एक सवाल यह उठाया जा रहा है कि विमान में अतिरिक्त पायलट क्यों मौजूद थे। चूंकि मैं इक्कीस वर्षों तक एयर इंडिया में काम कर चुका हूँ, इसलिए इसका जवाब देने में अपने आपको सक्षम पाता हूँ। लगभग हर एयरलाइन अपने क्रू को अलग-अलग शहरों में तैनात करती है, ताकि वे वहाँ से आगे की उड़ान का संचालन कर सकें। इन्हें ‘सुपरन्यूमरेरी’ क्रू मेंबर कहा जाता है। एयरलाइन की बातचीत की भाषा में ये ‘सूपी क्रू’ कहलाते हैं। जानकारी के अभाव में बहुत से बेवजह के सवाल भी उठाए जाते हैं।
‘पुरवाई’ के पाठकों को याद दिलाना चाहूँगा कि मैंने 21 वर्षों तक एयर इंडिया में केबिन क्रू के रूप में कार्य किया है। ज़ाहिर है कि ‘फ्लाईदुबई’ एयरलाइन की उड़ान संख्या FZ-1073 पर 30 सितंबर 2026 को जो घटित हुआ, उसमें मेरी रुचि एक संपादक के तौर पर भी होगी और एक पूर्व केबिन क्रू सदस्य के तौर पर भी। उस उड़ान पर जो कुछ भी हुआ, वह हमारी कल्पना-शक्ति के बाहर की बात है। एक को-पायलट विमान के कमांडर पर जानलेवा हमला कर सकता है, यह कल्पना करना भी कठिन है।
उस उड़ान के दौरान सच में क्या घटित हुआ, इस सबके बारे में तो कयास ही लगाए जा रहे हैं। इसकी पुख़्ता जानकारी तो शायद अभी किसी को भी नहीं है। मगर मोटे तौर पर जो बातें सामने आ रही हैं, वे एयरलाइन उद्योग के लिए किसी ख़तरे की घंटी से कम नहीं हैं।
जिस पायलट ने हमला किया, उसे ओमान का नागरिक बताया जा रहा है, जबकि जिस कमांडर पर हमला हुआ, वह भारतीय है। भारतीय कप्तान के नाम को लेकर बहुत से अलग-अलग उच्चारण देखने को मिले हैं। कोई ‘मच्छारा’ कह रहा है तो कोई ‘माच्छरा’, तो कहीं ‘माछरा’ भी लिखा जा रहा है। मैंने गुजरात में अपने सूत्रों से संपर्क किया। वहाँ बड़ौदा से साहित्यकार रिंकु चटर्जी ने मुझे बताया कि गुजरात में हिंदुओं की एक जाति ‘माछर’ होती है। तो रिंकु जी की बात को सही मानते हुए हम आपको बताना चाहेंगे कि फ़्लाइट 1073 के कमांडर कैप्टन स्मित माछर थे, जो मूलतः मुंबई के उपनगर घाटकोपर के रहने वाले हैं।
मीडिया में यह घटना सुर्ख़ियों में है और ऐसा होना भी चाहिए। ख़बरों में कहीं कहा जा रहा है कि विमान में 150 यात्री थे तो कोई सूत्र 180 की बात कर रहा है। ‘पुरवाई’ की जानकारी के हिसाब से विमान में 174 यात्री थे। (हम दावा नहीं कर रहे कि हमारी यात्री संख्या ही ठीक है।)
पहले तो हम अपने पाठकों को बताना चाहेंगे कि किस प्रकार की घटना घटित हुई, जो दुर्घटना में परिवर्तित हो सकती थी। ‘फ़्लाईदुबई’ की फ़्लाइट 1073 ने दुबई से 03.00 बजे (यूटीसी) पर उड़ान भरी और उसके बाद चौंतीस हज़ार फ़ुट की ऊँचाई पर क्रूज़ करने लगी।
करीब 05.21 बजे (यूटीसी), फ़्लाइट तेज़ी से नीचे की ओर गिरने लगी… अचानक फिर ऊपर उठी और फिर से गिरने लगी। 05.33 बजे तक विमान लगभग 15,000 फ़ुट की ऊँचाई पर स्थिर हो गया। इस बीच विमान की ऊँचाई 15,000 फ़ुट के आसपास ऊपर-नीचे होती रही और ज़मीनी गति में भी ख़ासा परिवर्तन होता रहा।
सऊदी-जॉर्डन बॉर्डर के पास उड़ते हुए विमान ने 05.28 (यूटीसी) पर ‘स्क्वॉक 7700’ सिग्नल एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल को भेजना शुरू कर दिया। यह एक ख़ास किस्म का कोड है, जिसे अंतरराष्ट्रीय उड्डयन क्षेत्र में ‘सामान्य आपातकाल’ यानी ‘जनरल इमरजेंसी’ बताने के लिए किया जाता है।
पश्चिम की ओर मुड़ने से पहले 05.35 बजे (यूटीसी) पर फ़्लाइट ‘स्क्वॉक 7500’ में बदल गई। यह भी एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तयशुदा कोड है, जिसे ‘ग़ैर-क़ानूनी दख़ल’ या ‘हाईजैक’ के लिए इस्तेमाल किया जाता है। थोड़ी देर के लिए जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में जाने के बाद फ़्लाइट 180 डिग्री मुड़ी और फिर दक्षिण-पश्चिम में तबुक (सऊदी अरब) की ओर बढ़ गई।
यह सारी जानकारी तो ब्लैक बॉक्स के माध्यम से मीडिया ने हासिल की है और यह सच्चाई भी है। इसके अलावा जो सवाल सबके ज़हन में उभर कर आ रहे हैं, उनके बारे में पुख़्ता जानकारी का फ़िलहाल अभाव है।
पूर्व पत्रकार एवं राजनयिक दीपक वोहरा ने एक टीवी चैनल पर बातचीत के दौरान बताया कि उनके एक मित्र ने उन्हें बताया है कि उनका करीबी रिश्तेदार उस फ़्लाइट पर यात्रा कर रहा था। उस यात्री के अनुसार- कॉकपिट से ‘अल्लाह-ओ-अकबर’ का नारा सुनाई दिया और उसके बाद अफ़रा-तफ़री-सी मच गई।
अभी तक की अधिकांश जानकारी इज़राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के हवाले से ही दी जा रही है। बीबीसी, सीएनएन और भारतीय टीवी चैनल आदि सभी उन्हीं सूचनाओं के आधार पर अपनी-अपनी कहानी सुना रहे हैं।
ऐसा कहा जा रहा है कि विमान के फ़र्स्ट ऑफ़िसर (को-पायलट) हमाम अल हमामी ने विमान के कमांडर पर कॉकपिट में ही रखी ‘क्रैश ऐक्स’ से जानलेवा हमला कर दिया। को-पायलट, जो कि ओमानी मूल का बताया जा रहा है, उसके बारे में यह आरोप लगाया जा रहा है कि उसके द्वारा “प्लेन क्रैश करने की कोशिश की गई।” इस ओमानी पायलट को सऊदी अरब में गिरफ़्तार कर लिया गया था और उससे पूछताछ की जा रही थी। ताज़ा सूचना के अनुसार इस पायलट को वापस दुबई भेज दिया गया है, जहाँ उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।
पुरवाई के पाठकों को बताना चाहूंगा कि क्रैश ऐक्स का इस्तेमान ऐसे समय में किया जाता है जब कॉकपिट का दरवाज़ा किन्हीं कारणों से जाम हो जाए तो उसे तोड़ कर खोला जा सके। एक विमान में ऐसे दो औज़ार होते हैं – एक कॉकपिट में और एक केबिन क्रू के पास।

जानलेवा हमले के शिकार हुए कैप्टन स्मित माछर को इज़राइल के प्रधानमंत्री ने ‘हीरो’ करार दिया। उनके अनुसार माछर कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने में कामयाब हो गए, जिससे यात्री हमलावर कैप्टन पर काबू पा सके। यह तब हुआ, जब विमान तेज़ी से नीचे की ओर जा रहा था।
संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ़ अल-शम्सी ने गुरुवार को इस घटना की जाँच के आदेश दिए। उनके ऑफ़िस के मुताबिक, जाँच टीम “घटना की सच्चाई, उससे जुड़ी परिस्थितियों, विवरण और मक़सद का पता लगाने के लिए जानकारी और सबूत इकट्ठा करेगी। साथ ही, यह भी जाँचेगी कि क्या इसका किसी आतंकवादी गतिविधि या मक़सद से कोई संबंध है, या फिर इसके लिए पहले से कोई योजना या निर्देश दिया गया था।”
सऊदी अरब के सरकारी टीवी चैनल ‘अल-एख़बारिया’ पर दिखाए गए तबुक एयरपोर्ट के बयान के मुताबिक, जहाँ प्लेन उतरा था, अधिकारियों ने बताया कि चोट लगने के बाद प्लेन के कैप्टन और फ़र्स्ट ऑफ़िसर को अस्पताल ले जाया गया।
बाद में सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने घायल कैप्टन की पहचान भारतीय नागरिक स्मित माछर के तौर पर की। दूतावास ने बताया कि उनका तबुक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, साथ ही, दूतावास उनके परिवार और सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है।
आज यानी कि 2 अक्टूबर, जबकि महात्मा गाँधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी का जन्मदिन मनाया जा रहा है, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अस्पताल में इलाज करवा रहे भारतीय मूल के कैप्टन स्मित माछर के साथ वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। उन्होंने खुले दिल से कैप्टन स्मित की तारीफ़ की।
एक सवाल यह उठाया जा रहा है कि विमान में अतिरिक्त पायलट क्यों मौजूद थे। क्योंकि मैं इक्कीस वर्षों तक एयर इंडिया में काम कर चुका हूँ, तो इसका जवाब देने में अपने आप को सक्षम पाता हूँ। लगभग हरेक एयरलाइन अपने क्रू को अलग-अलग शहरों में तैनात करती है, जिससे कि वे आगे की उड़ान का संचालन कर सकें। इन्हें ‘सुपरन्यूमरी’ क्रू मेंबर कहा जाता है। एयरलाइन की बातचीत की भाषा में ये ‘सूपी क्रू’ कहलाते हैं। जानकारी के अभाव में बहुत से बेकार के सवाल भी उठाए जाते हैं।
जब हम भारत के टेलीविज़न चैनलों पर भिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बहस करते देखते हैं तो पाते हैं कि वे इस ख़तरनाक हादसे पर भी राजनीति करते दिखाई देते हैं। भारतीय मूल के पायलट की तारीफ़ करने के मामले में भी अपने-अपने वोट बैंक का ध्यान रखा जा रहा है। यहाँ तक कि कुछ एक प्रवक्ता तो इस हिंसक गतिविधि के पक्ष में बोलने से भी नहीं चूके।
जब 9/11 का हमला हुआ था, उसके बाद भी बहुत से संदेह व्यक्त किए गए थे। मेरा दिल तो यह सोचकर ही दहल जाता है कि यदि यह विमान भी हादसा-ग्रस्त हो जाता और को-पायलट अपने प्रयास में सफल हो जाता तो कितनी बड़ी त्रासदी हो सकती थी।… मगर अब समय आ गया है कि संयुक्त अरब अमीरात और फ़्लाईदुबई एयरलाइन के अधिकारी उस ओमानी पायलट की जानकारी सार्वजनिक करें।
पहले हुआ करता था कि विमान अपहरणकर्ता कॉकपिट के बाहर हुआ करते थे और पायलट विमान को बचाने का प्रयास करते थे। आज के हालात पूरी तरह बदल गए हैं। पायलट अपहरणकर्ता हैं और यात्री विमान को बचाने का काम कर रहे हैं।… माँझी जो नाव डुबोए, उसे कौन बचाए!
मुझे निजी तौर पर केवल एक हैरानी हो रही है कि विमान पंद्रह हज़ार फ़ुट से अधिक नीचे की ओर झटके से गिरा, मगर विमान में एक भी ‘ऑक्सीजन मास्क’ खुला नहीं। मेरा अपना अनुभव कहता है कि ऐसे में ‘ऑक्सीजन मास्क’ स्वयं ही खुल जाने चाहिए थे। क्या कोई एविएशन विशेषज्ञ बता सकता है कि ऐसा क्यों हुआ होगा?
(पत्रिका पोस्ट होते-होते हमें उड़ान के ओमानी को-पायलट के बारे में जानकारी उपलब्ध हो गई है। उसका नाम है हमाम अल-हमामी है और उसकी आयु है 29 वर्ष। अल-हमामी ने अपना ज्यादातर जीवन ओमान के बाहर गुजारा था। इसमें एक लंबा हिस्सा सीरिया में भी बीता था। सूत्रों के अनुसार हमाम अल-हमामी को कट्टरपंथी विचारों के लिए ओमान की नेशनल एयरलाइंस ने बैन कर दिया था।)

दुनिया एक वैश्विक गांव में बदल चुकी है। कहीं की भी घटना उसकी जानकारी पूरे विश्व में पलक झपकते फैल सकती है। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि जो बेमिसाल खोजपूर्ण आलेख आपने लिखा है, उसे पूरे विश्व में बहुत से पत्रकार अपने-अपने देश में लिख सकते थे, लेकिन इस मामले में भी भारतीय सबसे आगे निकल गया। अपने आलेख में भी घटना की तथ्य पूर्ण निष्पक्ष और न्याय संगत विवेचना की है बल्कि बहुत से ऐसे पहलुओं पर से पर्दा उठाया है जिनके बारे में शायद अपने आप को खोजी खाने वाले पत्रकार कभी जानने की कोशिश भी नहीं करेंगे।
मुझे यह महसूस करते हुए गर्व होता है कि आप मेरे मित्र हैं।
प्रिय भाई अशोक जी, आपने लिखा है कि – अपने आलेख में भी घटना की तथ्य पूर्ण निष्पक्ष और न्याय संगत विवेचना की है बल्कि बहुत से ऐसे पहलुओं पर से पर्दा उठाया है जिनके बारे में शायद अपने आप को खोजी खाने वाले पत्रकार कभी जानने की कोशिश भी नहीं करेंगे।
मुझे यह महसूस करते हुए गर्व होता है कि आप मेरे मित्र हैं। – आप हमारे लिये बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस सार्थक एवं सार्गर्भित टिप्पणी के लिये हार्दिक धन्यवाद।
संपादकीय घटनाक्रम का आँखों देखा हाल सा प्रतीत होता है। आपने अपने अनुभवों के आधार पर जो कुछ भी विश्लेषण किया है, सटीक और स्पष्ट रूप से जानकारी दे रहा है। मेरी एक पोस्ट में मैंने भी यह प्रश्न उठाया था कि हमलावर का नाम क्यों नहीं बताया जा रहा है। खैर अब तो नान पता चल ही गया है। आपने हमेशा की तरह शोध के साथ लिखा है। बहुत बहुत बधाई
अनीता जी आपकी जागरूकता और सदाशयता को मेरा भारत से प्रणाम।
धन्यवाद अशोक भाई।
धन्यवाद अनीता जी, हमारा प्रयास रहता है कि बिना शोध किये किसी विषय पर न लिखा जाए। स्नेह बनाए रखें।
यह संपादकीय 30 सितंबर 2026 की Flydubai FZ-1073 घटना पर आधारित है। तेजेन्द्र शर्मा ने अपने 21 वर्षों के एयर इंडिया केबिन-क्रू अनुभव के आधार पर घटना के तकनीकी और सुरक्षा पक्ष समझाए हैं। लेख में बताया गया है कि उड़ान के दौरान आपातकालीन संकेत दिए गए और कथित रूप से सह-पायलट ने कमांडर पर हमला किया, जिसके बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया। लेखक अतिरिक्त ‘सुपरन्यूमरेरी’ क्रू की मौजूदगी और ऑक्सीजन मास्क जैसे सवालों पर भी चर्चा करते हैं। साथ ही वे अपुष्ट सूचनाओं और मीडिया अटकलों के बीच आधिकारिक जाँच की आवश्यकता पर जोर देते हैं। अंतिम प्रश्न यही है—जब खतरा भीतर से हो, तो विमान की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
डा विजय दीक्षित
विजय भाई आपने एकदम सही सवाल किया है कि – अंतिम प्रश्न यही है—जब खतरा भीतर से हो, तो विमान की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?… अब तो मन में हमेशा धुकधुकी लगी रहेगी।
आपने घटना का सही विश्लेषण किया है कि पहले जितनी भी आतंकवादी घटनाएं हुई हैं, आतंकवादी कोकपिट से बाहर होते थे। यह अपने किस्म की पहली घटना है जब को-पायलट ही आतंकवादी था और उसने पायलट पर जबरदस्त हमला किया। पायलट स्मित ने साहस और शौर्य का प्रर्दशन करते हुए कौकपिट का दरवाजा खोल दिया। अगर ऐसा न हो पाता तो सोच कर ही कॉलेजा दहल जाता है। स्मित ने प्रधानमंत्री मोदी जी को बताया कि वह संकट की उस गहन घड़ी में
हनुमान चालीसा पड़ रहा था। शायद इतनी भयानक घटना के बावजूद केपटन स्मित की सूझबूझ से एक भयानक हादसा होते होते बच गया।
इस समय सोशल मीडिया, टीवी चेनल और समाचार-पत्र इसी समाचार के बारे में ही लिख कह रहें हैं। भारत में अधिकांश लोग केपटेन स्मित के शोर्य की प्रसंशा कर रहे हैं। आप ने इसी घटना को अपने संपादकीय का विषय बनाया, आपके अपने अनुभव को भी सबके साथ शेयर किया। आपको साधुवाद।
वैसे आतंकवाद की समस्या पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है। भारत आतंकवादी समस्या का भुक्तभोगी है। वैसे अमेरिका भी तो इस समस्या को 9/11वाले बहुत बड़े हादसे से गुजर चुका है। प्रधानमंत्री मोदी हर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इस समस्या को उठा कर पूरे विश्व का इस ओर ध्यान दिलाते रहते हैं। पूरे विश्व के देशों को इस। समस्या के समाधान करने का प्रयास करना चाहिए।
आदरणीय संतोष जी, आपने संपादकीय के बहुत से पहलुओं पर नज़र डाली है। आपकी टिप्पणी हमारे लिये बहुत महत्वपूर्ण है। बहुत बहुत शुक्रिया।
जितेन्द्र भाई: अभी हाल ही में हुई घटना के बारे में जो बातें आप ने बताई हैं उसके लिए बहुत बहुत साधुवाद। बहुत सी जानकारी के लिए यहाँ आपके एयर इञ्डिया के अनुभव बहुत काम आए। क्योंकि अभी पूरी मामले की जाँच हो रही है इसलिए असलीयत क्या है उस में शायद कुछ समय लगे। यहाँ आप से मेरा यह सवाल है कि किस फ्लाइट पर कौन कौन सा क्रू होगा इसका फैसला कौन करता है और क्रू के फाइनल करने से पहले यह नहीं देखा जाता है की क्रू का background क्या है। यह जानते हुए भी कि इस ओमानी को-पायलेट को कट्टरपंथी विचार होने के कारण सीरिया ने निकाल दिया था, दुबई ने अपने स्टाफ़ में क्यों लिया और फ़िर उसको इज़राइल जाने वाली फ़्लाइट पर क्यों भेजा? मैं ने तो एक जगह ख़बरों में पढ़ रहा था जहाँ पर इस उड़ान पर इसे भेजने को भी शक की निगाह से देखा जारहा है और साज़िश का नाम दिया जारहा है। और इस साज़िश की वजह अरब देशौं कई और इज़राइल की शत्रुता हो सकती है। सच क्या वो तो बहुत जल्दी सामने आजाएगा।
विजय भाई आपने बहुत से महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। आप हमेशा संपादकीय को गंभीरता से पढ़ते हैं और उस पर टिप्पणी करते हैं। स्नेह बनाए रखें।
Very informative editorial sir. जो इस क्षेत्र से जुड़े हैं केवल वही इतनी बारीकी से तकनीकी जानकारी दे सकते हैं वरना हम तो उन्हीं को सच समझ लेते हैं जो सोशल मीडिया के ख़बरों में तैर रहे हैं l आपके इस पोस्ट ने नए सिरे से सोचने की भूख बढ़ा दी l सवाल तो genuine है कि विमान में अतिरिक्त पायलट क्यों थे?
हमेशा की तरह बहुत ही तार्किक संपादकीय sir. साधुवाद आपको l
प्रिय चैताली, आपने संपादकीय को न केवल पढ़ा बल्कि पूरी तरह से आत्मसात भी किया। बहुत बहुत शुक्रिया।
स्वागत है sir. बिना पढ़े प्रतिक्रिया देना बेमानी है l आपका लिखा हुआ बहुत सारी संभावनाओं को जन्म देती हैं l पुरवाई की नियमित पाठक होने की खुशी है l
आप ऐसे ही लिखते रहें l
स्नेहाशीष चैताली।
न जाने क्यों लोग मुहब्बत पर कम नफ़रत पर ज्यादा करते हैं, जबकि दुनिया बनी य्रेम के लिए।
आपने एक-एक पहलू और प्रतिक्रिया का ध्यान रखा है
अंत हमलावर की जानकारी भी जुटा ली।
विश्व भर में तहलका मचाया भयानक हादसे ने। भारतीय पायलट की बहादुरी भी विश्व के प्रमुख लोगों की निगाह में आई।
आपके विस्तृत संपादकीय से एयरलाइन्स के ‘कैबिन क्रू’ तथा ‘क्रैश एक्स’ के असर, मीडिया कवरेज के साथ में आपके ‘प्रत्यक्ष अनुभव’ के आधार पर बहुत आवश्यक और अनजानी जानकारियाँ प्राप्त हुईं।
विशेष संपादकीय के लिए आभार।
सहेज रही हूँ।
अनिता रश्मि
धन्यवाद अनिता। हमारा प्रयास रहता है कि शोध करने के बाद ही जानकारी साझा की जाए।
समकालीन विषय पर बेहतरीन सकारात्मक लेख हार्दिक शुभकामनाएं
धन्यवाद संगीता।
संपादकीय सबसे ज्वलंत मुद्दे को पूर्ण अनुभव जनित जानकारी से उठा कर और जिम्मेदारी दे प्रस्तुत भी कर रहा है। यह पुरवाई के पाठकों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं कि सटीक और तथ्य पूर्ण सूचनाओं का समुच्चय बहुत तीव्र गति से पाठकों तक पहुंचा है।
यह भी एक विडंबना ही है कि धर्मांधता और आतंकवाद अब पायलट बन कर हवाई जहाज में पहुंच गई है।यह एक गंभीर खतरे की घंटी है।
कप्तान के नाम को भी औचित्यपूर्ण ढंग से बताया गया है कल के #दैनिक जागरण में खबर में मच्छर प्रमुखता से प्रकाशित हुआ है !!! यह खोजी पत्रकारिता और हिंदी भाषा के गिरते ग्राफ का अप्रत्यक्ष परिचायक है।अखबार के संपादक और प्रबंधन पर इसका ध्यान जाना चाहिए ?!! क्योंकि यह पत्र अनेकों प्रसिद्ध व्यक्तियों के लेखन में ही पगा रहता है?!
खैर बात कप्तान की बहादुरी से 174 यात्रियों के जान बचाने की ,संपादकीय का लेखक एक अनुभवी क्रू मेंबर रहा है और सही प्रश्न भी आया विमान की ऊंचाई कम या अधिक होने पर ऑक्सीजन मास्क क्यों नहीं खुले??? बाद में शायद इसका खुलासा हो,,,वरना तो बॉलीवुड की रील का सा आभास हो रहा है ।
इजरायल के प्रधानमंत्री का बयान और फिर भारत के प्रधान मंत्री का वीडियो कॉल पर बातचीत का वीडियो वायरल हो गया है। पर स्थानीय राजनीति और वोट बैंक को भी संपादकीय में सही स्थान दिया गया है,,, यह भी धर्मांधता के समान ही निंदनीय वृत्ति है।
पत्रकारिता के विद्यार्थियों को इस संपादकीय को सहेजना और बार बार पढ़ना चाहिए कि ऐसे विषयों पर संपादकीय कैसे लिखा जाता है।
सूर्यकांत भाई आपने लिखा है कि – पत्रकारिता के विद्यार्थियों को इस संपादकीय को सहेजना और बार बार पढ़ना चाहिए कि ऐसे विषयों पर संपादकीय कैसे लिखा जाता है। – यह पुरवाई टीम के लिये किसी बड़े सम्मान से कम नहीं। हार्दिक आभार।
आज संपादकीय एक ऐसे सामयिक विषय पर है जो विश्व भर में चर्चित है आजकल। एक दहला देने वाली घटना जो आतंकवाद के अनेक रुपों को उजागर करती है और चौंकाती है कि विश्वव्यापी आतंकवाद और कितने रुपों में सामने आएगा? मानवता कब तक शर्मसार होती रहेगी? संपादकीय के आरंभ में जो गीत प्रस्तुत है *मांझी जो नाव डुबो ए उसे कौन बचाये *।सचमुच सोशल मीडिया के माध्यम से जो भी सूचना प्रसारित की गई वह भ्रामक और उत्तेजित करने वाली है।जब तक जांच चल रही है हमें कुछ भी अनर्गल नहीं बोलना चाहिए। विमान के पायलटों और क्रू मेंबर के साथ जो घटना घटित हुई उसकी सही सही और तर्कपूर्ण जानकारी पुरवाई के माध्यम से ही मिली जो तर्कसंगत लगती है।आदरणीय भाई स्वयं उस परिवेश और पद पर रह चुके हैं इसलिए वस्तुस्थिति को अच्छी तरह समझ.और हमें समझा सके। धर्मान्धता का खतरनाक खेल विमान में सवार 174 यात्रियों के साथ घातक और जानलेवा हो सकता था यदि करुणा और मानवता के देश भारत का एक बेटा अपनी जान की परवाह किए बिना उन्हे बचाने में सफल न हुआ होता । मैं हृदय से अपने जांबाज *कैप्टन स्मित मछार* को सैल्यूट करती हूं।आज आपका देश ही नहीं पूरा विश्व नमन कर रहा है। नमन भाई आपको भी कि आपने संपादकीय के माध्यम से यथार्थ और सटीक चित्रण कर हमें सच्चाई से परिचित कराया। मैं तो केवल पुरवाई का ही विश्वास करती हूं प्रत्येक संवेदनशील समाचार के लिए। मीडिया से भी आग्रह है कि वे मानवता हित की बात सोचें ,दुनिया को आतंकवाद बढाने की दिशा में प्रेरित न करें।सही खबर दें। हार्दिक धन्यवाद बधाई है भाई आपको।आपके अपनी बात को.बेबाक और यथार्थ परक ढंग से प्रस्तुत करने के साहस के लिए।
सादर प्रणाम भाई।
प्रिय पद्मा… आपकी टिप्पणी में आपने कहा है कि – मैं तो केवल पुरवाई का ही विश्वास करती हूं प्रत्येक संवेदनशील समाचार के लिए। मीडिया से भी आग्रह है कि वे मानवता हित की बात सोचें ,दुनिया को आतंकवाद बढाने की दिशा में प्रेरित न करें।सही खबर दें। हार्दिक धन्यवाद बधाई है भाई आपको।- पुरवाई में आपका विश्वास हमारी ताकत है। स्नेहाशीष।
इस विषय पर एक बेहतरीन और ज़रूरी संपादकीय धन्यवाद
धन्यवाद आलोक भाई।
बहुत ही भयावह दृश्य था…. इस घटना से संबंधित आपकी पूरी जानकारी पढ़कर यह महसूस हो रहा, यह लोग जो आतंक फैलाते हैं , जो आतंक को अंजाम देते हैं और जो इस पर राजनीति करते हैं …. उनके लिए क्या tv पर विख्यात होना लिखा है? जो सज़ा उस दोषी को मिलना है…. उससे अधिक इन लोगों को भी मिलना चाहिए….
174 हो या 180…. इन निर्दोष लोगों की जान बच गई है…. ईश्वर का धन्यवाद देते हैं…
कैप्टन स्मित माछर भी स्वस्थ हो जाएँ यही कामना है…..
धन्यवाद आदरणीय सर…
आप जब भी लिखते हैं….पाठकों को चिंतन मंथन हेतु प्रेरित करते हैं…. मनमें उठते प्रश्नों का समाधान भी संपादकीय में क्रमशः मिल जाता है…..
साधुवाद सर…..
आदरणीय अनिमा जी, आपका यह कहना कि – आप जब भी लिखते हैं….पाठकों को चिंतन मंथन हेतु प्रेरित करते हैं…. मनमें उठते प्रश्नों का समाधान भी संपादकीय में क्रमशः मिल जाता है… – हमारे लिये किसी सम्मान या पुरस्कार से कम नहीं हैं। हार्दिक आभार।
अब तो स्पष्ट हो चुका कि यह एक आतंकवादी कृत्य था। ईश्वर का लाख लाख शुक्र कि एक भयानक हादसा होने से टल गया। आप चाहें तो एक अपडेटेड संपादकीय और इस मामले पर लिख कर हमें पूरे घटनाक्रम से आधिकारिक तौर पर अवगत करा सकते हैं। आपका लंबा हवाई यात्रा संचालन का अनुभव है।
अवश्य अरविंद भाई। आपके सुझाव पर टीम विचार करेगी।
पुरवाई पत्रिका का संपादकीय “मांझी जो नाव डुबोए…” अभी हाल में घटी इंटरनेशनल घटना को केन्द्र में रखकर लिखा गया है। जिसमें एक भारतीय पायलट स्मित मछार ने दुबई से इजरायल जा रहे विमान को बहुत बड़ी दुर्घटना से बचा लिया है।
चूंकि संपादक जी भी इक्कीस वर्ष तक एअर इंडिया में काम कर चुके हैं। इसलिए उन्हें विमानन की कार्यप्रणाली और परिस्थितियों की पूरी जानकारी है। घटना कैसे घटी होगी, वह पूरा दृश्य उनके मन में चलचित्र की तरह घूम गया होगा।
को-पायलट द्वारा विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की जो कथित कोशिश की गई है, वह बहुत भयावह है।वो तो भला हो भारतीय पायलट स्मित मछार का, जिसने जान पर खेलकर विमान के सारे यात्रियों की जान बचा ली। यह किस तरह की घटना थी, पुख्ता रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है। अभी तो यह सब जांच का विषय है।
ग्लोबल दुनिया में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगा है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ जैसे सूक्ति वाक्य को स्मित मछार ने सिद्ध करके दिखा दिया है।
आज पूरे विश्व में इस पायलट की जय-जयकार हो रही है। इस तरह के सत्कर्मों की जय-जयकार होती ही है।
ऐसे ज्वलंत विषयों को संपादकीय का विषय बनाना भी एक संपादकीय धर्म है। इसके साथ ही इसके खतरे भी कम नहीं है। दीपक वोहरा वाली बात पाठकों को हजम न होगी। सांप्रदायिक नारे वाली जानकारी दीपक वोहरा जी ने अपने मित्र के रिश्तेदार से प्राप्त की है। इसे औथेंटिक मानने का औचित्य बनता नहीं है।
जनश्रुतियां कभी-कभी सच भी होती हैं और झूठ भी। चैनलों के कुछ डिबेटर सत्य के पैर लगाकर झूठ का शरीर गढ़ने में माहिर हो चुके हैं।
संपादकीय में कुछ घटनाओं को मोटे तौर पर चित्रित कर दिया गया है। इसलिए पाठक सच और झूठ के बीच झूलता नजर आता है। विमान में बैठे यात्रियों की संख्या अलग-अलग चैनलों पर अलग-अलग है। और संपादक द्वारा दी गई संख्या अलग है। फिलहाल आपने कोष्ठक में अपनी बात साफ कह दी है। यह साफगोई ठीक लगी।
अंत में आपने जो प्रश्न किया है, उसका उत्तर तो वही दे सकते हैं जो विमान विभाग से संबंधित होंगे। फिलहाल तो दुनिया भर की सोशल मीडिया में स्मित मछार ही छाए हुए हैं। उनके इस साहस को पढ़ने-सुनने में अच्छा लग रहा है। मानवीय रक्षा वाले काम अच्छे लगते ही हैं। ये काम देशों की सीमा से परे जो होते हैं।
‘मांझी जो नाव डुबोए, उसे कौन बचाए!’ संपादकीय शीर्षक में भय, त्रास और संभावना को एक साथ पिरो दिया गया है। यह शीर्षक बहुत सशक्त बन गया है।
भाई लखन लाल पाल जी आपकी हर टिप्पणी की विशेषता होती है उसकी स्पष्टवादिता। आपको संपादकीय में भी ख़राब मौसम की अनुभूति हुई क्योंकि पाठक सच और झूठ के बीच झूलता नज़र आता है।… स्नेह बनाए रखें।
पूरी घटना का तथ्यात्मक विश्लेषण इस सम्पादकीय की विशेषता है, वरना अनर्गल सूचनाएँ भटकाने में पीछे नहीं रहतीं। जानकारी के साथ आपने कई प्रश्न भी उठाए हैं ।
जो भी हो एक बात तो स्पष्ट है कि दोषी के लिए जान की क़ीमत कुछ नहीं, वहीं स्मित माछर जैसे जाँबाज़ भी हैं, जिन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए सभी यात्रियों की जान बचाई है। गर्व होता है ऐसे साहसी वीरों पर और आप पर भी उतना ही, क्योंकि पूरे विश्व की सूचनाओं को अपने विश्वसनीय सम्पादकीय के माध्यम से हमें अवगत कराते हैं। साधुवाद तेजेंद्र जी।
आदरणीय सुदर्शन जी, आपका यह कहना कि – गर्व होता है ऐसे साहसी वीरों पर और आप पर भी उतना ही, क्योंकि पूरे विश्व की सूचनाओं को अपने विश्वसनीय सम्पादकीय के माध्यम से हमें अवगत कराते हैं। साधुवाद तेजेंद्र जी। – हमारी टीम के लिये शाबाशी है… आपका हार्दिक आभार।
आदरणीय तेजेन्द्र जी!
संपादकीय ने स्तब्ध किया।तत्काल काला सागर कहानी दिमाग में कौंध गई।और आपका कहा भी याद आया कि “कोई घटना कहानी नहीं होती।”
यह संपादकीय भी सिर्फ घटना मात्र नहीं।आपकी कहानी काला सागर की ही तरह दिल में ठहर कर और घटना के विवरण से आगे बढ़कर विमान की सुरक्षा, आतंकवादी गतिविधियों, मीडिया और राजनीति के साथ ही पायलट की जिम्मेदारी के बारे में भी सोचने पर विवश करता है।
इस संपादकीय की विशेषता यह है कि आपका स्वयं एयर इंडिया में इक्कीस वर्षों तक काम करने के अनुभव का घटना की तकनीकी पृष्ठभूमि को समझाने के लिये प्रयोग करना सिर्फ संपादकीय ही नहीं बल्कि आपके निजीेउ अनुभव की जानकारी के तहत न केवल इसके विश्वसनीयता को प्रमाणित करने की पुष्टि करती है बल्कि मानवीय चिंता की ओर भी इंगित करता है।
परिणाम परिणति के बाद का निर्णायक उद्घोष है ,किन्तु अकस्मात, अविश्वसनीय और विकट प्राणघाती परिस्थितियों में भी उत्तरदायित्व के प्रति सजगता,प्रत्युत्पन्नमति और हौसले से सामना करना ही इस संपादकीय का मूल है, जो जिम्मेदारी के निर्वाह के प्रति “प्राण जाए पर वचन न जाई” का निर्वाह करता है। अपनी ड्यूटी के प्रति ली गई शपथ के निर्वाह का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर न केवल अपने साहस का परिचय दिया बल्कि तेजी से नीचे जाते विमान से यात्रियों को मृत्यु के भय से उबार कर जीवन के प्रति आशान्वित किया।
कैप्टन स्मित माछर को इज़राइल के प्रधानमंत्री द्वारा “हीरो” कहा जाना सिर्फ उनका “सम्मान” नहीं बल्कि देश के गौरव के साथ एक प्रेरणा है, जो भविष्य की पीढ़ी को कर्तव्यबद्धता के लिये प्रेरित करेगी और एक संकेत अपराधी प्रवृत्ति के लिये भी कि ‘तुम अगर सेर हो सामने वाला सवा सेर।”
इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आपने स्वयं एयर इंडिया में इक्कीस वर्षों तक काम करने के अपने अनुभव
को घटना की तकनीकी पृष्ठभूमि समझाने के लिये इस्तेमाल किया है।पत्रकारिता, निजी अनुभव और मानवीय चिंता;तीनों का संगम महसूस हुआ ।
संपादकीय का प्रारंभ कैप्टन स्मित माछर के साहस को रेखांकित करते हुए होता है। इज़राइल के प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें ‘हीरो’ कहा जाना और यह कहना कि उन्होंने कॉकपिट का दरवाज़ा खोलने में सफलता प्राप्त की, घटना को असाधारण मानवीय साहस के प्रसंग में बदल देता है। विमान जब तेजी से नीचे जा रहा हो और कॉकपिट के भीतर ही संकट उत्पन्न हो गया हो, इस स्थिति में पायलट का अपने कर्तव्य का निर्वाह करना निश्चय ही अद्भुत साहसिक कृत्य है।
संपादकीय दृष्टि इस प्रसंग को केवल एक व्यक्ति की वीरता के रूप में नहीं देखती, बल्कि उसके पीछे छिपे व्यापक विमानन-सुरक्षा प्रश्नों तक पहुँचती है।
आपके द्वारा ‘सुपरन्यूमरी’ अथवा ‘सूपी क्रू’ की व्याख्या विशेष रूप से महत्वपूर्ण लगी हम जैसे अन्य सामान्य इंसान, इस तरह की किसी भी जानकारी से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं।
घटना के बाद विमान में अतिरिक्त पायलटों की मौजूदगी पर उठाए जा रहे सवालों के संदर्भ में आपने अपने एयर इंडिया के अनुभव के आधार पर स्पष्ट किया है कि एयरलाइंस अपने कर्मचारियों को अलग-अलग शहरों में तैनात करती हैं ताकि वे आगे की निर्धारित उड़ानों का संचालन कर सकें। आपके द्वारा दी गई इस जानकारी के साथ ही पाठकों के, “को पायलट क्यों ?”प्रश्न का समाधान हो जाता है। निश्चित रूप से जरूरी है कि किसी घटना को समझने से पहले उसके तकनीकी और व्यावसायिक संदर्भ को जानना आवश्यक है। यह संदर्भ आपकी पेशेगत विमानन पृष्ठभूमि की विश्वसनीयता का द्योतक है तेजेन्द्र जी!
संपादकीय का एक महत्वपूर्ण पक्ष मीडिया और राजनीति पर आपका कथ्य है।लेखकीय दृष्टि से आपकी आपत्ति इस बात पर है कि इतने गंभीर और संभावित रूप से विनाशकारी विमानन संकट पर भी टेलीविजन बहसें राजनीतिक हितों और वोट-बैंक के चश्मे से देखने लगती हैं।
यहाँ तक कि भारतीय मूल के पायलट की प्रशंसा तक को राजनीतिक खाँचों में बाँट देना आपकी लेखकीय सोच को विचलित करता है। आपकी यह सोच संपादकीय को एक विमानन घटना की सीमाओं से बाहर निकलकर समकालीन सार्वजनिक विमर्श की समस्या पर बन जाती है।
आपकी यह चिंता जायज़ है कि हिंसक गतिविधि के पक्ष में बोलने की मानसिकता आखिर आती कहाँ से है!
यहाँ आपने किसी समुदाय मात्र को कटघरे में खड़ा करने के बजाय हिंसा की विचारधारा पर प्रश्न उठाया है।
विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा किसी भी धर्म, राष्ट्रीयता अथवा राजनीतिक विचारधारा से कहीं ऊपर है। वास्तव में यह मानवीय और सार्वभौमिक है।
9/11 का संदर्भ भी इसी चिंता को व्यापक ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य देता है।यह विमानन- सुरक्षा के उस मूल सिद्धांत की ओर संकेत करती है जिसमें कॉकपिट की सुरक्षा और पायलटों की विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।आपका प्रश्न कायदे से तो सभी का प्रतिनिधित्व करते हुए है कि यदि संकट का स्रोत ही विमान के संचालन से जुड़े व्यक्ति के भीतर हो, तो यात्रियों की सुरक्षा की व्यवस्था किस प्रकार काम करेगी?
पर इसी संदर्भ में
“अमर प्रेम” पिक्चर के गीतकार आनंद बख्शी के गीत की पंक्ति *“माँझी जो नाव डुबोए, उसे कौन बचाए!”*
संपादकीय का महत्वपूर्ण शीर्षक बनकर संपादकीय का मूल प्रश्न बन जाती है।
यह छोटा-सा वाक्य पूरे संपादकीय की विडंबना को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करता है।
परंपरागत विमान अपहरण की स्थिति में खतरा कॉकपिट के बाहर से आता था और पायलट यात्रियों तथा विमान की रक्षा करता था।पर यहाँ आपका अनुभव वर्तमान घटना के संदर्भ में इस व्यवस्था के उलट जाने की आशंका व्यक्त करता है। और सही भी है कि जिस व्यक्ति के हाथ में विमान की सुरक्षा का दायित्व है, वही यदि खतरे का स्रोत बन जाए तो सुरक्षा-तंत्र के सामने सबसे कठिन प्रश्न समस्या बनकर खड़ा हो जाता है।
संपादकीय का अंतिम हिस्सा तकनीकी जिज्ञासा को सामने लाता है और आपका अनुभव प्रश्न करता है कि “यदि विमान पंद्रह हजार फीट से अधिक नीचे की ओर तेजी से गया, तो ऑक्सीजन मास्क क्यों नहीं खुले?”
और आपका यही अनुभव एक विमानन विशेषज्ञ से इसके स्पष्टीकरण की अपेक्षा रखता है।
यह एक महत्वपूर्ण और खोजपरक आयाम की तरह है कि संपादक स्वयं अंतिम निष्कर्ष देने के बजाय विशेषज्ञों से उत्तर माँगते हैं! यही सावधानी इस संपादकीय को अधिक जिम्मेदार बनाती है, क्योंकि विमानन जैसी तकनीकी घटना में अनुमान को तथ्य के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं होता।
अंत में ओमानी को-पायलट के नाम, उम्र और कथित कट्टरपंथी विचारों से जुड़े विवरण दिए गए हैं। यह हिस्सा अत्यंत संवेदनशील लगा। आपने इसे पूर्ण जानकारी के अभाव में “सूत्रों के अनुसार” कहकर प्रस्तुत किया है,जो एक सीमा तक सावधानी का संकेत है, क्योंकि जाँच अभी चल रही है और जानकारी पूरी प्राप्त हुई नहीं है।और फिर ऐसे आरोपों- प्रत्यारोपों की स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि आवश्यक होती है।
फिर किसी व्यक्ति की राष्ट्रीयता, पूर्व निवास या कथित वैचारिक संबद्धता को मात्र संदिग्धता के कारण उसके अपराध का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
संपादकीय की एक बात बहुत अच्छी लगी कि जहाँ विमानन से जुड़े शब्द आते हैं, वहाँ संपादक की हैसियत से आपने अपने अनुभव के चलते पाठकों की सरलता के लिये समझाने का पूर्ण प्रयास किया है।जिससे सामान्य पाठक भी विषय से जुड़ा रहता है।
यहाँ पत्रकारिता की तत्परता और संस्मरणात्मक आत्मविश्वास दोनों महसूस हुए “क्योंकि मैं इक्कीस वर्षों तक एयर इंडिया में काम कर चुका हूँ…” जैसी पंक्ति आपकी व्यक्तिगत विश्वसनीयता के प्रतिमान गढ़ती है।
इसी प्रकार “मेरा दिल तो यह सोचकर ही दहल जाता है…” वाक्य मानवीय संवेदना को प्रगट करता है। यहाँ आपकी लेखकीय सोच केवल सूचना देने वाली पर्यवेक्षक नहीं रह जाती, बल्कि एक संपादक संभावित त्रासदी की कल्पना से विचलित एक संवेदनशील व्यक्ति के रूप में सामने आता हैं।
“माँझी जो नाव डुबोए, उसे कौन बचाए!” जैसी अभिव्यक्ति पूरे प्रसंग की भयावह विडंबना को एक ही वाक्य में समेट देती है।
इस संपादकीय की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि यह पाठक को केवल “क्या हुआ” नहीं बताता, बल्कि “ऐसा क्यों हुआ”, “इससे आगे कौन से प्रश्न पैदा होते हैं” और “भविष्य में ऐसी स्थिति से कैसे बचा जा सकता है”—इन प्रश्नों की ओर भी ले जाता है।
दूसरी बड़ी उपलब्धि संपादक के रूप में स्वयं आपका अनुभव है। एयर इंडिया में लंबे समय तक काम करने का अनुभव ही आपको ‘सुपरन्यूमरी क्रू’ जैसे सामान्य पाठक के लिए अपरिचित पक्ष को स्पष्ट करने की क्षमता देता है।
तीसरी उपलब्धि मानवीय साहस को केंद्र में रखना है। आपने अपने सोर्स से न केवल कप्तान माछर के सही नाम की जानकारी हासिल की बल्कि कैप्टन स्मित माछर की भूमिका को रेखांकित करते हुए यह स्पष्ट किया कि संकट की घड़ी में व्यक्तिगत साहस कभी-कभी सैकड़ों लोगों की जिंदगी बचाने में निर्णायक हो सकता है।
ऑक्सीजन मास्क का प्रश्न ,घटना के दौरान विमान की वास्तविक तकनीकी स्थिति, विमान का मॉडल, ऊँचाई में गिरावट का सटीक स्वरूप और कॉकपिट में घटित घटनाओं से जुड़े प्रश्न तो बहुत ही महत्वपूर्ण है।
यह संपादकीय सुरक्षा-व्यवस्था की कमजोर कड़ियों, पायलट की नैतिक जिम्मेदारी, आतंकवाद की बदलती प्रकृति, मीडिया की राजनीतिक दृष्टि और संकट के समय मानवीय साहस पर विचार करने के लिए बाध्य करता है।
कैप्टन स्मित माछर का प्रसंग इस लेख का मानवीय केंद्र है, जबकि कॉकपिट की सुरक्षा, अतिरिक्त क्रू की उपस्थिति, ऑक्सीजन मास्क और ओमानी पायलट से जुड़े प्रश्न इसके खोजपरक पक्ष को सामने लाते हैं।
आपका अपना विमानन-अनुभव लेख को विशिष्ट विश्वसनीयता देता है।
यह संपादकीय मानव मात्र के प्रति एक बेहद गंभीर प्रश्न के सामने खड़ा करता है कि विमान में बैठे सैकड़ों यात्रियों का जीवन जिस व्यवस्था और जिन व्यक्तियों के विश्वास पर निर्भर है, उस व्यवस्था में यदि भीतर से ही संकट पैदा हो जाए तो सुरक्षा का अंतिम सहारा क्या होगा?
एक बेहद-बेहद सामयिक,गंभीर,अति आवश्यक और महत्वपूर्ण विषय पर अपने संपूर्ण अनुभव के साथ जानकारी देते हुए, अपने संपादकीय कौशल से हमेशा की तरह पाठकों को समृद्ध करने के लिये आपका तहेदिल से शुक्रिया सर!
पुरवाई का बहुत-बहुत शुक्रिया।
आदरणीय नीलिमा जी – आपने कहा है कि – एक बेहद-बेहद सामयिक,गंभीर,अति आवश्यक और महत्वपूर्ण विषय पर अपने संपूर्ण अनुभव के साथ जानकारी देते हुए, अपने संपादकीय कौशल से हमेशा की तरह पाठकों को समृद्ध करने के लिये आपका तहेदिल से शुक्रिया सर!
पुरवाई का बहुत-बहुत शुक्रिया। – हमारा हमेशा यही प्रयास रहता है कि आपके सामने जो भी मुद्दा पेश किया जाए उस पर पूरी जानकारी हासिल करने के बाद ही किया जाए। हार्दिक धन्यवाद।
फ्लाईदुबई’ एयरलाइन की उड़ान संख्या FZ-1073 पर 30 सितंबर 2026 को घटित घटना को एक पूर्व केबिन क्रू के नजरिये जो लिखा है, वह स्वागत योग्य है क्योंकि यह संपादकीय कई लोगों की कई भ्रान्तियों को दूर होने में सहायक होगा। 175 यात्रियों को ले जा रहे यात्री जहाज में एक को-पायलट का दूसरे पायलट पर जानलेवा हमला करना भी आश्चर्यजनक है। जो इस आतंकी वारदात का विरोध नहीं कर रहे हैं, वे परोक्ष रूप से आतंकियों के साथ हैं। इन लोगों की यह सोच दुनिया का क्या हश्र करेगी, कल्पना से परे है। सच मांझी जो नाव डुबोये, उसे कौन बचाये…
आँखें खोलने वाले सामयिक संपादकीय के लिए साधुवाद।
सुधा जी, आपने लिखा है कि – जो इस आतंकी वारदात का विरोध नहीं कर रहे हैं, वे परोक्ष रूप से आतंकियों के साथ हैं। इन लोगों की यह सोच दुनिया का क्या हश्र करेगी, कल्पना से परे है। सच मांझी जो नाव डुबोये, उसे कौन बचाये…
आँखें खोलने वाले सामयिक संपादकीय के लिए साधुवाद।… आपके समर्थन के लिये हार्दिक धन्यवाद।
हमारे देश के नेता देश हित के मामले में भी पार्टी पॉलिटिक्स करना नहीं भूलते, यह दुखद स्थिति है। आप 21 वर्ष एयर इंडिया में कार्यरत रह चुके हैं अतः आप घटनाक्रम को बहुत बारीकी से समझ सके, जबकि इसके बारे में विस्तार से जानकारी बाद में हुई। यों भी आप जो विषय उठाते हैं, उसके तह तक जाते हैं इसलिए आपके संपादकीय पाठकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। बहुत बधाई बहुत शुभकामनाएं।
विद्या जी आपने लिखा है कि – आप जो विषय उठाते हैं, उसके तह तक जाते हैं इसलिए आपके संपादकीय पाठकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। बहुत बधाई बहुत शुभकामनाएं। – आपका बहुत बहुत शुक्रिया।