मुझे याद पड़ता है कि अपने 24 सितंबर 2023 के संपादकीय ‘किराये पर परिवार’ में मैंने लिखा था कि, “अब जापान में किराये के रिश्तेदार मिलने लगे हैं। डेली वेज वाले कलाकार भी हैं, जो दिन में परिवार के सदस्य की एक्टिंग करते हैं और शाम को अपनी दिहाड़ी के पैसे अपनी जेब में डालकर वापस घर को निकल लेते हैं। ये कलाकार चर्च में साथ जाने के लिए, किसी पार्टी में परिवार का सदस्य बनने के लिए, स्कूल में विद्यार्थी के अभिभावक बनने के लिए यानी कि किसी भी किरदार को निभाने के लिए तैयार होते हैं, बस दाम सही मिल जाने चाहिए।”
इसी संपादकीय में मैंने ब्रिटेन और यूरोप में वरिष्ठ नागरिकों के अकेलेपन की बात भी रखी थी और दो हिंदी फ़िल्मों का ज़िक्र भी किया था-1958 की बी.आर. चोपड़ा की फ़िल्म ‘साधना’ और 2023 की फ़िल्म ‘ट्रायल पीरियड’। इन फ़िल्मों की थीम भी किराये के रिश्तेदारों पर आधारित थी।
मैंने यह भी ज़िक्र किया था कि ऐसा अकेलापन ब्रिटेन और यूरोप तक सीमित नहीं है। अब इसे भारत के महानगरों में भी महसूस किया जा सकता है। मगर मुझे सचमुच यह अहसास नहीं हुआ था कि तीन वर्षों के भीतर ही ऐसे मानवीय मुद्दे पर भारत जापान की बराबरी करने लगेगा।
हमें अल-जज़ीरा समाचारपत्र में प्रकाशित एक समाचार ने सोचने पर मजबूर कर दिया कि जिस समय पूरे भारत में भारतीय ज्ञान परंपरा पर चर्चाएँ हो रही हैं, भारत की राजधानी के निकट वही सब हो रहा है, जिसका ज़िक्र हमने तीन साल पहले किया था।
‘किराये पर पोता-पोती’ शीर्षक वाले समाचार में अल-जज़ीरा लिखता है कि, “भारत में बुज़ुर्गों को साथी उपलब्ध कराने वाले कारोबार बढ़ रहे हैं। कुछ ऐसी कंपनियाँ सामने आ रही हैं, जो एक ऐसी सेवा प्रदान कर रही हैं, जिसे पहले परिवार का स्वाभाविक हिस्सा माना जाता था, यानी बुज़ुर्गों की देखभाल करने वाला कोई व्यक्ति।”
मसला यह है कि बच्चे विदेशों में बस चुके हैं और बुज़ुर्ग माँ-बाप कमज़ोर स्वास्थ्य के चलते बहुत से काम निपटाने के लिए घर से बाहर आसानी से नहीं जा पाते। ऐसे में ‘आपदा में अवसर’ ढूँढ़ने वाली कंपनियाँ अपनी नई योजनाओं के साथ सामने आ जाती हैं। वे वरिष्ठ नागरिकों के काम भी करवा लेती हैं और बेरोज़गारों को रोज़गार भी उपलब्ध करवा देती हैं। ज़ाहिर है कि बीच में अपना कमीशन भी रखेंगी, वरना उनकी दुकान कैसे चलेगी?
कहानी है सुनील बुद्धिराजा की, जिनकी दोनों बेटियाँ अमेरिका में रहती हैं। जीने के लिए इंसान को रोज़मर्रा की चीज़ें ख़रीदने के लिए बाहर तो निकलना ही पड़ता है। गुरुग्राम की आसमान छूती एक इमारत में सुनील बुद्धिराजा और उनकी पत्नी रहते हैं। उनका साथी है बुढ़ापा और अकेलापन।
स्मरण रहे कि गुरुग्राम भारत की राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित एक व्यस्त व्यावसायिक केंद्र है। आज वहाँ मैनहट्टन की तरह बहुमंज़िला इमारतें बनी हुई हैं। फिर भी, जब वे और उनकी पत्नी गुरुग्राम के बाज़ार जाते हैं, तो एक युवक उनके साथ-साथ चलता है। यह 26 वर्षीय रोनी राजू है और उसका इन वरिष्ठ नागरिकों के साथ एक अनूठा रिश्ता है। जी हाँ, वह उनका ‘किराये का पोता’ है।
अब भारत के बहुत से बड़े शहरों में कुछ ऐसी कंपनियाँ सामने आ रही हैं, जो एक ऐसी सेवा प्रदान कर रही हैं, जिसे पहले परिवार का ही काम माना जाता था, जैसे कि बुज़ुर्गों की देखभाल करना। इन कामों में उन्हें मंदिर ले जाना, अस्पताल जाने पर उनके साथ रहना, ताश खेलना या बस उनकी बातें सुनना शामिल है। कुछ कंपनियाँ ऐसे कर्मचारियों को ‘किराये के बच्चे’ कहती हैं, तो कुछ इन्हें ‘किराये के पोते-पोतियाँ’ कहती हैं।
भारत आज विश्व का सबसे अधिक आबादी वाला देश है। चिंता का विषय यह भी है कि भारत में वृद्धों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है।
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर पॉपुलेशन साइंसेज़ की ‘इंडिया एजिंग रिपोर्ट 2023’ के अनुसार, 2022 में भारत की कुल आबादी में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत थी। अनुमान है कि 2050 तक यह आँकड़ा लगभग दोगुना होकर 21 प्रतिशत हो जाएगा।
इसका मतलब यह है कि वर्ष 2050 तक लगभग 34.7 करोड़ बुज़ुर्ग भारतीयों को विशेष देखभाल की ज़रूरत होगी। यह संख्या दुनिया के तीसरे सबसे अधिक आबादी वाले देश, अमेरिका की कुल जनसंख्या के लगभग बराबर है।
‘आपदा में अवसर’ ढूँढ़ना तो दुनिया की रीत ही है। इसी को देखते हुए कई भारतीय स्टार्टअप्स को इसमें एक अवसर दिखाई दे रहा है, क्योंकि भारत सरकार के अनुमान के मुताबिक, सीनियर केयर (बुज़ुर्गों की देखभाल) इंडस्ट्री लगभग 7 अरब डॉलर की हो चुकी है।
सोशल वर्क में मास्टर डिग्री रखने वाले राजू गुरुग्राम की ऐसी ही एक कंपनी के लिए काम करते हैं। वे पिछले कुछ महीनों से बुद्धिराजा दंपति की देखभाल कर रहे हैं। वे इसे एक ऐसे करियर के रूप में देखते हैं, जहाँ वे समाज के काम भी आ रहे हैं और साथ ही अपने परिवार का भरण-पोषण भी कर रहे हैं।
80 वर्ष से अधिक उम्र के बुद्धिराजा भावुक होकर बताते हैं, “मैं शुरू से ही उनके साथ सहज महसूस कर रहा था। मुझे लगता है कि राजू मुझे और हमारी ज़रूरतों को 200 प्रतिशत समझता है।”
राजू इस रिश्ते को कुछ इसी तरह बयान करते हैं, “अभी के लिए, वे मेरे परिवार जैसे हैं।” राजू के अनुसार, यह दंपति उन्हें ‘अपने बच्चे की तरह’ मानता है और वे उनके लिए ‘सिर्फ एक सर्विस कंपैनियन (सहायक) से कहीं बढ़कर’ हैं।
पिछले कुछ महीनों में यह रिश्ता और गहरा हो गया है। जब श्री बुद्धिराजा को सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो राजू ने डॉक्टरों और दवाओं से संबंधित सभी बातों का पूरा ध्यान रखा। यहाँ तक कि अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद भी वे उनका हाल-चाल जानने के लिए फ़ोन कर लिया करते थे।
राजू के बॉस गौरव मित्तल का कहना है कि उनके कई क्लाइंट अपने साथियों के साथ बिल्कुल ‘अपने पोते-पोतियों’ जैसा व्यवहार करते हैं।
वे महीने में 10 घंटे की सेवा के लिए 450 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लेते हैं और अगर सेवा 25 घंटे की हो, तो 400 रुपये प्रति घंटे लेते हैं। एक मज़ेदार बात यह भी है कि मोबाइल फ़ोन रिचार्ज की तरह, जो घंटे इस्तेमाल नहीं हो पाते, वे अगले महीने के हिसाब में जुड़ जाते हैं। फ़िलहाल मित्तल की यह सेवा शहरों के उन चुनिंदा परिवारों के लिए सटीक मानी जा सकती है, जो आर्थिक रूप से काफी मज़बूत हैं। देश के बहुत से बड़े शहरों में अब ऐसी सेवाएँ उपलब्ध करवाने के लिए एजेंसियाँ शुरू की गई हैं।
दरअसल, सच्चाई तो यह है कि जब से संयुक्त परिवार व्यवस्था चरमराई है, तब से भारत में भी अन्य देशों की तरह बुज़ुर्गों की समस्याएँ पेचीदा होती गई हैं। सामाजिक अलगाव और अकेलापन बुज़ुर्गों के लिए गंभीर समस्याएँ हैं। सामाजिक अलगाव एक ऐसी स्थिति है, जो बुज़ुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। एकल परिवारों की बहुतायत के कारण अक्सर बुज़ुर्गों को अपनी देखभाल स्वयं ही करनी पड़ती है।
यह अलगाव अकेलेपन को जन्म दे सकता है, जो मानसिक और शारीरिक, दोनों तरह के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इस स्थिति के प्रभाव को कम करने के लिए सामुदायिक केंद्र और सामाजिक समूह बहुत महत्त्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये आवश्यक सामाजिक मेलजोल और सहयोग प्रदान करते हैं।
बुज़ुर्गों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ आम हैं। कई लोग मधुमेह (डायबिटीज), गठिया (आर्थराइटिस) और हृदय रोगों जैसी पुरानी बीमारियों से जूझ रहे हैं। किफ़ायती और अच्छी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच पाना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए।
दवाओं और इलाज का अधिक खर्च उनके जीवन की गुणवत्ता को और भी खराब कर सकता है। इसलिए, ऐसी व्यापक स्वास्थ्य नीतियों की आवश्यकता है, जो बुज़ुर्गों के लिए बेहतर स्वास्थ्य बीमा कवरेज और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुँच सुनिश्चित कर सकें।
बहुत से बुज़ुर्ग आर्थिक बदहाली के भी शिकार हो जाते हैं। उन्होंने जीवन भर अपने बच्चों को स्थापित करने के चक्कर में अपने बुढ़ापे के लिए कोई इंतज़ाम नहीं किया होता। मगर उनकी औलादें बुढ़ापे के समय उनके साथ खड़ी नहीं होतीं। यह स्थिति उन्हें मानसिक और आर्थिक, दोनों तरह से तोड़ देती है।
बुज़ुर्गों को केवल घर के भीतर ही जीवन नहीं जीना होता है। उन्हें बाहर भी निकलना होता है। इसके लिए यदि घर का कोई सदस्य उपलब्ध नहीं है, तो उसका विकल्प तो ढूँढ़ना ही होगा।
कोई भी प्रगतिशील समाज हमेशा केवल पारंपरिक तरीकों पर टिका नहीं रहता। जैसे-जैसे समाज तरक्की करता है, वैसे-वैसे ही जीवन जीने के तरीकों में बदलाव आता रहता है। आज जो संस्थाएँ बुज़ुर्गों को पोता-पोती उपलब्ध करवा रही हैं, वे आज के समय की ज़रूरत हैं।

इस बार का संपादकीय, भारतीय समाज और समाज शास्त्रियों के साथ साथ विश्व के विभिन्न देशों की बढ़ती हुई आबादी में बढ़ती उम्र पर क्या-क्या कहर टूट रहे हैं। इसी को बता रहा है।किराए पर पोता! यह टाइटल जितना मर्म स्पर्शी है उतना ही बताता है कि हम क्या क्या किराए पर अब लेने को मजबूर हो गए हैं !!!वे माता-पिता जिन्होंने अपनी संतान को अपनी जरूरत को कम करके भी आगे प्रगति के पथ पर बढ़ाया? अब वही उन्हें समय और सानिध्य नहीं दे पा रहा है। यह एक और मजे की बात यह है कि कभी भारतीय परिवार एक आदर्श हुआ करते थे और भारतीयों की सहिष्णुता, बचत करने की आदत ,अपनी बुजुर्गों का ध्यान रखने की आदत!!! विश्व में सराही जाती थी। अब हम दो से हमारे दो तीन से समीकरण बदलते हुआ अब हम दो हमारे एक पर जाकर टिक गया है ।यही खतरे की घंटी है??! कि जब यह दंपति बूढ़े हो जाते हैं तो इन्हें आत्मीयता नहीं मिल पाती है।
यहां पर हमें यह बात भी समझनी होगी कि भारत आज विश्व का सबसे जनसंख्या बहुल राष्ट्र रहे और जब यहां के समाज के समीकरणों में तेजी से अंतर आ रहा है जो सकारात्मक के आसपास तो कतई नहीं है तो उसका असर विश्व के प्रदर्शन पर भी निश्चित रूप से पड़ेगा।
इतने उम्दा और सारगर्भित संपादकीय हेतु बधाई से कुछ अधिक सादर आभार उन वरिष्ठ नागरिकों की ओर से भी!!!
भाई सूर्यकांत जी, आपकी टिप्पणी हमेशा त्वरित मगर सारगर्भित होती है। आपने सही कहा है कि यह ख़तरे की घंटी है।… इस पर गंभीरता से विचार करना आवश्यक है।
जब बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से पाए
आदरणीय तेजेंद्र जी आपके संपादकीय ने हृदय को झकजोर दिया , समाज में कोई भी तब्दीली यकायक नहीं आ जाती बदलाव हमेशा एक दो पीढ़ी पहले से ही चलता है परिणाम स्वरूप जो बदलाव हमें दिखता है वह पिछली पीढ़ी के कर्मों का ही फल होता है समय परिवर्तन के साथ-साथ जीवको उपार्जन के कर्मक्षेत्र भी बदल गए साथ ही बदल गए संयुक्त परिवार बात इतनी ही होती तो भी ठीक था संयुक्त परिवारों की परिभाषा में हमने अपने माता-पिता को भी अलग हटा दिया सिर्फ एकाकी परिवार रह गया ना बच्चों ने दादा दादी की परवरिश करते हुए मां-बाप को देखा ना उनका ध्यान रखते हुए देखा ना उनकी सेवा करते हुए देखी यह कमी हम माता-पिता ने ही बच्चों को सिखलाई , बच्चों की महत्वाकांक्षाओं को इतनी ऊंची उड़ान दी की वह माता-पिता से भी दूर हो गए हमने खुद गर्व अनुभव किया बच्चों को विदेश भेज कर लेकिन भूल गए की हमारी वृद्धावस्था में हमें उनकी आवश्यकता होगी और जो ज्ञान हमने इनको सिखाया है वह ज्ञान हमारे देश के लोगों को इसका लाभ न मिलकर विदेश के लोगों को उपलब्ध कराया हमने दो तरफ से अपना नुकसान स्वयं पैदा किया और अब पछताए हो क्या जब चिड़िया चुग गई खेत
मैंने कई पोश कॉलोनी में कई अनेक वृद्ध माता पिता को अकेले रहते हुए देखा है जो घरेलू नौकरों के सहारे अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं उनके पास पैसा है बच्चे विदेश में है वीडियो पर बात होती है लेकिन मुलाकात हो सकता हैमरने के बाद भी हो पाए या ना हो पाए
यह तो चलो उन अमीर परिवार के लोगों की बातें हैं जो अपने लिए किराए पर पोता पोती या सहायक उपलब्ध कर सकते हैं लेकिन लोअर मध्य वर्ग शायद इतना बोझ ना उठा पाए यह भी हो सकता है उनके बच्चे अपने ही देश में रहते हो लेकिन हमने उन्हें वह संस्कार नहीं दे पाए कि वह हमारी वृद्धावस्था की जरूरत को पैसों से नहीं प्रेम से समझ सकते क्योंकि हमारी पीढ़ी के एक बहुत बड़े हिस्से में संयुक्त परिवार की अवहेलना की और उसका परिणाम यह है की बच्चों की मानवीय संवेदनाएं भी पुख न पाई
यह बात तो जाहिर सी है की समस्याएं होंगी तो समाधान भी खोज जाएंगे किराए के पोता पोती किराए के रिश्तेदार यह सब हमारे संस्कारों को ना सहेज पाने की वजह से उपजी हैं
एक नया कारोबार रिश्तों का जो मजबूरी कहे आवश्यकता कहें आगे बढ़ता ही जाएगा
मगर आपकी संपादकीय को पढ़कर मैं सोचती हूं की पीढ़ी को सजग भी हो जाना चाहिए अपने संस्कारों के प्रति परिवार के स्नेह प्रेम सम्मान एक दूसरे को आदर देने के प्रति ताकि कृत्रिम परिवार की जगह जीवन के उत्तरार्ध में सही अपनों का प्रेम सम्मान मिले इसके लिए उन्हें अपनी एक पीढ़ी पूर्व माता-पिता को अपने साथ सम्मान पूर्वक रखना होगा उनकी देखभाल करनी होगी उनकी आवश्यकताओं को समझना होगा और यह रील आपरोक्ष रूप में ही हमारे बच्चों के हृदय में घर करेगी और आपको कभी भी उन्हें कहने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी वह स्वयं अपने इस उत्तरदायित्व को निभाएंगे क्योंकि उन्होंने अपने माता-पिता को दादा-दादी की सेवा करते हुए उन्हें सम्मान देते हुए देखभाल करते हुए देखा होगा
आपकी संपादकीय बस इसीलिए ही सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है लोग इसे शिक्षा लें ताकि यह कृत्रिम प्रेम का कारोबार बहुत ही जरूरी आवश्यकता होने पर ही पनपे जहां पर कोई उनका अपना ना हो
आम जनता को सचेत करता संपादकीय के लिये कुन्ती का आभार धन्यवाद सर
आदरणीय सर,
सादर प्रणाम।
आपका संपादकीय ‘चार सौ रुपये प्रति घंटे पर पोता……’ पढ़ा। सच कहूँ तो यह केवल बुजुर्गों के अकेलेपन की कथा नहीं, बल्कि हमारे समय के बदलते सामाजिक और पारिवारिक यथार्थ का एक ऐसा आईना है, जिसमें अपनी ही संवेदनहीन होती जा रही जीवनशैली का चेहरा दिखाई देता है। आपने एक छोटे-से प्रसंग के बहाने जिस बड़े सामाजिक सच को सामने रखा है, वह भीतर तक विचलित करता है।
कभी जिन माता-पिता ने अपनी पूरी उम्र बच्चों का भविष्य सँवारने में लगा दी, जीवन की साँझ में उन्हीं को कुछ घंटों की संगति के लिए किराये के पोते की आवश्यकता पड़ रही है। विडंबना देखिए कि जिस रिश्ते को दुनिया का सबसे सहज, स्वाभाविक और निःस्वार्थ रिश्ता माना जाता रहा है, आज उसके लिए भी प्रति घंटे की दर निर्धारित हो रही है। चार सौ रुपये में पोते की संगति! यह केवल व्यावसायिक सेवा नहीं, बल्कि टूटते-दरकते रिश्तों के बीच हमारे समय के पारिवारिक और सामाजिक अंतर्विरोधों पर एक गहरा व्यंग्य है। स्पष्ट है कि आज संबंधों की चूले हिल उठी हैं।
आपने गुरुग्राम के सुनील बुद्धिराजा और रोनी राजू के प्रसंग को जिस आत्मीयता से उठाया है, वह इस विमर्श को एक जीवंत मानवीय संदर्भ देता है। रोनी का अपने दायित्व से आगे बढ़कर बुजुर्ग दंपति के प्रति आत्मीय व्यवहार करना यह बताता है कि संवेदनाएँ अभी पूरी तरह मरी नहीं हैं। व्यावसायिक संबंध से शुरू हुआ रिश्ता भी आत्मीयता की जमीन पा सकता है, लेकिन एक प्रश्न फिर भी अपनी पूरी गंभीरता के साथ सामने खड़ा है कि क्या किसी बुजुर्ग को अपने ही जीवन के अंतिम पड़ाव पर अपनापन पाने के लिए किसी सेवा या सुविधा प्रदाता का ग्राहक बनना पड़ेगा?
बेशक, बच्चों का विदेशों में बसना, रोजगार की विवशताएँ और एकल परिवारों का बढ़ता चलन आज की वास्तविकताएँ हैं। हर परिवार की परिस्थितियाँ एक जैसी नहीं होतीं और हर संतान को एक ही तराजू पर तौलना भी उचित नहीं होगा, लेकिन व्यस्तता और विवशता के बीच संवेदना के लिए भी कुछ जगह बची रहनी चाहिए। माता-पिता के खाते में पैसे भेज देना, दवाइयों की व्यवस्था कर देना अथवा किसी सहायक की सेवा उपलब्ध करा देना ही उनके प्रति संपूर्ण दायित्व का निर्वाह नहीं है। उन्हें अपने बच्चों की आवाज, उनके साथ कुछ पल और इस भरोसे की भी जरूरत होती है कि वे अपने ही परिवार में उपेक्षित नहीं हैं।
संपादकीय का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष यह है कि आपने इस नई व्यवस्था को केवल नैतिक पतन कहकर खारिज नहीं किया है, बल्कि उसके व्यावहारिक पक्ष और रोजगार की संभावनाओं को भी स्वीकार किया है। निस्संदेह ऐसी सेवाएँ अनेक बुजुर्गों के लिए सहारा बन सकती हैं, लेकिन यह भी विचारणीय है कि कहीं बाजार की यह सुविधा उस सामाजिक रिक्तता को स्थायी स्वीकृति तो नहीं दे रही, जिसकी भरपाई मूलतः परिवार और समाज को करनी चाहिए! बाजार जरूरतों का समाधान खोज सकता है, पर रिश्तों की जिम्मेदारी नहीं उठा सकता।
मेरे विचार से इस पूरे प्रसंग की सबसे बड़ी त्रासदी यह नहीं है कि पोते किराये पर मिलने लगे हैं; त्रासदी यह है कि पोते-पोतियों के होते हुए भी बुजुर्गों को किराये के पोते की आवश्यकता पड़ रही है। बाजार ने हमारी जरूरत पहचान ली, लेकिन परिवार अपनी जिम्मेदारी पहचानने में पीछे रह गया। यही हमारे समय का सबसे बड़ा अंतर्विरोध है।
वृद्धावस्था केवल दवाओं, उपचार और आर्थिक सुरक्षा का प्रश्न नहीं है। यह सम्मान, संवाद और आत्मीयता की भी उतनी ही बड़ी आवश्यकता है। जीवन की संध्या में मनुष्य को सबसे अधिक जरूरत इस एहसास की होती है कि कोई उसका अपना है, कोई उसकी प्रतीक्षा करता है और उसकी उपस्थिति आज भी किसी के जीवन में महत्त्व रखती है। इस एहसास की कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती।
इस बार का संपादकीय हमें अपनी प्राथमिकताओं पर पुनर्विचार करने के लिए विवश करता है। आखिर जिस विकास और आधुनिकता पर हम गर्व करते हैं, उसकी सार्थकता क्या तब भी बनी रह सकती है, जब उसी विकास की दौड़ में हमारे बुजुर्ग अपने ही परिवार के बीच अकेले पड़ जाएँ! यह प्रश्न केवल आज के बच्चों या परिवारों से नहीं, पूरे समाज से है। आपने जिस सहजता से एक सामाजिक समाचार को हमारे पारिवारिक जीवन की गहरी विडंबना से जोड़ा है, वह संपादकीय की वास्तविक उपलब्धि है।
“पुरवाई” 14नवंबर 2026
का संपादकीय शीर्षक
“चार सौ रुपये प्रति घंटे पर पोता…”
आज के चकाचौंध भरे भौतिकवादी युग में सामाजिक- पारिवारिक टूटन के फलस्वरूप मनुष्य के एकाकीपन की सामान्य दिखने वाली गहरी निराशा और हताशा की गंभीर समस्या को मनोविज्ञान धरातल पर उजागर करता है।बहुचर्चित कहानीकार- संपादक श्री तेजेंद्र शर्मा जी ने अपने एक पूर्ववर्ती संपादकीय (24 सितंबर 2023 ) का स्मरण करते हुए “ किराए पर रिश्तेदार “ के परिप्रेक्ष्य में जापान में किराये से रिश्तेदार मिलने का उल्लेख किया है। इसके साथ ही ब्रिटेन और यूरोप में वरिष्ठ नागरिकों के अकेलेपन की बात भी कही गई थी। इस थीम पर
1958 की दो फ़िल्मों का जिक्र भी हुआ था ।
ब्रिटेन और यूरोप की तरह अकेलेपन की स्थिति भारत के महानगरों में भी पसर रही है। सन् 23 के बाद महज़ तीन वर्षों में ( 2026 ) में इस समस्या की विकरालता पर चिंतन इस संपादकीय के केन्द्र में है ।
अल-जज़ीरा समाचारपत्र में प्रकाशित एक समाचार ने संपादक को सोचने पर मजबूर कर दिया कि “ जिस समय पूरे भारत में भारतीय ज्ञान परंपरा पर चर्चाएँ हो रही हैं, भारत की राजधानी के निकट वही सब हो रहा है, जिसका ज़िक्र हमने तीन साल पहले किया था।”
‘किराये पर पोता-पोती’ शीर्षक वाले समाचार में अल-जज़ीरा के कथन को संदर्भित किया गया है कि
“भारत में बुज़ुर्गों को साथी उपलब्ध कराने वाले कारोबार बढ़ रहे हैं। संपादक ने इसके मुख्य कारण – कई कंपनियों का भारत में आना ,
बच्चों का विदेशों में बस जाना आदि को माना है ।
माँ-बाप कमज़ोर स्वास्थ्य के
कारण अपना काम नहीं कर पाते तथा बाहर के कार्यों को भी नहीं कर पाते , जिससे अनेक समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं ।
गुरुग्राम के एक अत्यंत समृद्ध परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की कहानी का उल्लेख मार्मिक है । जिनका साथी बुढ़ापा और अकेलापन है । बाजार में इस वृद्ध दंपत्ति के साथ 26 वर्षीय एक व्यक्ति किराये में उनका पोता बनकर चल रहा है । संपादक ने लिखा है -“अब भारत के बहुत से बड़े शहरों में कुछ ऐसी कंपनियाँ सामने आ रही हैं, जो एक ऐसी सेवा प्रदान कर रही हैं, जिसे पहले परिवार का ही काम माना जाता था, जैसे कि बुज़ुर्गों की देखभाल करना। इन कामों में उन्हें मंदिर ले जाना, अस्पताल जाने पर उनके साथ रहना, ताश खेलना या बस उनकी बातें सुनना शामिल है। “ उन्होंने चिंता जताई है कि भारत जैसे अधिक आबादी वाले देश में अब वृद्धों की संख्या बढ़ रही है । उनका अनुमान है कि 2050 तक यह आँकड़ा
21 प्रतिशत हो जाएगा।जो आज की स्थिति में
अमेरिका की कुल जनसंख्या के लगभग बराबर है। बुजुर्गों की अस्वस्थता , शारीरिक असमर्थता आदि को दृष्टिगत रखते हुए ‘आपदा में अवसर’ ढूँढ़ने वाली कंपनियों और सामाजिक सोच पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया गया है । प्रकारान्तर से सामाजिक संगठन, वृद्धाश्रम इसके लिए पर्याप्त समाधानकारक नहीं हैं । इसलिए स्वास्थ्य नीति की ओर संपादक का ध्यान जाता है। तभी समाज की प्रगति संभव है ।
इन उत्कृष्ट विचारों का स्वागत है ।
मीनकेतन प्रधान
भारत
पुनश्च …..
अंक में कुछ और बातें उल्लेखनीय हैं ।
विगत दिनांक 30-31 अक्टूबर 2026 को रायगढ़, भारत में दो दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया था । जिसमें प्रवासी साहित्यकारों में अग्रगण्य बहुचर्चित कहानीकार श्री तेजेंद्र शर्मा विशेष रूप से आमंत्रित थे । देश -विदेश के अनेक साहित्यकारों के मध्य प्रवासी साहित्य की विकास यात्रा और उसके वैशिष्ट्य पर उनका अत्यंत प्रभावशाली व्याख्यान हुआ था । जिसे भारत के प्रमुख समाचार पत्रों ने प्रकाशित किया। आयोजक को फोन सहित कई मैसेज प्राप्त हुए । इसके लिए उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ ।
यह हर्ष की बात है कि रायगढ़ कार्यक्रम में उपस्थित श्री सलीम जी ने पूरे आयोजन का विस्तृत विवरण “पुरवाई “ में प्रकाशित होने का उपक्रम किया । जिससे पूरी दुनिया में इस सेमिनार की महत्ता सिद्ध होगी ।
अस्तु कथा यूके के महासचिव और पुरवाई के
संपादक श्री तेजेंद्र जी को बहुत धन्यवाद।
साथ ही भारत के प्रभारी श्री सलीम जी को साधुवाद।
—-
मीनकेतन प्रधान
भारत
14/11/26