माया के तीन रूप होते हैं,  – कामिनी,कंचन,  कीर्ति। इसी में एक माया जब दूसरी माया पर आकर्षित हो गयी तब तो गजब होना ही था।  यानी एक देवी जी को कीर्ति की यशलिप्सा जाग उठी। इस कीर्ति को पाने का साधन बना एक यंत्र। उस यंत्र  को प्रणाम करके आँखे बंद करना और आंख खोलकर सबसे पहले उसे प्रणाम करना यही तो उनकी दिनचर्या है।  तुलसी को जल चढ़ाना भूल सकती हैं वो मगर यंत्र की देखभाल नहीं।  
वे आजकल रौनक-ए-बज़्म हैं,उनके चेहरे का नूर गज़ब का है। उनकी बढ़ती उम्र मानो थम सी गई है। लोगबाग उनकी बढ़ती उम्र और चढ़ते जादू का सीक्रेट पूछते हैं तो वो मुस्कराकर रह जाती हैं। उनके वय की महिलाएं जहां बुढ़ापे की दहलीज पर खड़ी हांफ रही हैं वे सब शुगर और बीपी जैसी बीमारियों से पीड़ित हैं वहीं मिसेज  शर्मा अपनी बहू की साड़ियां पहनकर उल्टे पल्ले का फैशन किये घूमती हैं।  बहू की सारी साड़ियों का उद्घाटन मिसेज सिंह ही करती हैं। मोटापा काबू में नहीं है इसलिये मिसेज शर्मा  बहू का सलवार सूट नहीं पहन पातीं जिसका उनको बहुत मलाल रहता है। बहू के फैशनेबुल कपड़े वो पहन सकें इसलिए अव्वल तो वे नींबू पानी और ग्रीन टी पीती हैं। गालिबन अन्न  खाना लगभग छोड़ दिया है उन्होंने।
अपने घर में उपवास और पार्टियों में वो सिर्फ फ्रूट जूस पीती हैं। अब वो सिर्फ उबला हुआ खाना ही खाती हैं ताकि वो अपनी बहू के सभी सलवार सूट और बाकी नए फैशन के कपड़े पहन सके। वैसे मोटापे से मुक्ति के लिये गई अपनी कसम को वो अन्न दोष और अन्न विकार से जोड़कर लोगों को बताती हैं ये और बात है कि टी पार्टी में उनके फ्रूट जूस देने में लोगों को काफी दिक्कत होती है क्योंकि अनानास का उनका प्रिय जूस आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता। अब वो चूल्हा चौका,  गृहस्थी की नही बल्कि धर्म,अध्यात्म,   साहित्य   और कमाई के नुस्खों की बातें करती हैं। राजनीतिक विचारधारा से वो परहेज रखती हैं क्योंकि उनको सबको लेकर चलना है  सबसे कमाना है तो  सबको जोड़े  भी रखना है।
बस कुछ वर्ष पहले,  इधर महान नेता  जी देश बदलने निकले उधर छविराज की बीवी ने अपनी और उनकी दुनिया बदल कर रख दी।  ये चमत्कार यूँ हुआ कि मोहल्ले की पोलिंग एजेंट और चुनाव में वोट की गणित के बीच एक दिन  छविराज की  बीवी का बटन वाला मोबाइल फ़ोन कहीं खो गया।  
चुनावी गणित में उलट -पलट न हो इसलिए नेताजी ने अपना पुराना मोबाइल फ़ोन उनको दे दिया,और नेताजी चुनाव जीत गए सो उन्होंने अपना स्मार्टफोन वापस भी नहीं मांगा  और इस बात पर तसल्ली
मानी कि छविराज की बीवी कहीं कुछ और न मांग ले क्योंकि मांगने में तो वो सिद्धहस्त थी हीं।  
यही तो छविराज की बीवी के जीवन का टर्निंग पॉइंट हो गया।  
इस एक  स्मार्टफोन के आगमन से छविराज की बीवी को पंख लग गए। उसके पहले वो मोहल्ले की औरतों के बीच बैठकर चूल्हा,चौका,बहू की चुगली,भजन-कीर्तन,  सिलाई-कढ़ाई औऱ उन के फंदे और अचार बनाने के तरीकों पर  चर्चा किया करती थीं।
उन दिनों वे छविराज की  बीवी के तौर पर जानी जाती थी।  जो  हल्का फुल्का घरेलू व्यापार किया करती थीं। उन्हीं दिनों एक रिटायर अधिकारी से उनका परिचय हुआ जो रिटायरमेंट के बाद जीवन बीमा की पालिसी बेचा करते थे।  उस धंधे में प्रतिस्पर्धा बढ़ी तो उन्होंने साहित्य बेचना शुरू कर दिया।  उन्होंने खाये -अघाये लोगो को फांसा। उन्हें साझा संकलन निकालने और विदेश में उनकी रचनाओं के लोकार्पण   झांसा दिया।
गंदा था,मंदा था मगर बहुत दिलफरेब धंधा था।  सबसे पहले रचना लो फिर उन्ही से शुल्क लो,  उन्ही के खर्चे पर छपवाओ फिर उन्हे के खर्चे पर लोकार्पण करके उन्हें साहित्य भूषण,  साहित्य-रत्न जैसी कोई छुटभैया टाइप की उपाधि दे दो।  उन्ही के  पैसों पर विदेश भी घूम लो।  
उपाधि पाया हुआ लेखक/लेखिका अपने यशोगान हेतु अधिक प्रतियां खरीदता है और फिर अमरत्व प्राप्ति की चाह में उनको चारों ओर बांट देता है।  अधिकारी महोदय पुरुष थे इसलिए उनकी पहुंच और पैठ घरों में नहीं हो पा रही थी सो उन्हें एक महिला साझीदार की तलाश थी इत्तेफ़ाक़ से उन्हें छविराज की बीवी मिल गयी।  वो भी व्यापार कर रही थीं कट पीस के कपड़ों का जो रेडीमेड की वजह से ठंडा पड़ता जा रहा था।  सो उन्होंने साहित्य का व्यापार अपनाया और वो चल निकला।
देखते ही देखते छविराज  की बीवी मिसेज शर्मा हो गई और छविराज,  सी.राज हो गए।  पिलपिलाये से छविराज  को उनकी बीवी पहले ऐ जी,  ओ जी कहती थी अब वो उनको हनी और हब्बी कहकर बुलाती हैं।  
अधिकारी महोदय को मिसेज  शर्मा को साहित्य का धंधा सिखाना बहुत महंगा पड़ा।  वो उन्ही से आशीर्वाद प्राप्त करके उन्ही के लिए भस्मासुर बन गयीं।  उनके सारे क्लाइंट उन्होंने काट लिए।  फिर शिव -दक्ष संवाद की भांति उनका और अधिकारी महोदय का वो झगड़ा हुआ कि फेसबुक बिल्कुल सती के अग्नि कुंड की तरह जल उठा।  
मिसेज शर्मा  ने ना सिर्फ खूब महिला क्लाइंट बनाये बल्कि अपने साथ पुरुष अनुयायियों की एक पूरी फौज खड़ी कर दी।  महिलाओं का बहनापा और पुरुषों की आसक्ति मिसेज शर्मा के धंधे के लिए बहुत काम आयी।  मगर जाते जाते अधिकारी महोदय ये पोल खोल गए फेसबुक पर। कि मिसेज शर्मा अपनी  जिस जातीय श्रेष्ठता  की अपनी ठसक का बखान  करती हैं  दरअसल उस जाति की वो हैं ही नहीं।
मिसेज  शर्मा उनका नाम नहीं बल्कि धारण की गई उपाधि है। शर्मा बड़ा दिलचस्प सरनेम है,  हिन्दुओ की तमाम जातियों के लोग अपनी सुविधानुसार इस टाइटल का प्रयोग करते हैं। कभी  विद्वता के नाम से जाना जाने  वाला ये सरनेम अब सर्वसुलभ है। शायद ज्ञानी लोगों को भी अंदाजा लग गया था तभी वो खुद को जाति विहीन  लिखते थे। वरना  कल को लोग नोबल कमेटी में  आरटीआई डाल कर पूछते कि  फलां की जाति क्या है क्योंकि भारत में जाति कभी नहीं जाती।  
इस  सरनेम की माया इतनी है कि साहित्य के एक और मठाधीश एक बार मिसेज शर्मा से  मिल गए। अपनी जाति का समझ कर उन्होंने मिसेज  शर्मा को खूब प्रमोट किया मगर उन्हें जब मिसेज शर्मा की असली जाति पता लगी तो वो कन्नी काट कर निकल गए। उनको उनकी जाति की एक असली मिसेज  मिल गयी अब वो उनको प्रमोट कर रहे हैं।  मिसेज शर्मा साहित्य की इस जातिवादी राजनीति से बहुत आहत हुईं  और फिर फेसबुक पर कई दिनों तक करुण विलाप किया और बाद में स्वयं को जाति विहीन घोषित कर दिया क्योंकि उनको हर जाति के लोगों से व्यापार करना था। इससे उनसे जुड़े लोग भी बहुत  खुश हुए।  उन्ही दिनों मिसेज   शर्मा ने अपनी जाति के लोगों को एक साहित्यिक गैंग खड़ा किया जिसमें साहित्यिक मुखबिर से लेकर साहित्यिक शार्पशूटर तक हैँ।  
मिसेज शर्मा की गैंग स्क्रीन शॉट लेने में माहिर है और फिर फेसबुक पर उसके सदुपयोग में उनको महारत हासिल है। मिसेज शर्मा  को लोग स्क्रीनशॉट क्वीन की उपाधि से भी लोग विभूषित करते हैँ।  मिसेज शर्मा अपने पति को अब कुछ खास भाव नही देती।  वैसे भी छँटनी से बेरोजगार हुए  और बुढ़ापे की दहलीज पर खड़े छविराज अपनी बीवी की व्यस्तता से खासे हलकान रहते हैं।  
मिसेज शर्मा देर रात तक विश्वशांति के जटिल मुददों पर फेसबुक पर कट पेस्ट वाली पोस्ट डालती रहती हैं। रात-बिरात जब छविराज  दर्द से कराहते-कलपते रहते हैं तब मिसेज  शर्मा मेसेंजर पर अपने प्रशंसकों के प्रश्नों का जवाब दे रही होती हैं।  रात भर फ़ोन चलता है तो सुबह काफी देर से सोकर उठती हैं मिसेज शर्मा  तब तक छविराज काम की तलाश में जा  चुके होते हैं मगर क्या मजाल है कि बेटा या बहू उनको जगा दे।  उनका निठल्ला बेटा भी अब काफी व्यस्त रहता है इधर उधर दिन भर उसे मिसेज शर्मा  भेजती रहती हैं उनका बेटा पहले उनको अम्मा कहता था अब मॉम कहकर बुलाता है।
वैसे मिसेज शर्मा आजकल बहुत परेशान भी रहती हैं,  क्योंकि दादा नाना की उम्र के लोग सुबह  शाम उनको इतना मैसेज भेजते हैं कि उनका मोबाइल हैंग हो जाता है और उनका मोबाईल रुक जाता है तो उनकी दुनिया सूनी-सूनी हो जाती है। दिक्कत ये है कि इन बुड्ढे शौकीनों से वो पिंड भी नहीं छुड़ा सकती क्योंकि इन्ही के साथ साझा संकलन निकालने हैं और इन्ही से अपने कार्यक्रम स्पॉन्सर कराने हैँ विदशों के।  
“माया महा ठगिनी हम जानी “
,अब ये माया अगर मिसेज   शर्मा को धन के रूप में चाहिए थी तो उन शौकीन बुड्ढों को कीर्ति के रूप में पानी थी।  माया के दोनों रूप दोनो तरफ से एक दूसरे को ठग रहे थे। मिसेज शर्मा यात्रायें खूब करती हैं।  वो कहती हैं कि यात्रा करने से उनके आसपास नकारात्मक ऊर्जा नही रहती।  ये ये और बात है कि जिस शहर में वो जाती हैं उस शहर में किसी साझा संकलन वाली महिला के घर वो जा धमकती हैं फिर तो खाना पीना चाय नाश्ता सब कुछ मुफ्त। उन्ही के किराये पर शहर घूमना। मौका पाकर किसी टूरिस्ट स्पॉट पर वो अपनी खूब फ़ोटो खिंचवा लेती हैं फिर उसे मेजबान का पता दे आती हैं।  झख मार कर वो मेजबान उनकी फ़ोटो उनके पते  पर भेज ही देता है।  मिसेज शर्मा  पहुंची हुई कलाकार हैं।
वो अक्सर नए शहर में अपने एटीएम का कोड भूल जाती हैं तो उनकी छोटी-मोटी खरीदारी मेजबान महिला ही करती है।  मिसेज शर्मा अपने पास दो हजार का एक नकली नोट भी रखती हैं जिसे वो अपने मेजबान के साथ होने पर होटल या टैक्सी का बिल चुकाने के लिये तत्काल निकाल लेती हैं। वो जानती हैं कि उनका नोट पकड़ा जाएगा सो वो नोट के पकड़े जाने पर दुखी और ठगे जाने का अभिनय भी करती हैं फिर अपने वरिष्ठ होने का हवाला देकर वो मेजबान महिला के सामने अपना एटीएम कार्ड हाज़िर करके बिल भुगतान करने की ज़िद करती हैं मगर हमेशा की तरह वो एटीएम का कोड भी भूल जाती हैं,  मजबूरन उस मेजबान महिला को उनके समस्त भुगतान करने पड़ते हैं।  
वैसे उनका दो हजार का नकली नोट और उनका एटीएम का कोड भूलना अब काफी चर्चित हो चला है।  इसलिये वो नए नए पैंतरे आजमाती हैं। हाल ही में एक दूसरी महत्वाकांक्षी महिला से उन्होंने मेलजोल बढ़ाया है।  दूसरी वाली देवीजी पहले एक टूरिस्ट एजेंसी चलती थीं उनका रोजगार फेल हो गया और उधारी बढ़ गई तो उन्होंने मिसेज शर्मा  के साथ नया रोजगार शुरू किया। 
अब वो विदेशों में हिंदी का व्यापार बढ़ा रही हैं।  अगर आप धनवान हैं और देश के हिंदी परिदृश्य में आपको महत्व नहीं मिल रहा है तो चिंता मत कीजए मिसेज  शर्मा और उनकी व्यापारिक साझीदार विदेश में हिंदी का कोई ना कोई बड़ा पुरस्कार/सम्मान आपको गारंटी से दिलवा देंगे।  सम्मान पाने वाला फूल कर कुप्पा हो जाता है और हमारे देश में तो विदेशी कूड़ा भी सर माथे पर फिर सम्मान तो इंटरनेशनल हो जाता है। इस काम मे मिसेज शर्मा का कमीशन तीस प्रतिशत का है। 
मिसेज शर्मा  योजना बना रही हैं कि वो जल्द ही शिव-भस्मासुर का प्रसंग दोहराएँगी और दूसरी महिला को साहित्यिक टूरिज्म के इस धंधे से बाहर कर देंगी।  लेकिन उनके सामने एक बखेड़ा खड़ा हो गया उनकी बहू नाराज होकर मायके चली गयी है वो कहती है कि मिसेज शर्मा ने उनकी जितनी भी साड़ियों का पहनकर उद्घाटन किया है उतनी ही साड़ियां जब तक वो नई खरीद कर नहीं दे देती तब तक वो वापस लौट कर ससुराल नही आएगी।
मिसेज शर्मा अभी इस समस्या से निपट पाती तब तक छविराज बीमार पड़ गए। छँटनी से उनकी  नौकरी तो चली गयी थी,  मगर कारखाने में जीवन भर काम करते,  -करते उनका दमा रोग असहनीय हो चला है।  डॉक्टर ने उन्हें हवा पानी बदलने के लिए किसी पहाड़ी शहर में कुछ महीने रहने की ताकीद की है। छविराज एक ऐसा सस्ता शहर खोज रहे हैं जहां पांच किलोमीटर के दायरे में कोई लेखक/लेखिका ना रहती हो। अब मिसेज शर्मा  वाकई बहुत परेशान हैं कि दो महीने बाद उनको विदेश जाना है,कई साझा संकलन निकालने हैं  अगर वो दूर दराज रहने चली गईं और उनके स्मार्टफोन में नेटवर्क नहीं मिला तो…..?वो यही सब सोच रही हैं और नेपथ्य में कोई निर्गुण गा रहा है,  –
“माया ठगिनी हम जानी “

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.