काशी-वाराणसी विरासत फ़ाउन्डेशन ने अपना दूसरा ही आयोजन ‘भारत: साहित्य और मीडिया महोत्सव’ के नाम से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 7-9 अक्टूबर 2023 को आयोजित करके जिस तरह से स्वयं को विस्तार दिया है,वह यह बताने के लिए पर्याप्त है कि उसकी भावी संभावनाऍं किस प्रकार की और कैसी हैं! यह कहना अप्रासंगिक न होगा कि वाराणसी में 3-4-5 फरवरी 2023 को आयोजित पहले कार्यक्रम की तरह ही यह दूसरा कार्यक्रम भी राष्ट्रीय स्तर का तो था ही, इसने मराठी समेत अन्य क्षेत्रीय भाषाओं तथा मीडिया के साथ सह-अस्तित्व और विमर्श की जो पहल की है, उसके दूरगामी परिणाम निकल सकते हैं।

इस बार के आयोजन में फाउन्डेशन को केन्द्रीय हिन्दी संस्थान, भारत सरकार आगरा; महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, मुंबई और मुंबई मराठी पत्रकार संघ का जो सहयोग, समर्थन और सौजन्य प्राप्त हुआ है उसने फाउन्डेशन को अतिरिक्त शक्ति प्रदान की है। यह अनायास नहीं था कि कम से कम नौ राज्यों व केंद्र शासित क्षेत्रों की सहभागिता वाले महोत्सव के समापन सत्र में न केवल मुंबई में एक और ऐसा ही महोत्सव करने का प्रस्ताव मिला, अपितु त्रिवेंद्रम, वर्धा और धनबाद में भी ऐसे ही आयोजन करने के सक्षम लोगों के प्रस्ताव प्राप्त हुए। इस स्थिति ने नि:संदेह फाउन्डेशन का उत्साह-वर्धन किया है।
मराठी पत्रकारिता के अग्रदूत बालगंगाधर शास्त्री जांभेकर (1812-1846) तथा सुप्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार और ‘धर्मयुग’ जैसी बहुआयामी और लोकप्रिय साप्ताहिक पत्रिका के 27 वर्षों तक संपादक रहे धर्मवीर भारती (1926-1997) को समर्पित इस आयोजन को अभिव्यक्ति के महोत्सव के रूप में भी संकल्पित किया गया।
मुंबई महोत्सव की सबसे बड़ी उपलब्धि रही सिक्किम के राज्यपाल महामहिम लक्ष्मण प्रसाद आचार्य जी का विद्वतापूर्ण उद्बोधन। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ऑनलाइन जुड़कर 35 मिनट का उनका यह भाषण उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर गया। महामहिम के भाषण के दो महत्वपूर्ण अंश यहाॅं उद्धृत करना पाठकों को अवश्य ही गौरवान्वित करेगा-
• किसी देश का साहित्य और मीडिया अपनी चेतना और अपने विचारों में जितने सुदृढ़ और समृद्ध होते हैं, वहाॅं का समाज भी उतना ही सुदृढ़ और समृद्ध बनता है।
• इस मंच से हिंदी और मराठी भाषाऍं मिलकर जो अनुनाद करेंगी, उसकी गूॅंज पूरे देश में सुनाई देगी।

श्री रवींद्र किशोर सिन्हा , पूर्व राज्यसभा सांसद एवं अध्यक्ष काशी वाराणसी विरासत फाउंडेशन; डॉ.सुनील कुलकर्णी, निदेशक,केंद्रीय हिंदी संस्थान, भारत सरकार, आगरा ;डॉ. शीतला प्रसाद दुबे,अध्यक्ष, महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, मुंबई, श्री कृपा शंकर सिंह,पूर्व गृह राज्य मंत्री महाराष्ट्र सरकार; श्री प्रभु सूरदास जी, चीफ़ मैनेजिंग ट्रस्टी , इस्कॉन, मुंबई ; श्री नरेंद्र वाबले अध्यक्ष, मुंबई मराठी पत्रकार संघ तथा डॉ.अत्रि भारद्वाज, अध्यक्ष काशी पत्रकार संघ व सुषमा अग्रवाल, समाज सेविका तथा प्रो. राममोहन पाठक, कार्यकारी अध्यक्ष काशी-वाराणसी विरासत फाउंडेशन जैसे विद्वानों- मनीषियों से सजे मंच पर मुंबई मराठी पत्रकार संघ भवन में महोत्सव का उद्घाटन देश के युवतम विधानसभा अध्यक्ष श्री राहुल नार्वेकर ने किया।
श्री नार्वेकर ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि बहुभाषी एवं बहु संस्कृति वाली मुंबई में इस आयोजन का महत्व कुछ हटकर और अलग है।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री रवींद्र किशोर सिन्हा ने कि कहा कि पत्रकारिता में दिन-प्रतिदिन की घटनाओं का ब्यौरा पेश करते हैं। लेकिन उनमें जो विचार पक्ष आता है वह शुद्ध साहित्य है। समाचार का विश्लेषण करते हुए जब समाज को कोई संदेश देना चाहते हैं तो वह साहित्य बन जाता है।
इससे पूर्व डॉ.सुनील कुलकर्णी, नरेंद्र वाबले ,डॉ.शीतला प्रसाद दुबे तथा डॉ. अजीत सैगल ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन सत्र का संचालन प्रो. राममोहन पाठक ने तथा धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती सुषमा अग्रवाल व शरद कुमार त्रिपाठी ने किया।
उद्घाटन समारोह के मंच से आयोजन की स्मारिका ‘ साहित्य भारत’ (संपादक : नरेंद्र नाथ मिश्र) समेत कोई आधा दर्जन पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया। जिनमें डॉ. आर के सिन्हा की ‘विश्व पटल पर अपना देश’ तथा
‘कोरोना का प्रलयकाल’ , डाॅ. नीलम वर्मा की ‘ अमृता शेरगिल – पेंटिंग में कविता’ (हाइकु), ‘अंतरंगिनी’ (खंड काव्य) व ‘समयांतर'( हाइकु संग्रह) सम्मिलित हैं।
8 अक्टूबर के भारतीय साहित्य- साहित्यकार: वैश्विक संदर्भ (प्रेमचंद पुण्यतिथि प्रसंग) शीर्षक वाले प्रथम संवाद-सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री रामदास आठवले, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण राज्य मंत्री ने कहा कि समाज में जाति व्यवस्था नहीं, समानता होनी चाहिए। भारत को आगे ले जाने के लिए हिंदू-मुस्लिम, हिंदू-दलित तथा भाषाओं में विभेद के भाव समाप्त करने की आवश्यकता है।

