समर हिल के शिखर पर, शिमला शहर की शान है ।
अध्ययन, मनन और शोध का, अनवरत अभियान है।।
मेघमंडित और कुसुमित, शैल शिख पर है विराज,
देवदारों से घिरा, यह शोधकों का तीर्थराज,
हिमगिरि के शीर्ष का, यह श्रेष्ठतम श्रृंगार है,
देवभूमि पर खड़ा, एक प्रज्ज्वलित उद्गार है,
वास्तुशिल्पी भव्यता का, अतुलनीय प्रतिमान है,
गिरिराज-सा यह भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान है,
समर हिल के शिखर पर, शिमला शहर की शान है ।
अध्ययन, मनन और शोध का, अनवरत अभियान है।।
आंग्ल युग की ओट से, बाहर निकलकर आ गया,
शिक्षा जगत् के व्यास पर, पूरी तरह से छा गया,
विभूतियों के संसर्ग से, आविष्ट इसका प्राण है,
चिंतन जगत् में कर रहा, नित नया कल्याण है,
सर्वपल्ली के सत्कर्म का, अमृत भरा यशगान है,
अधिराज-सा यह भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान है,
समर हिल के शिखर पर, शिमला शहर की शान है ।
अध्ययन, मनन और शोध का, अनवरत अभियान है।।
कला, दर्शन, इतिहास का, मिलन होता है परस्पर,
शोध यज्ञ में आहुति देता, हर शोधकर्ता है निरन्तर,
सम्मेलनों की श्रेणी यहाँ, सर्वोच्च और उत्कृष्ट है,
निज निलय की खोज में, हर शोधी यहाँ निर्दिष्ट है,
वैश्विक पटल पर अमिट इसका, सर्वश्रेष्ठ योगदान है,
देवराज-सा यह भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान है,
समर हिल के शिखर पर, शिमला शहर की शान है ।
अध्ययन, मनन और शोध का, अनवरत अभियान है।।
ज्ञान का एक शोध सिंधु, शक्ति का स्वर्णिम प्रपात,
जिज्ञासुओं के रमण का, एक बोध बिंदु है प्रभात,
संस्कृति और एकता का, पहने मुकुट सिरमौर है,
नवसृजन का नवविहान, ऐसा नहीं कहीं और है,
शोध जगत् की सरिता का, विहंगम दृश्य महान है,
युगराज-सा यह भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान है,
समर हिल के शिखर पर, शिमला शहर की शान है ।
अध्ययन, मनन और शोध का, अनवरत अभियान है।।