्तर्मुखी भाव कहानी समाप्त होने तक पाठक की “घर के अंदर घर” देखने की चेष्टा बनी रहती है.जो अंत मे दिग्दर्शित होती है. इति.
राधेश्याम “राधे”
वरिष्ठ साहित्यकार भक्त कवि,लेखक समीक्षक वरिष्ठ समीक्षक, स्वतंत्र पत्रकार. लखनऊ, उ०प्र०।