Monday, March 9, 2026
होमपुस्तकदीपक गिरकर की कलम से - समय, समाज और व्यक्ति के अंतर्द्वंद्वों...

दीपक गिरकर की कलम से – समय, समाज और व्यक्ति के अंतर्द्वंद्वों का सघन और प्रभावी चित्रण

पुस्तक  : लघुकथाओं का ख़ज़ाना (लघुकथा संग्रह
लेखक   : डॉ. योगेंद्र नाथ शुक्ल
प्रकाशककिताब घर, 24/4855, अंसारी रोड, दरियागंज, नई दिल्ली – 110002    
आईएसबीएन नंबर : 978-81-952147-7-8
मूल्य   : 320/- रूपए 
“लघुकथाओं का खजाना” वरिष्ठ लघुकथाकार डॉ. योगेन्द्रनाथ शुक्ल का तीसरा लघुकथा संग्रह है। देश के विभिन्न समाचार पत्र-पत्रिकाओं में डॉ. योगेन्द्रनाथ शुक्ल की लघुकथाएँ, कहानियाँ, कविताएँ, संस्मरण, शोधपरक आलेख, व्यंग्य, बाल रचनाएँ निरंतर प्रकाशित हो रही हैं। आपकी कई लघुकथाएँ मराठी, संस्कृत, उर्दू, सिंधी, पंजाबी, मालवी, नेपाली, गुजराती, कन्नड़, असमिया और निमाड़ी भाषा में अनुदित हुई हैं। आपने कई पत्र-पत्रिकाओं का संपादन किया हैं। 
डॉ. योगेन्द्रनाथ शुक्ल का साहित्यिक स्थान आज भारतीय लघुकथा-जगत में अत्यंत प्रतिष्ठित और सम्मानित माना जाता है। यह प्रतिष्ठा उन्हें केवल रचनाओं की संख्या के कारण नहीं, बल्कि उनकी वैचारिक गहराई, सामाजिक प्रतिबद्धता और अभिव्यक्ति की सादगी के कारण प्राप्त हुई है। वे उन साहित्यकारों में हैं जिन्होंने लघुकथा को न तो हल्की विधा समझा और न ही उसे मात्र मनोरंजन का माध्यम बनाया, बल्कि उसे समाज-परिवर्तन की सशक्त साहित्यिक विधा के रूप में प्रतिष्ठित करने का गंभीर प्रयास किया। डॉ. शुक्ल की सबसे बड़ी विशेषता उनकी भाषा है। वे अत्यंत सरल, सहज और संप्रेषणीय शब्दावली का प्रयोग करते हैं, किंतु उस सरलता में विचारों की गहनता और संवेदनाओं की तीव्रता समाहित रहती है। उनकी रचनाएँ पढ़ते समय पाठक को भाषा की जटिलता से जूझना नहीं पड़ता, बल्कि वह सीधे कथ्य के मर्म तक पहुँच जाता है। यही कारण है कि उनकी लघुकथाएँ व्यापक पाठक-वर्ग तक सहजता से पहुँचती हैं और दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ती हैं। उन्होंने लघुकथा को एक गंभीर साहित्यिक विधा के रूप में स्वीकार करते हुए उसकी संरचना, कथ्य और उद्देश्य – तीनों पर विशेष ध्यान दिया है। उनके लिए लघुकथा केवल सीमित शब्दों में कही गई कहानी नहीं, बल्कि समय, समाज और व्यक्ति के अंतर्द्वंद्वों का सघन और प्रभावी चित्रण है। वे मानते हैं कि लघुकथा की संक्षिप्तता ही उसकी शक्ति है, कम शब्दों में गहरी चोट करना और पाठक को सोचने पर विवश कर देना। डॉ. शुक्ल की लघुकथाओं में सामाजिक यथार्थ का सजीव चित्र उपस्थित होता है। वे समाज में व्याप्त विसंगतियों, पाखंड, नैतिक पतन, शोषण, भ्रष्टाचार और मानवीय संवेदनहीनता पर तीखा प्रहार करते हैं। किंतु उनका उद्देश्य केवल आलोचना करना नहीं है, बल्कि पाठक के भीतर चेतना और जागरूकता का संचार करना है। वे लघुकथा को समाज की बुराइयों को दूर करने वाला एक प्रभावी अस्त्र-शस्त्र मानते हैं,  ऐसा साहित्यिक अस्त्र जो हिंसा नहीं, बल्कि विचार और संवेदना के माध्यम से परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करता है। इस संग्रह में छोटी-बड़ी 108 लघुकथाएँ हैं।
“जयकारे” लघुकथा एक भावप्रधान और सामयिक लघुकथा है, जिसमें धार्मिक वातावरण के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की तीव्र भावना को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया गया है। लघुकथा की शुरुआत सामान्य मंदिर-आरती के शांत दृश्य से होती है, जहाँ उत्साह की कमी दिखाई देती है। यही धीमा वातावरण आगे आने वाले भावात्मक उत्कर्ष की भूमिका तैयार करता है। लघुकथा का चरम उस क्षण में आता है जब गुरूजी पारंपरिक “आनंद” के स्थान पर कश्मीर में शहीद हुए जवानों के लिए जयकारा लगवाते हैं। यह अप्रत्याशित मोड़ पाठक के मन को झकझोर देता है। धार्मिक जयकारों का रूपांतरण राष्ट्र-नायकों के सम्मान में हो जाना कथा को अत्यंत मार्मिक और प्रभावशाली बना देता है।  “महापुरुष”  एक तीखी व्यंग्यात्मक लघुकथा है, जो सत्ता परिवर्तन के साथ बदलती वैचारिक प्राथमिकताओं पर सशक्त प्रहार करती है। लघुकथा का परिवेश प्रतीकात्मक रूप से उस तंत्र का प्रतिनिधित्व करता है जहाँ आदर्शों की नहीं, बल्कि सत्ता की विचारधारा की प्रधानता होती है। महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे राष्ट्रीय नेताओं की तस्वीरों को हटाकर अन्य वैचारिक धारा से जुड़े व्यक्तित्वों को स्थापित किया जाना केवल नामों का परिवर्तन नहीं, बल्कि इतिहास और स्मृति के राजनीतिक उपयोग का संकेत है। अंत में तुकाराम को दिया गया आदेश – पुरानी तस्वीरों को “अटाले वाले कमरे” में रख देने का,  लघुकथा का सबसे मारक बिंदु है। यह दर्शाता है कि यहाँ “महापुरुष” सम्मान के नहीं, बल्कि सत्ता की आवश्यकता के अनुसार उपयोग की वस्तु बन गए हैं।
“जान” एक अत्यंत मार्मिक और समकालीन संदर्भों को छूती हुई लघुकथा है, जो सांप्रदायिक हिंसा की भयावहता को बाल-संवाद के माध्यम से प्रस्तुत करती है। कथा की शुरुआत मासूम जिज्ञासा से होती है। पिता अपने बेटे आरिफ को श्लोक और मंत्र याद करते देख आश्चर्यचकित होते हैं। यहाँ तक वातावरण सकारात्मक और भाईचारे से भरा प्रतीत होता है। लघुकथा का वास्तविक झटका अंतिम संवाद में आता है, जब आरिफ स्पष्ट करता है कि यह अध्ययन जिज्ञासा या सौहार्द के लिए नहीं, बल्कि ज़िंदा रहने  की मजबूरी से प्रेरित है। दंगों का उल्लेख और पहचान के नाम पर की गई हत्याओं का संकेत पाठक को भीतर तक झकझोर देता है। “सफ़ेद गुलाब” समकालीन बाज़ारवाद और प्रेम की बदलती मानसिकता पर एक सूक्ष्म व्यंग्य है। लघुकथा का आरंभ एक चतुर दुकानदार से होता है, जो वैलेंटाइन डे के अवसर पर रंगों के प्रतीकात्मक अर्थ बताकर बिक्री बढ़ाने की योजना बनाता है। उसका फॉर्मूला  सफल भी होता है। युवा वर्ग भावनाओं के अर्थ पढ़कर उसी अनुरूप गुलाब खरीदता है और वह बिना मोलभाव ऊँचे दामों पर फूल बेच लेता है। लघुकथा का सबसे प्रभावशाली बिंदु अंत में आता है,  सभी गुलाब बिक जाते हैं, सिवाय सफ़ेद गुलाब के। जबकि फ्लेक्स के अनुसार सफ़ेद गुलाब “आजीवन साथ” का प्रतीक था पर स्थायित्व और प्रतिबद्धता का प्रतीक अनछुआ रह गया। 
लघुकथा “पैमाना” एक तीखा और निर्भीक रचना है, जो सांप्रदायिक हिंसा की क्रूर मानसिकता को बेनकाब करती है। सीनियर द्वारा दिए जा रहे निर्देश स्थिति की भयावहता को रेखांकित करते हैं कि दंगों में अब पहचान ही जीवन-मरण का प्रश्न बन चुकी है। लघुकथा का सबसे प्रभावशाली और झकझोर देने वाला क्षण अंत में आता है, जब यह स्पष्ट होता है कि धर्म की पहचान आस्था, विचार या ज्ञान से नहीं, बल्कि शरीर के आधार पर की जा रही है। पेंट खुलवाकर धर्म की पहचान वाला कथन सांप्रदायिक उन्माद की अमानवीयता को नंगा कर देता है।  “पैमाना” सांप्रदायिक विद्वेष पर करारा प्रहार करने वाली, साहसिक और विचारोत्तेजक लघुकथा है, जो पाठक को भीतर तक झकझोर देती है।  लघुकथा “चैनल” समकालीन मीडिया की सनसनीखेज प्रवृत्ति पर तीखा व्यंग्य है। लघुकथा में न्यूज़ चैनल के संपादक और कर्मचारी के बीच संवाद के माध्यम से यह दिखाया गया है कि समाचारों का मूल्य अब उनकी सामाजिक उपयोगिता से नहीं, बल्कि उनकी सनसनी और टीआरपी क्षमता से तय होता है। पूरी बातचीत में हत्या, नरसंहार, आत्महत्या, विस्फोट, हड़ताल जैसे नकारात्मक समाचारों की तलाश की जा रही है। जब कुछ भी बड़ा या खूनी  नहीं मिलता, तो संपादक की चिंता चैनल के बंद होने की हो जाती है। यह स्थिति मीडिया की उस मानसिकता को उजागर करती है, जहाँ शांति और सामान्य स्थिति भी संकट की तरह देखी जाती है। “टोपी” एक प्रभावशाली और यथार्थपरक लघुकथा है, जो सांप्रदायिक तनाव की भयावह सच्चाई को बहुत सहज ढंग से प्रस्तुत करती है। लेखक ने एक साधारण घरेलू संवाद के माध्यम से समाज में व्याप्त असुरक्षा और अविश्वास को उजागर किया है। दो बच्चों की साइकिल टक्कर जैसी मामूली घटना का दंगे में बदल जाना यह दर्शाता है कि समाज पहले से ही तनावग्रस्त है। लघुकथा का सबसे प्रभावशाली पक्ष इसका प्रतीकात्मक शीर्षक “टोपी”  है। यहाँ टोपी केवल पहनावा नहीं, बल्कि धार्मिक पहचान का प्रतीक है। अख्तर साहब का अपने बेटे से आज टोपी लगाकर मत जाना कहना इस बात को दर्शाता है कि हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि व्यक्ति को अपनी पहचान छिपाने की आवश्यकता महसूस हो रही है।
“मकर-संक्रान्ति” लघुकथा साम्प्रदायिक सदभावना का सन्देश देती है। “तब्दीली” लघुकथा में संवेदना का भाव स्वाभाविक रूप से अभिव्यक्त हुआ हैं। “स्वीट होम” लघुकथा मकान और घर के बीच के गहरे भावनात्मक अंतर को सरल लेकिन प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। “शहीद स्मारक” लघुकथा दो देशों के बीच होने वाले युद्ध की सार्थकता पर गहरा प्रश्नचिन्ह लगाती है। “भूख”, “कंफ़ेशन”, “चूल्हे में गया धरम”, “मेमने”, “पानी”, “बदलते नायक”, “किताब”, “बोली”, “ज़िंदादिली”, “सवाल”, “प्रेक्टिकल”, “दाग”, “बदलाव”, “दिवसों का दर्द” जैसी लघुकथाएँ लंबे अंतराल तक जेहन में प्रभाव छोड़ती हैं। 
डॉ. योगेंद्र नाथ शुक्ल की लघुकथाएँ समकालीन हिंदी साहित्य में मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक यथार्थ और जीवन की अनकही सच्चाइयों की सशक्त एवं मार्मिक अभिव्यक्ति के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उनकी रचनाशीलता का मूल स्रोत मानव-मन की गहराइयों में छिपी वे सूक्ष्म अनुभूतियाँ हैं, जो सामान्यतः दृष्टिगोचर नहीं होतीं, किंतु जीवन को भीतर से संचालित करती रहती हैं। वे जीवन के विविध रंगों—आनंद, पीड़ा, संघर्ष, विडंबना, करुणा और आशा—को अत्यंत संतुलित और प्रभावपूर्ण ढंग से शब्दबद्ध करते हैं।
उनकी लेखनी की सबसे बड़ी विशेषता उसकी सरलता और सहजता है। भाषा में अनावश्यक अलंकरण या दुरूहता नहीं है, फिर भी वह अपने भावात्मक और वैचारिक प्रभाव में अत्यंत गहन है। शब्दों की मितव्ययिता के बावजूद कथ्य की तीव्रता और प्रभावशीलता पाठक को भीतर तक स्पर्श करती है। प्रत्येक लघुकथा पाठक को अपने आसपास के समाज, परिवेश और मानवीय व्यवहार की वास्तविकताओं से परिचित कराती है। वे पाठक को केवल कथा नहीं सुनाते, बल्कि उसे सोचने, आत्ममंथन करने और अपने अनुभवों के आलोक में जीवन को पुनः देखने के लिए प्रेरित करते हैं।
इन लघुकथाओं में रिश्तों की अंतरंगता अत्यंत संवेदनशीलता के साथ उभरती है। पारिवारिक संबंधों की ऊष्मा हो या उनके भीतर छिपी दरारें—लेखक दोनों को समान प्रामाणिकता से चित्रित करते हैं। मानवीय मूल्यों की स्थापना और उनके विघटन की प्रक्रिया को वे सूक्ष्म मनोवैज्ञानिक दृष्टि से परखते हैं। कहीं नैतिक द्वंद्व है, कहीं मूल्य-विचलन की पीड़ा, तो कहीं आत्मग्लानि और प्रायश्चित का मौन संघर्ष—इन सबका चित्रण अत्यंत प्रभावशाली ढंग से सामने आता है। यही कारण है कि पाठक पात्रों की परिस्थितियों से केवल सहानुभूति ही नहीं रखता, बल्कि स्वयं को भी उन स्थितियों में रखकर देखने लगता है।
डॉ. शुक्ल की रचनाओं में समाज के प्रति गहरी संवेदना और सुधार की तीव्र आकांक्षा स्पष्ट दिखाई देती है। वे केवल यथार्थ का चित्रण नहीं करते, बल्कि उसकी तहों में उतरकर उसके कारणों और परिणामों की पड़ताल भी करते हैं। जीवन के कटु सत्यों को वे बिना किसी आवरण के प्रस्तुत करते हैं, किंतु उनकी दृष्टि निराशावादी नहीं है। वे अंधकार के बीच भी आशा की एक किरण खोज लेते हैं। उनकी अनेक लघुकथाएँ मौन प्रतिरोध का स्वर बनकर उभरती हैं—जहाँ अन्याय, विसंगति और पाखंड के विरुद्ध सूक्ष्म किंतु तीखा संदेश निहित होता है। वहीं कुछ रचनाएँ करुणा के माध्यम से मानवीय संवेदना को झकझोरती हैं, तो कुछ सामाजिक विडंबनाओं पर प्रहार करती हुई व्यंग्य का प्रभावी रूप धारण कर लेती हैं।
कथ्य, भाषा और विषयवस्तु,  इन तीनों स्तरों पर यह संग्रह अत्यंत सशक्त और संतुलित है। कथ्य की प्रामाणिकता इसे विश्वसनीय बनाती है; भाषा की मार्मिकता इसे प्रभावोत्पादक बनाती है; और विषयों की व्यापकता इसे समकालीन संदर्भों में प्रासंगिकता प्रदान करती है। लेखक समाज के विभिन्न वर्गों—ग्रामीण और शहरी जीवन, पारिवारिक और सामाजिक संरचनाओं, स्त्री-पुरुष संबंधों, पीढ़ियों के अंतर, नैतिक दुविधाओं और बदलते मूल्यबोध – सभी को अपने कथानक में स्थान देते हैं। इस व्यापकता के कारण पाठक स्वयं को कहीं न कहीं इन रचनाओं से जुड़ा हुआ अनुभव करता है।
डॉ. शुक्ल की लेखनी में साहित्यिक परिपक्वता के साथ नैतिक साहस भी विद्यमान है। वे समाज को आईना दिखाने से संकोच नहीं करते। उनकी दृष्टि संवेदनशील है, परंतु दुर्बल नहीं; वे करुणा के साथ-साथ विवेक और न्याय की चेतना भी जागृत करते हैं। जीवनानुभवों की सघनता और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता उनकी रचनाओं को स्थायित्व प्रदान करती है। इन लघुकथाओं का प्रभाव क्षणिक नहीं है। वे पाठक के मन-मस्तिष्क में लंबे समय तक प्रतिध्वनित होती रहती हैं। पढ़ने के बाद भी उनके प्रश्न, उनके संकेत और उनके भाव लंबे समय तक विचार को आंदोलित करते हैं। यही किसी भी सशक्त साहित्य की पहचान है, वह केवल पढ़ा नहीं जाता, बल्कि जिया जाता है।
विश्वास है कि यह लघुकथा-संग्रह प्रबुद्ध पाठकों के बीच न केवल सराहना प्राप्त करेगा, बल्कि उनके संवेदनात्मक और बौद्धिक अनुभव को भी समृद्ध करेगा। यह संग्रह पाठकों को आत्मचिंतन की दिशा में प्रेरित करेगा और उन्हें अपने समय, समाज तथा मानवीय मूल्यों के प्रति अधिक सजग और संवेदनशील बनाएगा। निस्संदेह, यह कृति हिंदी लघुकथा-साहित्य में एक महत्वपूर्ण और उल्लेखनीय योगदान सिद्ध होगी।
दीपक गिरकर
समीक्षक
28-सी, वैभव नगर, कनाडिया रोड,
इंदौर 452016
मोबाइल : 9425067036
मेल आईडी : [email protected]  



RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest