भारत में पिछले सप्ताह राहुल गाँधी पूरी तरह से छाए रहे। पहले उन्होंने वीडियो जारी किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर इल्ज़ाम लगाया कि उन दोनों ने राहुल गाँधी के मोबाइल फ़ोन को टैप करवा रखा है।
फिर उन्होंने हैदराबाद के भारत समिट में उस समय तालियाँ बजाईं, जब इटली के राजनेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा लगाया। यह 14 नवंबर का दिन था और देश बाल दिवस मना रहा था। राहुल गाँधी बच्चों की तरह तालियाँ बजा रहे थे।
सोने पर सुहागा तो तब हुआ, जब सोनिया गाँधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के लोकार्पण समारोह में राहुल गाँधी ने अपने बचपन को याद करते हुए मंच से कहा, “भोजन के समय उनके पिता की गोद में उनकी माँ बैठा करती थीं। उनके लिए यह परिवार में प्रेम का सामान्य दृश्य था। जब वह अपने दोस्तों के घर जाते और वहाँ उनके माता-पिता इस तरह साथ नहीं बैठते, तो उन्हें आश्चर्य होता था।”
राहुल ने कहा कि उनके माता-पिता के बीच प्रेम का रिश्ता बहुत गहरा था। उन्होंने अपनी माँ से कहा कि उनके पिता को उन पर बहुत गर्व होता।
और फिर राहुल गाँधी ने एक बार फिर विदेश की धरती से भारत के सिस्टम पर हमला बोला है। अमेरिका में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में अपने व्याख्यान के दौरान राहुल गाँधी ने दावा किया है कि चुनावों में धाँधली और ‘वोट चोरी’ के सबूत हैं। 14 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए हैं। हमारा संपादकीय लिखते-लिखते राहुल गाँधी शिकागो विश्वविद्यालय में अपने तमाम आरोप दोहरा चुके होंगे।
हमें भारत की संसद के नेता प्रतिपक्ष की हर बात का गंभीरता से विश्लेषण करना होगा। ‘पुरवाई’ पत्रिका यह मानकर चलती है कि राहुल गाँधी किसी भी प्रकार की हवा-हवाई बातें नहीं करेंगे।
तो सर्वप्रथम हम विचार करते हैं उनके इस आरोप का कि उनके फ़ोन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह ने टैप करवा रखा है। राहुल गाँधी ने यह भी कहा कि इन दोनों महानुभावों के विरुद्ध जो सबूत उनके पास हैं, वे उनके फ़ोन में सुरक्षित रखे गए हैं और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है।
हमारी खोजी टीम ने पता लगाया कि यह आरोप कोई नया नहीं है। दरअसल, पहले भी वर्ष 2021 में राहुल गाँधी ने संसद भवन के पास विजय चौक पर संवाददाताओं से इज़राइली जासूसी उपकरण पेगासस के बारे में बात करते हुए सरकार पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, “पेगासस एक हथियार है, जिसका उपयोग आतंकवादियों और अपराधियों के खिलाफ किया जाता है। हमारे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने भारत की संस्थाओं और लोकतंत्र के खिलाफ इसका उपयोग किया। मेरा फ़ोन टैप किया। यह मेरी निजता का मामला नहीं है। मैं विपक्ष का एक नेता हूँ और मैं जनता की आवाज़ उठाता हूँ। यह जनता की आवाज़ पर आक्रमण है।”
राहुल गाँधी ने पेगासस जासूसी कांड को लेकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर निशाना साधते हुए गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफ़े की माँग की और कहा कि इस मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जाँच करवाई जाए।
राहुल गाँधी का आत्मविश्वास अद्भुत है। वे जब कहते हैं कि नरेंद्र मोदी के दिन अब लद गए हैं और वे जल्दी ही भूतपूर्व प्रधानमंत्री होने वाले हैं। राहुल गाँधी के सिपहसालार जयराम रमेश ने अपने मालिक की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “प्रधानमंत्री जी, अर्थव्यवस्था को केवल भाषण देकर या उद्योगपतियों को सलाह देकर नहीं चलाया जा सकता। इसके लिए ठोस नीतियों, भरोसे के माहौल और एक जवाबदेह सरकार की ज़रूरत होती है। देश का औद्योगिक क्षेत्र कहीं बेहतर व्यवहार और नीतियों का हकदार है।”
जयराम रमेश ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा, “कल प्रधानमंत्री ने फ़िक्की के एक कार्यक्रम में उद्योग जगत के नेताओं को संबोधित किया। जिस तरह से उन्होंने वहाँ अपनी बात रखी, उससे साफ़ था कि वे परेशान, हताश, निराश, चिंतित और मायूस थे। उन्होंने उन्हीं लोगों पर निशाना साधा, जो धन का सृजन करते हैं। उन्होंने वही बातें दोहराईं, जो हमने अपने घोषणापत्र में कही थीं।”
मुश्किल यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसद में घेरने के बजाय राहुल गाँधी और उनके सहयोगी मॉक संसद का सत्र बुलाते हैं और संसद के भीतर और बाहर एक शोरगुल भरा माहौल पैदा करते हैं।
हैदराबाद में तो कांग्रेस और राहुल गाँधी ने शालीनता की तमाम सीमाएँ पार कर दीं, जब उन्होंने इटली के राजनेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक को एक अजीब-सी स्क्रिप्ट पढ़ने को दे दी और एक विदेशी नेता भारत की अंदरूनी स्थितियों पर राहुल गाँधी के प्रिय नारे लगाने लगा- “वोट चोर, गद्दी छोड़!”
यहाँ ध्यान देने लायक बात यह है कि यह समिट तेलंगाना राज्य में आयोजित किया गया था, जहाँ कांग्रेस पार्टी की सरकार है और वहाँ एक विदेशी नेता वोट चोरी के नारे लगाता है, जबकि समिट का विषय था- ‘एक नए विश्व का निर्माण’। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर में तेजी से बदलती राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था पर चर्चा करना था। इस विषय पर ज़िम्मेदारी से बात करने के स्थान पर राहुल गाँधी इस गैर-जिम्मेदाराना नारे पर तालियाँ बजाते दिखाई दिए।
इसके बाद अपनी माँ श्रीमती सोनिया गाँधी की पुस्तक के लोकार्पण पर तो उन्होंने कमाल ही कर दिया। उन्होंने कुछ ऐसे शब्द-फूल बिखेरे कि सबका ध्यान किताब से हटकर राहुल गाँधी की बातों में उलझ गया। एक परिपक्व नेता और पढ़े-लिखे व्यक्ति के तौर पर उन्हें पुस्तक पर कुछ गंभीर टिप्पणियाँ करनी चाहिए थीं। वे चाहते तो अपनी दादी और पिता की कुछ यादों की बातें कर सकते थे।
सोनिया गाँधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के लोकार्पण समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं के साथ ही ‘इंडिया’ गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। समारोह में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं टीवीके नेता सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फ़ारूक़ अब्दुल्ला शामिल हुए। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के कई सदस्य, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और अन्य वरिष्ठ नेता भी इस पुस्तक-विमोचन समारोह में मौजूद रहे। रूठे हुए कांग्रेसी और भाजपा के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी वहाँ मौजूद थे।
राहुल गाँधी ने मंच पर आते ही कहा, “मुझे बहुत ही सख़्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई राजनीति नहीं।” अपनी बात रखते हुए राहुल गाँधी ने अपनी गर्लफ्रेंड का ज़िक्र किया, जिसे वे कैम्ब्रिज के उस रेस्टोरेंट में ले गए, जहाँ उनके पिता राजीव गाँधी एवं सोनिया गाँधी मिला करते थे। शायद यह पहली बार था, जब राहुल गाँधी ने अपनी गर्लफ्रेंड के अस्तित्व को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया।

वे यहीं नहीं रुके। उनकी अगली बात ने तो सोनिया गाँधी के चेहरे के भाव भी बदल दिए। परिवार के साथ भोजन के पलों को याद करते हुए कांग्रेस नेता ने उपस्थित श्रोताओं को बताया कि लंच और डिनर के समय उनकी माँ अक्सर उनके पिता की गोद में बैठती थीं।
राहुल ने याद करते हुए कहा, “हर बार खाना खाते समय मेरी माँ मेरे पिता की गोद में बैठती थीं। मुझे यह बिल्कुल सामान्य लगता था और जब मैं अपने किसी दोस्त के घर जाता था और देखता था कि वहाँ ऐसा नहीं होता है, तो मुझे बहुत हैरानी होती थी।”
उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें लगता था कि सभी जोड़े इसी तरह रहते होंगे। लेकिन जब वे अपने दोस्तों के घर गए, तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके माता-पिता के प्यार जताने का तरीका काफी अनोखा था।
यह किस्सा सोनिया और राजीव के रिश्ते को उनके बच्चों की नज़र से दिखाता है। राहुल ने बताया कि उनके माता-पिता की यह नज़दीकी उनके बचपन का एक सामान्य हिस्सा थी।
राहुल गाँधी के इस वक्तव्य के बाद सारा मीडिया और सोशल मीडिया इसी बात को लेकर चर्चा में आ गया और सोनिया गाँधी की किताब कहीं अकेली-सी रह गई। यहाँ तक कि हिंदी लेखक और पत्रकार भी सीधे-सीधे दो खेमों में बँट गए। किताब के स्थान पर सब ‘लैपटॉप’ में उलझ गए। दो तरह के माता-पिता घोषित कर दिए गए- एक, जहाँ गोद में बैठा जाता है और दूसरे, जो अपनी पत्नी की खुलकर पिटाई करते हैं। दरअसल, जिस तरह हमारे नेता, टीवी एंकर और पत्रकार शोरगुल करने वाले हो चुके हैं, ठीक वैसे ही हिंदी के लेखक भी निरंतर सोशल मीडिया पर दनदनाते हुए शोर मचाते दिखाई दे जाते हैं। सभ्य भाषा का नितांत अभाव दिखता है।
उसके बाद राहुल गाँधी पहुँच गए अमेरिका के कोलंबिया और शिकागो विश्वविद्यालयों में। वहाँ उन्होंने फिर वही बात दोहराई, जो एक बार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर कही थी कि “इंडिया इज़ डेड इकॉनॉमी!” यहाँ राहुल गाँधी ने कहा- “भारत एक आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा था, जिसका कारण भारी बेरोज़गारी और देश की शिक्षा प्रणाली थी।”
राहुल गाँधी यह जाँच करना भूल गए कि 2025 में भारत की जीडीपी की ग्रोथ रेट 7.8% थी, तो वहीं इस काल में अमेरिका की जीडीपी ग्रोथ रेट 2.3% थी। थोड़ी हैरानी हुई कि किसी भी छात्र ने राहुल गाँधी को सही स्थिति नहीं बताई। इससे विद्यार्थियों के मानसिक स्तर का भी अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
मगर इस दौरे पर राहुल गाँधी ने सही मायने में नेता प्रतिपक्ष का किरदार सही ढंग से निभाते हुए पाकिस्तान के साथ बातचीत न करने की मोदी सरकार की नीति का समर्थन किया है। उन्होंने एक पाकिस्तानी युवक के सवाल पर कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के कारण भारत में बेगुनाह लोग मारे जा रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान के साथ बातचीत करना संभव नहीं है।
मगर भारत लौटते ही राहुल गाँधी ने एक फ़ोटो अपने सोशल मीडिया पर जारी करते हुए सवाल पूछा कि इस फ़ोटो में भारत के प्रधानमंत्री क्यों दिखाई नहीं दे रहे हैं? फ़ोटो तीन देशों की वार्ता की थी, जिसमें रूस, चीन और अमेरिका के राष्ट्रपति कुछ मुद्दों पर बातचीत कर रहे थे। सुनने में आया है कि अमेरिका में वह फ़ोटो वायरल हो रहा है, जिसमें पुतिन, शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाथों में हाथ डालकर खड़े हैं। अमेरिकी विपक्षी दल पूछ रहे हैं कि इसमें डोनाल्ड ट्रंप क्यों दिखाई नहीं दे रहे हैं।
राहुल गाँधी ने इस पूरे सप्ताह में कहीं भी यह महसूस नहीं करवाया कि वे भारतीय संसद की लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष हैं। अन्य देशों में इस पद पर बैठे व्यक्ति को ‘शैडो प्रधानमंत्री’ कहा जाता है। हम राहुल गाँधी को एक सलाह देना चाहेंगे कि वे विदेशों में हर दूसरे महीने जाते ही हैं, एक बार लंदन में रुकें, जब वहाँ संसद का अधिवेशन चल रहा हो। वहाँ वे विपक्षी कंज़र्वेटिव पार्टी की नेता केमी बेडेनॉक को प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम की नाक में कैसे दम किये रहती हैं, यह देखें। उनके पैने सवाल प्रधानमंत्री को बगलें झाँकने पर मजबूर कर देते हैं।
राहुल गाँधी का सही स्थान लोकसभा है… कोलंबिया या शिकागो नहीं।

काश किसी की बात को समझते राहुल गांधी.. लेकिन उन्होंने जैसे कुछ सुनने या न समझने की कसम सी खाई हुई है..
हार्दिक धन्यवाद आलोक भाई।
बाकी बातें भले ही बचकानी कहकर छोड़ दें पर तेलंगाना में जो कुछ हुआ वो अकेले राहुल गांधी का नहीं, पूरी कॉन्ग्रेस पार्टी का सम्मिलित रूप से किया गया, प्रायोजित कार्य था जिसे कभी भी छोटा-मोटा समझकर छोड़ा नहीं जाना चाहिए।
शिवानी आपके समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद
इस बार के संपादकीय -‘ भारत में राहु(ल) काल का सप्ताह…’ में समकालीन भारतीय राजनीति में विपक्ष की जो उथल-पुथल है, जो आरोप सरकार पर लगाए जा रहे हैं, इसमें कहीं गहराई के साथ तो कहीं व्यंग्य के रूप में पड़ताल की गई है।
इस समय राहुल गांधी मीडिया में छाए हुए हैं। सरकार को घेरने का उनका यह तरीका अच्छा हो या न हो, लेकिन सरकार जरूर डिफेंडिंग मोड में चली जाती है। राहुल गांधी खुलकर खेल रहे हैं। जब खोने के लिए कुछ न हो तब ऐसा करते रहना बुरा नहीं है। इस तरह के खेल में उन्हें कितना फायदा मिलेगा, वो तो समय बताएगा।
आपकी इस बात से सहमत हूं कि राहुल गांधी की इस तरह की लीलाओं से सोनिया गांधी जी की आत्मकथा कहीं पीछे छूट गई है। हो सकता है कि राहुल गांधी जी ने ऐसा जानबूझकर किया हो। क्योंकि इस पुस्तक ने गांधी परिवार के बहुत से दबे राज पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। वह चाहे मेनका गांधी जी के साथ के संबंध हों या उनके परिवार के एक व्यक्ति का दिल्ली का अंतिम कोतवाल होना। और भी बहुत सी चीजें हैं इस किताब में ।
इस आत्मकथा पर जितनी भी डिबेट सुनी है, उससे पता चलता है कि सोनिया गांधी जी ने कई जगह अपने आपको तथा गांधी परिवार को बचा बचाकर लिखा है।
चूंकि गांधी परिवार प्रसिद्ध राजनीतिक परिवार है। इस कारण आम से लेकर खास तक उनके बारे में अधिकांश चीजें जानता है। कुछ चीजें लिखित रूप में, तो कुछ चीजें जनश्रुतियों के रूप में लोगों के बीच चर्चित रही हैं। सोनिया गांधी जी ने कुछ चीज़ों पर मुहर भी लगाई है।
ग्लोबल दुनिया में भारत की बात भारत से कही जाए या विदेश से कही जाए, इसमें कोई बुराई नहीं है। दोनों स्थितियों में वह बात सोशल मीडिया के माध्यम से हर जगह पहुंच जाती है। इसमें ज्यादा सोचने वाली बात है ही नहीं, पर विदेशी व्यक्ति का भारत में आकर अनर्गल नारे देना, मैं ठीक नहीं समझता हूं।
राहुल गांधी जी का अपने माता-पिता के निजी संबंधों को मंच से उजागर करना समाज के एक बड़े वर्ग को अशोभनीय लग सकता है, जबकि दूसरे वर्ग को यह सहज और सामान्य बात हो सकती है।
फिलहाल मैं देख रहा हूं कि राहुल गांधी जी पुरवाई के संपादकीय में लगातार स्थान पा रहे हैं। भले ही दृष्टि जो भी हो पर स्थान तो स्थान है।
एक लंबे अंतराल के बाद आप यहां दिखाई दिए हैं। मगर हमेशा की तरह डिटेल्ड अर्थपूर्ण टिप्पणी लिख कर सबका दिल जीत लिया।
यह संपादकीय नेता प्रतिपक्ष के आचार विचार और व्यवहार को समग्र रूप से आईने की मानिंद पेश किया गया है।माता पिता का खाने की मेज़ पर अनुपम अंदाज़ बता कर , न जाने क्या प्रयास किया जा रहा है।
नई पुस्तक प्याले के तूफ़ान से आगे बढ़ सकती थी ,पर अनाड़ी का खेल,,,खेल का सत्यानाश की कहावत को चरितार्थ करता है।
आज का संगठित और चतुर सुजान विपक्ष ,भारत के विकास के हेतु नितांत आवश्यक है,,,पर इसके आसार दूर दूर तक नहीं दिखते!?
गोया के राजनीति अब स्टेट्समैन का मंज़र और मयार न होकर ,सत्ता की पिपासु हो गई है ।
न जाने कब यह हमारा लोकतंत्र स्वार्थ को छोड़ देश और परमार्थ को पूजेगा।
भाई सूर्य कांत शर्मा जी, आप पुरवाई पत्रिका के संपादकीयों के प्रबल समर्थक हैं। आपकी टिप्पणी की हमेशा प्रतीक्षा रहती है। हार्दिक धन्यवाद।