Sunday, November 29, 2026
होमपुस्तकस्वयं की खोज के लेंस – यात्रा-संस्मरण 'झरोखे'

स्वयं की खोज के लेंस – यात्रा-संस्मरण ‘झरोखे’

यात्रा-संस्मरण ‘झरोखे’ लेखिका: डॉ. आरती ‘लोकेश’, मूल्य: ₹180, पृष्ठ संख्या: 95, प्रकाशक: नोशन प्रेस, पुस्तक समीक्षा – कौसर भुट्टो

यात्राएँ मानव जीवन का अभिन्न अंग हैं। नए वातावरण में जाकर व्यक्ति दैनिक दिनचर्या के दबाव से मुक्त हो जाता है और अपने नए स्वरूप की खोज कर वापस लौटता है। लेखिका डॉ. आरती ‘लोकेश’ के यात्रा-संस्मरण ‘झरोखे’ की प्रस्तावना की ये पंक्तियाँ इस बात का समर्थन करती हैं—

“हमारी यात्राएँ हमारे लिए इन झरोखों का निर्माण करती हैं। अपनी दुनिया से निकलकर हम एक दूसरी दुनिया में प्रवेश कर जाते हैं। हम ‘वह’ बन जाते हैं, जो हम बनना चाहते हैं या वास्तव में होते हैं। अपने सारे छद्म आवरण और मुखौटे उतारकर हम अपने ‘अपने’ रूप में स्वयं को पाते हैं। कभी छोटे या बड़े, कभी कुछ देर या बहुत देर के लिए, झरोखे का निर्माण करना ही होता है।”

‘झरोखे’ पुस्तक डॉ. आरती द्वारा घूमे गए पाँच देशों का सफरनामा है। घूमने में रुचि होने के साथ डॉ. आरती का अच्छा साहित्यकार होना सोने पर सुहागा है। इन देशों में घूमने का विस्तृत ब्यौरा पाठक को मानसिक रूप से इन देशों की यात्रा करवा ही देता है।

कीव (यूक्रेन), मोंटेनेग्रो, बिश्केक (किर्गिस्तान), मलेशिया और मस्कट (ओमान) के इन यात्रा-संस्मरणों में पाठक स्वयं को उस यात्रा में महसूस करता है और उस जगह जाने के लिए लालायित हो उठता है।

पुस्तक में इन देशों की यात्राओं से संबंधित सभी महत्त्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध है। टिकट मूल्य, वीजा, होटल, संपर्क भाषा, वहाँ पहुँचने में लगने वाला समय, यात्रा में आने वाली संभावित परेशानियाँ और उनका निवारण, प्रमुख दर्शनीय स्थल आदि का विस्तृत विवरण इन यात्रा-वृत्तांतों में साझा किया गया है, जो घुमक्कड़ प्रजाति के पाठकों की यात्राओं के लिए इस पुस्तक को महत्त्वपूर्ण दस्तावेज बनाते हैं। लेखिका के यू.ए.ई. निवास के कारण सभी यात्राएँ यू.ए.ई. से ही तय की गई हैं और जानकारी भी उसी अनुसार है। ये सभी यात्रा-वृत्तांत लखनऊ से निकलने वाली पर्यटन को समर्पित एकमात्र त्रैमासिक पत्रिका ‘प्रणाम पर्यटन’ के 2018 से 2022 के विभिन्न अंकों में प्रकाशित हो चुके हैं। घूमने से पूर्व जरूरी सामान की सूची व आवश्यक जानकारी का लेखा-जोखा भी लेखिका द्वारा उपलब्ध करवाया गया है।

यात्रा-संस्मरण का पहला देश है यूक्रेन, जिसके कीव शहर की यात्रा के अनुभव को डॉ. आरती ने लिपिबद्ध किया है। यूरोप की चौथी लंबी नदी नीपर के दोनों ओर बसा यह खूबसूरत शहर स्वर्णमंडित गिरजाघरों तथा विश्व विरासत स्थलों के कारण प्रसिद्ध है। लेखिका ने यहाँ के विभिन्न पार्कों, गिरजाघरों, संग्रहालयों तथा विश्व विरासत स्थलों समेत अन्य कई दर्शनीय स्थानों की अपने शब्दों के माध्यम से घर बैठे सैर करवाई है। साथ ही भाषा-संप्रेषण, सादा पानी तथा शाकाहारी भोजन ढूँढ़ने में आई कठिनाई तथा उससे निपटने के उपायों का भी उल्लेख है। इस यात्रा-संस्मरण में अमेरिकी व्यक्ति द्वारा रूसी रसोइयों को भारतीय व्यंजन बनाना सिखाकर भारतीय रेस्टोरेंट चलाना तथा एक व्यक्ति ‘यूरी’ का प्रसिद्ध भारतीय व्यक्तियों के नाम गिनवाना, हिंदी में बोलना और अंग्रेजी वाक्यों का हिंदी में अनुवाद करवाकर रोमन में लिखवाना हर्ष से विस्मित करता है। अनजान शहर में जहाँ कहीं भी अपने देश की झलक मिलती है, तो अपनत्व की धारा स्वतः ही बहने लगती है।

संस्मरण का अगला देश है मोंटेनेग्रो, जिसका शाब्दिक अर्थ है “काला पहाड़”। यह देश अपने शानदार पहाड़ों, हिमनदी झीलों, बुडवा रिवेरा के खूबसूरत समुद्र तट रिसॉर्ट्स और यूनेस्को की विश्व धरोहर में सूचीबद्ध कोटर की खाड़ी के लिए प्रसिद्ध है। मोंटेनेग्रो दुनिया के सबसे खूबसूरत देशों में से एक है, जहाँ प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रत्न और खजाने हैं।

छह दिन की इस यात्रा में डॉ. आरती द्वारा मोंटेनेग्रो के कई स्थानों, जैसे खाड़ी तट, समुद्र तट, संग्रहालय, द्वीप, नीली व लीपा गुफा, टनल, नेशनल पार्क, झील तथा चर्च का भ्रमण किया गया। कई बार साक्षात् देखे गए दृश्य की सुंदरता को कैमरे में उतारना भी मुश्किल होता है, परंतु डॉ. आरती इस देश के प्राकृतिक सौंदर्य को शब्दों में कैद कर पन्नों पर उतारने में सफल रही हैं। यहाँ देखी गई ब्लू केव के सौंदर्य का वर्णन करते हुए डॉ. आरती लिखती हैं—

‘गुफा के बीच के छिद्रों से अंदर आई हुई सूर्य की किरणें भौतिक विज्ञान को चकमा देती हुई नील वर्णीय प्रभाव से ब्लू केव को जगमगा रही थीं। गहरी नीली स्याही के रंग में घुली लहरों में डूबी निकली गुफा की चट्टानें नीली रोशनी को परावर्तित कर दिव्य दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। किसी संन्यासी की बेजोड़ दीर्घकालीन तपस्या का-सा मंत्रमुग्ध नैसर्गिक वातावरण चित्त में असीम शांति का संयोजन कर रहा था।’

सर्पीले आकार के पहाड़ी रास्ते ‘कोटोर सरपेंटाइन’ के बारे में आरती जी लिखती हैं—

‘सड़क के एक ओर ऊँचा उठा पहाड़, तो दूसरी ओर नीचे जाती ढलान पर उगे फूलों व फलों के झूलते हुए ढेरों पेड़। पेड़ों से लटकते कच्चे अनार, अंजीर, चेरी, कीवी, मैडरिन और जाने कितने फल! बस, वहीं बस जाने का जी करता था। और ऊपर पहुँचे तो कोटोर घाटी, पहाड़ और दूर तक फैला एड्रियाटिक समुद्र की नीली चादर; लगता था सातवें आसमान पर हैं।’

मोंटेनेग्रो की युवती को भारतीय साड़ी में देखना तथा यहाँ की सबसे लंबी सुरंग में कार चलाना जैसे सुखद अनुभवों को भी लेखिका द्वारा इस यात्रा-विवरण में साझा किया गया है। यहाँ शाकाहारी होटल तथा रेस्टोरेंट ढूँढ़ने में आई परेशानी तथा उनके निवारण का ज़िक्र भी लेखिका ने किया है।

यात्रा-विवरण का अगला पड़ाव दिलकश नज़ारों, पहाड़ियों और घाटियों से भरा खूबसूरत देश किर्गिस्तान है। इस देश की यात्रा भी पिछली यात्राओं की तरह छह दिन में की गई है, जिसमें विभिन्न प्रकार के पार्क, संग्रहालय, प्राकृतिक संरक्षण केंद्र, विश्व की दूसरी विशाल पहाड़ी झील, ऐतिहासिक स्थल, घाटियों तथा नदियों का विवरण है। इस देश के मनोरम दृश्यों के विवरण के साथ यहाँ के लोगों की सहृदयता, दरियादिली, सादगी तथा मेहमाननवाज़ी से जुड़े सुखद अनुभवों को भी डॉ. आरती ने बयान किया है कि कैसे एक अनजान टैक्सी ड्राइवर ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी जेब से पैसे लगाकर उनकी मदद की। यहाँ के सर्वाधिक प्रसिद्ध राष्ट्रीय पार्क आला आर्चा का विवरण करते हुए आरती जी लिखती हैं—

‘चारों ओर कुछ पथरीली, कुछ बर्फीली व कुछ हरित पहाड़ियों के घेरे के अद्भुत दृश्य ने हृदय बाँध लिया। कल-कल करती नदी की धाराओं की मधुर ध्वनि व कर्णप्रिय संगीत ने पूरे पथ पर हमारा साथ दिया। गोल-गोल पत्थरों पर फिसलती, लुढ़कती, मचलती धाराओं से स्वर्गीय आनंद का साक्षात् अनुभव हुआ।’

कोनोरचेक कैनयन की सुंदरता के बारे में आरती जी लिखती हैं—

‘तीव्रगामी हवाओं ने लाल पथरीले पहाड़ों में किस कलाकारी से कटाव उत्पन्न किया है कि मुझे मदुरई के मीनाक्षी मंदिर की सहसा याद हो आई। लगा कि दर्जनों मीनाक्षी मंदिर समक्ष आ खड़े हुए हैं। चारों ओर की भूरी पहाड़ियों को अपना प्रहरी बनाए ये सुर्ख कैनयन की आकृतियाँ किसी मूर्तिकार की कलाकृतियों का आभास दे रही थीं। जहाँ तक दृष्टि जाती है, अप्रतिम प्राकृतिक सौंदर्य-कृति का कण-कण दर्शन की माँग करता है।’

इस देश के एक और अप्रतिम सौंदर्य का उदाहरण आरती जी के इशिक कुल झील की आभा के वर्णन से मिलता है। डॉ. आरती लिखती हैं—

‘प्रकृति ने अपने उत्तम मोती चुन-चुनकर यहाँ की मनोहारी माला पिरोई है। स्पष्ट दृष्टिगोचर होते पहाड़ों के पृष्ठ में धुँधली वारिदमाला-सी पर्वत शृंखला कल्पना लोक का आभास देती है। एक ही दिशा में इतनी छटा! और हर दिशा में अविश्वसनीय सौंदर्य!’

यात्रा-विवरण का अगला देश है एशियाई संस्कृति का संगम ‘मलेशिया’। कोविड-19 से ठीक पहले इस सुंदर देश की यात्रा लेखिका द्वारा की गई। सात दिन की इस यात्रा में मंदिर, मस्जिद, संग्रहालय, मॉल, विभिन्न उद्यान तथा प्रमुख दर्शनीय स्थलों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया है। डॉ. आरती के अनुसार मलेशिया में चीन, भारत तथा ब्रिटेन की झलक मिलती है। यहाँ देखे गए प्रमुख दर्शनीय स्थलों में बाटु केव्स यानी चट्टानी गुफाओं का विस्तृत विवरण मोहित करता है। इसकी बानगी लेखिका के इस कथन से मिलती है—

‘चारों तरफ ऊँची सीधी पथरीली चूना पहाड़ियों से घिरा बाटु केव्स कॉम्प्लेक्स शुरू तो पार्किंग से हुआ और खत्म कहाँ है, कोई ओर-छोर नहीं दिख पड़ता था। अनेक छोटे-बड़े मंदिरों में मूल प्रतिमा तक पहुँचाने के लिए लहरों द्वारा छोड़ी गई रंगीन रेत का-सा भान देती सतरंगी सीढ़ियाँ बड़ी आश्चर्यजनक लगीं। रामायण के मुख्य खंडों का मूर्तिपरक निर्माण और उन पर प्रकाश की ऐसी व्यवस्था कि निगाहें हट न सकें, दाँतों तले उँगली दबाने को विवश करती हैं।’

इसी प्रकार कैलीप कैलीप फायरफ्लाई गार्डन (जुगनू का बगीचा) का विवरण भी इसे देखने की इच्छा उत्पन्न करता है। इसके लिए डॉ. आरती लिखती हैं—

‘मेलंगोर नदी के दोनों ओर दलदली भूमि में उगने वाले मैंग्रोव पेड़ों पर जगमगाते करोड़ों जुगनुओं को देखना अनूठी प्रतीति थी। कमाल की बात यह थी कि जुगनू किसी तालबद्ध तरीके से एक साथ टिमटिमाते आसमानी तारों के समान अविश्वसनीय रूप से समकालिक जगमगाहट देते थे। घुप्प अँधेरा होने के कारण इस खद्योत रश्मि से हर पेड़ क्रिसमस ट्री के समान जलते-बुझते बल्ब की लड़ियों से लदा हुआ लगता था।’

पर्वतीय कृषि मैदान कैमरन हाइलैंड का विवरण भी सुखद अनुभूति देता है। इसके बारे में डॉ. आरती लिखती हैं—

‘हरित लावण्य से भरपूर, शहर के परिष्करण से अनजान-सा यह अंचल प्रदेश ग्रामीण अंचल की महक बिखेरता है। पहाड़ी मार्ग शुरू होते ही छोटे-छोटे कई झरने मन मोह लेते हैं। सुरम्य घाटियाँ, सुदूरवर्ती हरितिमा, व्यवस्थित रीति द्वारा खेती मन को गहराई तक छू जाती है। पौधों को ढकने के लिए पारभासी पॉलीकार्बोनेट चादरों से बनी छतें ग्रीनहाउस का कार्य करती हैं और समरसता को बढ़ाती हैं। इस स्थान की हरियाली और ठंडक तो पर्यटक को आकर्षित करती ही है, विभिन्न प्रकार के फार्म के अन्वेषण-परीक्षण की सुविधा भी कम उत्साहजनक नहीं है। छोटी ऊँचाई के असंख्य पौधों व कृषि की विधियों को समझना भी कम रोचक न था।’

यात्रा-विवरण का अगला देश है ‘वादियों का झुरमुट—ओमान’, जिसके मस्कट शहर की यात्रा लेखिका द्वारा की गई है। यू.ए.ई. का पड़ोसी देश होने तथा दोनों देशों के बीच की दूरी कम होने के कारण लेखिका द्वारा इस देश की यात्रा कार से की गई है। तीन दिन के इस यात्रा-विवरण में रास्ते में देखे गए नज़ारों के सुंदर वर्णन के साथ विभिन्न दर्शनीय स्थलों का विवरण है, जिनमें विभिन्न समुद्र तट, बाज़ार, संग्रहालय, किले तथा वादियों का सचित्र-सजीव वर्णन है। कई बार किसी दर्शनीय स्थल की खूबसूरती को बयाँ करने में शब्द कम पड़ जाते हैं, परंतु इस यात्रा-विवरण में डॉ. आरती द्वारा चयनित शब्दावली उन दर्शनीय स्थलों की खूबसूरती के साथ न्याय करती है। ओमान की संस्कृति, संगीत और कला के संगम स्थल ‘रॉयल ओपेरा हाउस’ का वर्णन इस बात का साक्षी है। डॉ. आरती लिखती हैं—

‘सूर्य की रोशनी के प्रताप से यह श्वेत विशाल भवन वारिद दूत-सा चमकता है और रात के आलोक में पिघलते सोने-सा दमकता है। एक ओर समुद्र और दूसरी ओर पहाड़ियों के पार्श्व में यह किसी स्वप्नलोक सदृश आभासित होता है। सुविधासंपन्न, आडंबररहित और शालीनता की प्रतिमूर्ति। इसके शिल्प में इस्लामिक तथा इटली का पारंपरिक व आधुनिक सम्मिश्रण है। इसका बगीचा भी मोहक बागवानी की मिसाल देता है। बाहर विशुद्ध शुभ्र संगमरमर तथा अंदरूनी सज्जा का केसरिया-गुलाबी सौष्ठव इसके रूप को अद्वितीय बनाता है और शाही लावण्य प्रदान करता है। छतों की कारीगरी, नक्काशीदार लकड़ी और उच्च श्रेणी के झूमरों से सजावट इसे सुरुचिपूर्ण बनाती है।’

डॉ. आरती की इस पुस्तक में यात्रा की योजना से संबंधित हर संभव जानकारी उपलब्ध कराने की सफल कोशिश की गई है। साथ ही घूमे गए हर देश की मुद्रा की भारतीय मुद्रा से तुलना, ठहरे गए होटल, दर्शनीय स्थलों पर लगने वाली टिकट आदि जैसी सूक्ष्म से सूक्ष्म जानकारी भी साझा की गई है। इन पाँच देशों में हर दिन देखे गए स्थलों का सिलसिलेवार वर्णन है। कुल मिलाकर यह पुस्तक यात्राओं की योजना बनाने में घुमंतू प्रजाति के लिए महत्त्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी। इस पुस्तक के लिए डॉ. आरती ‘लोकेश’ को असीम शुभकामनाएँ।

  • कौसर भुट्टो

दुबई, यू.ए.ई.

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest