यह ज़रूरी है कि विश्व भर की सरकारें इस मुद्दे की तरफ़ ध्यान दें। जिस फ़्लोराइड को अमरीका में विष कहा जा रहा है वही फ़्लोराइड भारत और बाक़ी विश्व में क्यों आसानी से बेचा जा रहा है। वैसे टूथपेस्ट बनाने वाली कम्पनियों का एक सवाल वाजिब है – हमारे द्वारा बनाए गये टूथपेस्ट से तो फिर भी आप केवल दांत साफ़ करते हैं। मगर जो फ़्लोराइड सरकारें पानी और अन्य माध्यमों से आपके शरीर में पहुंचा रहे हैं, आप उससे कैसे अपना बचाव करेंगे। क्या “फ़्लोरीफ़ाईड सरकारों” को टूथपेस्ट में इस्तेमाल किये जा रहे फ़्लोराइड से कोई फ़र्क पड़ेगा।
हमारी पीढ़ी के बचपन में नीम और कीकर के दातुन लोकप्रिय थे। नानी दंदासा इस्तेमाल करती थीं जिससे मसूड़े और होंठ तक लाल हो जाते थे। कुछ लोग दुबई, कुवैत से वापिस आते थे तो साथ में मिस्वाक का दातुन ले कर आते थे। उसमें से भीनी-भीनी सौंफ़ जैसी ख़ुशबू महसूस हुआ करती थी।
श्रीलंका से बिनाका गीतमाला प्रोग्राम सुनने के बाद हम भी अपने माता को बिनाका टूथपेस्ट ख़रीदने के लिये तंग करने लगे। उस पेस्ट के साथ बच्चों को एक छोटा सा प्लास्टिक का खिलौना भी मिलता था। उसका हरे रंग का स्वाद बहुत मज़ेदार लगता था।
अपने बुज़ुर्गों में यह बहस आम सुनने को मिलती थी कि कॉलगेट पेस्ट बेहतर है या फि फ़ोरहन्स। कुछ रिश्तेदार या मित्र नीम टूथपेस्ट की वकालत करते थे। हमारे घर में गुरूकुल कांगड़ी का दंत मंजन भी आया करता था… उसे शायद पायोकिल कहा जाता था। वैसे तो बंदर छाप काला दंतमंजन भी आया करता था जबकि डाबर का लाल दंतमंजन भी सिनेमा की विज्ञापन फ़िल्मों में दिखाई दे जाता था।
मगर हाल ही में जब भारत की आई.एम.ए. और बाबा रामदेव के बीच कुछ विवाद खड़ा हो गया तो मैं भी सोच में पड़ गया कि आयुर्वेद और एलोपैथी सिस्टम साथ साथ क्यों नहीं एक राह पर चल सकते। तुरंत इलाज और सर्जरी के लिये एलोपैथी और बीमारी को जड़ से निकाल बाहर करने के लिये आयुर्वैदिक।
इसी सिलसिले में मेरी निगाह वह्टसऐप पर वायरल हुए एक वीडियो पर पड़ी जिसमें कॉलगेट टूथपेस्ट में ज़हरीले पदार्थ होने की बात कही गयी थी। मैंन कॉलगेट टूथपेस्ट के कार्टन को खंगाला तो उस पर एक वार्निंग लिखी दिखाई दी – “6 वर्ष से छोटे बच्चों की पहुंच से दूर रखें। यदि ग़लती से इसे निगल लिया जाए तो पेशेवर सहायता ली जाए या फिर विष नियंत्रण केन्द्र से तत्काल संपर्क करें।”

मैंने तुरन्त सैंसोडाइन, क्रेस्ट और अन्य विश्व भर के टूथपेस्ट की ट्यूब एवं कार्टन पर लिखी वार्निंग पढ़ीं। सभी वो टूथपेस्ट जिनमें कि फ़्लोराइड मौजूद था, यही वार्निंग थी कि 6 साल से छोटे बच्चों की पहुंच से दूर रखे जाएं। सेंसोडाइन तो 12 साल से छोटे बच्चों से दूर रखने की बात करता है।
मैंने भारतीय मूल का होने के नाते बहुत गर्व से अपने टूथपेस्ट यानि कि बाबा रामदेव के पातंजलि दंत-कांति टूथपेस्ट की ट्यूब पर इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री पढ़ी तो भौंचक रह गया। मेरे टूथपेस्ट का पूरा नाम है – ‘Dant Kanti Advance Power Toothpaste’. इसमें इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री की पहली पंक्ति में लिखा पाया – कैल्शियम कार्बोनेट, पानी, सॉर्बिटॉल, ग्लिसरीन, सिलिका, सोडियम लेरिल सल्फ़ेट, प्रोपाइलीन ग्लायकॉल, टाइटैनियम डाइऑक्साइड, सुगन्ध, पी.ई.जी.400, सेल्युलोज़ गोन्द, पोटाशियम एलम, सोडियम बेंज़ोकेल, सोडियम सैकेरीन, ज़िंक सिट्रेट, ट्राइसोडियम फ़ॉस्फ़ेट। यदि ये सब इस टूथपेस्ट में मौजूद है तो इसे आयुर्वेदिक टूथपेस्ट कैसे कहा जा सकता है?
और मज़ेदार बात यह है कि इस टूथपेस्ट को आयुर्वेदिक औषधि कहा ही नहीं गया। और इसकी ट्यूब पर भी वार्निंग मौजूद है – “6 वर्ष या उससे छोटे बच्चे बड़ों की देखरेख में इस टूथपेस्ट का इस्तेमाल करें और केवल मटर के दाने जितना पेस्ट लें। इसे निगलें नहीं। ब्रश करने के पश्चात झाग को थूक कर जल्दी से मुंह पानी से कुल्ला कर के साफ़ कर लें।”
मगर दंत-कांति के एक दूसरे मॉडल ‘नेचुरल’ जिसे कि Proprietary Ayurvedic Medicine कह कर बेचा जाता है उसमें भी कैलशियम कार्बोनेट और सोडियम बेंज़ोनेट के साथ साथ फ़्लोराइड मौजूद है। यानि कि फ़्लोराइड हर पेस्ट में मौजूद रहेगा ही चाहे पेस्ट अंग्रेज़ी हो या फिर आयुर्वेदिक। मगर वीको वज्रदन्ती टूथपेस्ट बनाने वालों का दावा है कि हमारे पेस्ट में फ़्लोराइड मौजूद नहीं है।



आंखें खोल देने वाला संपादकीय…
काश ! जनता और सरकार दोनों की आंखें खुल जातींं
Congratulations Tejendra ji
Please retrieve my earlier long comment
Originally I had also said Tejendra ji has rendered a great service to the public by warning us against Flouride toothpastes n others which can harm us.
A useful guide to using the right toothpaste.
Thanks to Tejendra ji we shall read the warnings given on the toothpastes too which we usually ignore due to their small print.
This is an eyeopener Tejinder ji. Ione definitely needs to think twice before using just any thing, especially tooth pastes. ,
आँखें खोलने वाला लेख है सर।
पर देखने में आता है छोटे बच्चे टूथ पेस्ट को चाटते हैं कई जगह बच्चों के रोने पर उन्हें खेलने के लिए मां टूथ पेस्ट पकड़ा देती हैं।
अधिकांश घरों में तो बरनोल का काम टूथ पेस्ट ही करता है।
पर पानी और अन्य तरीकों से सरकारों द्वारा जो फ्लोराइड शरीर में पहुंचाया जा रहा है उससे कैसे बचा जा सकता है ये प्रश्न विचारणीय है।
कम ही लोग हैं जो टूथपेस्ट इस्तेमाल करने से पहले उस पर दी गई चेतावनी को पढ़ते हैं।
दंत क्रांति को लोग आयुर्वेदिक टूथ पेस्ट ही मानते हैं।
जनता का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
सरकार का …..सरकार ही जाने।
दन्त मंजन या कहें टूथपेस्ट के बारे में आंखे खोल देने वाली तथ्य आधारित इस जानकारी के लिए तेजेन्द्र जी को हार्दिक बधाई। साहित्य से इतर इस प्रकार अन्य विषय पर आपका यह लेख आपकी समाज के प्रति ज़िम्मेदारी की भावना को उजागर करता है।
पतंजलि के प्रोडूक्स को हम लोग आयुर्वेदिक ही मानते हम पर आपने इस दन्तमंजन पर लिखी जानकारी को बारीकी से पढ़ा और हमारे बीच साझा किया। आश्चर्यचकित हूँ कि किस कदर ग्राहकों को धोखा दिया जा रहा है।
मुझे लगता है कि अब हमें मदर नेचर की ओर लौट जाना चाहिए और नीम दातुन का ही प्रयोग करना चाहिए क्योंकि हर प्रोडक्ट में कुछ न कुछ हानिकारक अवयव मौजूद रहते हैं । किस किस से बचा जाए।
हार्दिक आभार राधा।
बहुत ही दिलचस्प और महत्वपूर्ण आलेख। बधाई
हार्दिक आभार रिंकु
बहुत महत्वपूर्ण, बड़ा सवाल सेहत का।
जिसे आप मिस्वाक कहते हैं हमारे देसी भाषा में मुसाग भी बोलते हैं। कुछ पंजाबी लोग भी बोलते हैं श्री गंगानगर में। इसके अलावा एक बार एक खबर पढ़ी थी और सुनी भी थी। जिसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर का कहना था कि जिस पेस्ट में सबसे ज्यादा झाग बने वो इस्तेमाल करते हैं हम तो वही देखकर लेते हैं। नाम तो नही ध्यान पता नही किस विभाग में थे। इसके अलावा हम लोग बचपन में नीम, मिस्वाक आदि ही करते थे। बाबा रामदेव वाले में तो लोग गोबर, मूत्र पता नही क्या क्या बकवास बताते हैं। वो एक दो बार किया दीदी सब सामान पतंजलि का इस्तेमाल करती है इसलिए। उनका मानना है कि भले जो हो कम से कम है तो देश का ही। कोई विदेशी कम्पनी तो नहीं है। यही बहुत सारे लोग का भी मानना है। मैंने जितनी बार भी किया मजबुरी में किया लेकिन कभी मजा नही आया करते हुए। कभी भी नीम करने का मौका लग जाता है आसपास दिख जाता है तो वही करता हूँ। पेस्ट भी मटर के दाने जितना ही इस्तेमाल करता हूँ शुरू से ही। ज्यादा झाग बनाना मतलब ज्यादा सफाई नही होती। घरों में बच्चों को कहते हैं हमारे भी भाई बहन मतलब मेरे भतीजे भतीजी भांजा भांजी को कि झाग बना अच्छे से और ले पेस्ट और ले। भर देते हैं। 4,5 साल की उम्र से ही शुरू हो जाता है ये सब। इसलिए बच्चों को नीम खारा ही लगता है। मुझे तो मजे आते हैं नीम से दांत एकदम चमक जाते हैं। मुंह की बदबू भी गायब हो जाती है
बढ़िया लिखा कुलमिलाकर
भाई तेजेन्द्र शर्मा जी का लिखा हुआ यह संपादकीय जबरदस्त तैयारी और जानकारी पर आधारित है. इसे पढ़कर बहुत समृद्ध हुआ हूँ. केवल लाभ कमाने के चक्कर में कंपनियाँ अपने ग्राहकों के साथ इतनी क्रूरता कर सकती हैं , शायद ही किसी ने सोचा हो.. अपने भगवाधारी बाबा भी आयुर्वेद के नाम पर वही सब बेच रहे हैं जो दूसरी कंपनियों.
सरकार भी अब कंपनी की ही तरह का व्यवहार कर रही है लोक कल्याणकारी स्वरूप उसने भी बदलकर लाभकारी स्वरूप अख्तियार कर लिया है. इतने गंभीर संपादकीय के लिए बधाई.
स्वाथ्य के प्रति जागरूक करने वाली जानकारी दी आपने
बाजारवाद हमें कहाँ ले जाएगा चिंता का विषय है ,पर सम्पादकीय ने नींद तो उड़ा दी है ।
Prabha mishra
दिलो-दिमाग के सारे तन्त्र खोल देने वाला ज़बरदस्त आलेख। तेजेन्द्र जी का यह आलेख सामाजिक सरोकार से जुड़ा है, उनकी लेखनी और मेधा धन्य हैं। हमने ये तो सुना था कि हमें एक ही टूथपेस्ट स्तेमाल नहीं करते रहना चाहिए, कुछ समय बाद बदलते रहना चाहिए। लेकिन अब यह लाभकारी सम्पादकीय पढ़ने के बाद लग रहा है कि जब सभी में फ़्लोराइड है तो बदलते रहने से भी क्या होगा ?
हमने कभी टूथपेस्ट के कवर पर लिखी चेतावनी पढ़ने की भी कोशिश नहीं की, यह हमारी मूर्खता कहें या आलस्य !!
सम्पादकीय में विभिन्न आँकड़े व हितकारी जानकारी भी देने से यह प्रस्तुति और भी प्रामाणिक हो गयी है।
आदरणीय तेजेन्द्र जी ! हम पाठकगण आपका आभार मानते हैं।
इस विषय में पहले सुना भर था लेकिन आपने विस्तार के साथ वैज्ञानिक तरीके से टूथपेस्ट के प्रयोग पर लिखा है. परन्तु हमारे पास विकल्प नहीं है. इतने वर्षों के बाद नीम की दातून करना मुश्किल है. इसके सकारात्मक विकल्प की पहल होनी चाहिए. सरकार से उम्मीद कम है. सरकार तो टैक्स के चलते गुटखे पर रोक तो दूर इसके विज्ञापनों को भी नहीं रोक पा रही है. निश्चित रूप से आपका यह सम्पादकीय एक जागरुकता पैदा करेगा.
बहुत ही ज्ञानवर्धक और अचंभित करने वाला सम्पादकीय