एक दुकान के बाहर बोर्ड लगा था संतान के इच्छुक पधारें। संतान होने की गारंटी। दवा 400 रुपये, स्पेशल दवा 700 रुपये और एक्स्ट्रा स्पेशल दवा 1000 रुपये। पढ़कर हमारा माथा ठनका …हम सशरीर वही ठहर गए | हम तो वो प्राणी हैं कि हर बात की बाल में से खाल निकाल लें फिर ये तो वाकई कुछ अटपटी बात थी सो हमारे अन्दर का जासूस जाग गया था वैसे भी जबसे सी आई डी और सावधान इण्डिया जैसे नाटक देखने की लत लगी है हम हर बात की तह तक जाकर ही दम लेते हैं |
हम दुकानदार के पास पहुंचे उसकी दुकान में सजी इन्द्रधनुषी रंग की दवाओं की शीशीयों पर नजर दौड़ाई फिर उससे पूछा, ‘भैया ये आपकी जो अलग अलग दवाएं यहाँ बाहर बोर्ड पर लिखी हैं ..इनका क्या प्रभाव पड़ने वाला है ?
दुकानदार ने हमें ऊपर से नीचे तक घूरा मानो हमारी हैसियत और बाली उमरिया का सही अंदाज लगाने की कोशिश कर रहा हो | फिर बोला “आपकी उमर तो कुछ ज्यादा लग रही है, बच्चे के लिए …खैर आप १००० वाली दवा लीजिये ये जरुर काम करेगी” |

