Wednesday, May 13, 2026
होमकविताडॉ. नितेश व्यास की पांच कविताएँ

डॉ. नितेश व्यास की पांच कविताएँ

1-भीगना
प्यासी धरती
पसरा डर
फैली राख
पड़ा‌ अकाल
चा…रों तरफ
फिर भी
कोई है
जो भीग रहा
दिन-रात
भीतर
भीगने से है हरियल
पल-पल।।
2-मार-सेना
बुद्ध से परास्त
मार-सेना ने
नहीं मानी हार
वह घुल गयी
हवाओं में और उतर रही
प्रबुद्धों के हृदय में
श्वास-श्वास।।
3-कविता
वह नहीं होती कोई इश्तिहार
जिन्हें फाड़ सके
उड़ा ले जा सके
मौसमी हवाऐं
वह तो है
काल के भाल पर
उत्कीर्ण दस्तावेज
सांस लेते हुए।
4-नट
देहात्म बुद्धि को त्याग
हो जाते विदेह
भावातिरेक से
हो जाते
भावातीत
दिखाते दर्पण
हो जाते बिम्ब
हे नट!
काल की ताल पर थिरक
हो जाते नटराज।।
5-जीवन में
पेड़ से बरसती
चिड़ियों की चहचहाहट में
नहा गया
मैं
फिर जीवन में आ गया
डॉ. नितेश व्यास
डॉ. नितेश व्यास
संस्कृत और हिन्दी दोनों भाषाओं में लिखनें वाले डॉ नितेश व्यास, वर्तमान में , जोधपुर में संस्कृत विषय के सहायक आचार्य पद पर कार्यरत हैं ।मधुमती,किस्सा कोताही,हस्ताक्षर,रचनावली आदि पत्रिकाओं एवं पोषम पा,अथाई,संवाद सरोकर,काव्यमंच आदि ब्लाग्स् पर,दैनिक नवज्योति,दैनिक युगपक्ष आदि समाचार पत्रों मे समय-समय पर कविताऐं प्रकाशित होती रही हैं।
RELATED ARTICLES

1 टिप्पणी

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest