Wednesday, November 11, 2026
होमअपनी बातगिलास को हिंदी में क्या कहते हैं....

गिलास को हिंदी में क्या कहते हैं….

लबों के सामने ख़ाली गिलास रखते हैं
समुंदरों से कहो हम भी प्यास रखते हैं।
….  फ़राग़ रोहवी

बात जब गिलास की हो रही हो तो नज़र के सामने शीशे का गिलास ही आता है। यदि आप उच्च-मध्यवर्गीय परिवार से हैं तो आप शाम के समय क्रिस्टल से बने गिलास में अपने सुनहरे रंग के पैग के बारे में सोचने लगेंगे, जिसमें बर्फ़ के ऊपर सोड़े के बुलबुले भी हो सकते हैं।

गर्मी का मौसम हो तो हम घर में घुसते ही एक गिलास पानी के बारे में सोचते हैं। मगर हम कभी यह नहीं सोचते कि गिलास को हिंदी में क्या कहते होंगे, और जब हम एक गिलास पानी माँगते हैं तो दो भिन्न भाषाओं के शब्द इस्तेमाल करते हैं- गिलास और पानी।

‘पुरवाई’ के पाठकों के लिए मैंने खोजबीन शुरू की। प्रश्न यह था कि गिलास, और वह भी शीशे का गिलास, भारत में कब और कैसे पहुँचा। गिलास तो भारत में एल्यूमिनियम, पीतल, ताँबा और चाँदी के भी होते हैं। मगर गिलास जैसे आकार का बर्तन जब भारत में मौजूद नहीं था तो भारतीय पानी कैसे पीते होंगे? ऐसा तो हो ही नहीं सकता कि हम पानी पीते ही न हों।

हम जब भी हिंदी के शब्द खोजना शुरू करते हैं, सीधे संस्कृत की ओर चल देते हैं। ऐसा माना जाता है कि संस्कृत में पानी पीने के लिए जिन पात्रों का प्रयोग किया जाता था, उन्हें जलपात्र, पानपात्र, पानभाजन, पानभाण्ड और चषक कहा जाता था। मगर वर्तमान में इन शब्दों का प्रयोग लगभग नगण्य ही कहा जाएगा, या फिर कहा जा सकता है कि ये शब्द लगभग लुप्त हो चुके हैं।

फ़ारसी और उर्दू से एक शब्द हिंदी में आया- प्याला। मगर इसे भी गिलास के समकक्ष मानना सही नहीं कहा जा सकता। एक बात तो तय है कि गिलास अब केवल हिंदी ने ही नहीं अपनाया, बल्कि इसे भारत की लगभग सभी भाषाओं ने अपने में समेट लिया है।

आम भाषा में गिलास से पहले लोटा, कुल्हड़, कटोरा और कटोरी ही पानी पीने के लिए इस्तेमाल में लाए जाते होंगे। कुछ अंचलों में लोटे का ही एक रूप गढ़वा रहा होगा। इसमें लोटे के साथ एक टोंटी जुड़ी रहती है और इसका उपयोग पूजा के लिए भी होता है। मुसलमानों में इस गढ़वे का इस्तेमाल वुज़ू करने के काम भी आता है। इसलिए इसे वुज़ू का लोटा भी कहा जाता है।

मैंने इस विषय को खँगालते हुए ग्लास और काँच के इतिहास को जानने का प्रयास किया, ताकि आप तक इस विषय की जानकारी पहुँचाई जा सके। जहाँ तक काँच का सवाल है, उसका सबसे पहला उल्लेख मेसोपोटामिया में ईसा से लगभग 3,600 वर्ष पहले मिलता है। मेसोपोटामिया में आज के इराक़, सीरिया, तुर्की और कुवैत के कुछ इलाके शामिल थे। काँच का सबसे प्रारम्भिक उल्लेख सीरिया में मिलता है।

भारत की बात की जाए तो सिंधु घाटी सभ्यता के हड़प्पा में काँच की सबसे पुरानी वस्तु मिली, जो भूरे रंग के काँच का एक मनका है। यह लगभग 1700 ईसा पूर्व का है और दक्षिण एशिया में काँच का सबसे पुराना साक्ष्य पाया जाता है। हड़प्पा आज पाकिस्तान में है। वहीं भारत के हस्तिनापुर में ताम्रपाषाण काल के दौरान काँच की बनी वस्तुएँ मिली हैं। काँच के व्यापक उपयोग का स्पष्ट प्रमाण तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व तक्षशिला में मिलता है। आज के पाकिस्तान में रावलपिंडी के निकट मिले खंडहरों में चूड़ियाँ, मनके, खिलौने और छोटे बर्तन बड़ी संख्या में पाए गए हैं।

हमें याद रखना होगा कि उस कालखंड में काँच का इस्तेमाल तो होता था, मगर काँच के गिलास के उपयोग के कोई प्रमाण नहीं मिलते। ग्लास शब्द अंग्रेज़ी में लैटिन से आया और फिर भारत पहुँचकर गिलास बन गया।

यदि आज हमें गिलास की परिभाषा लिखनी पड़े तो हम आसानी से कह सकते हैं कि- “गिलास एक ऐसा सीधा, खड़ा और छोटा पात्र है, जो आमतौर पर पारदर्शी होता है तथा जिससे कोई भी पेय पिया जा सकता है। इसका तला समतल होता है, ताकि यह मेज़ आदि पर आसानी से टिक सके। इसमें कोई हैंडल या हत्था नहीं होता। लोग पानी, जूस, दूध या अन्य पेय पीने के लिए गिलास का इस्तेमाल करते हैं। गिलास के भीतर का पेय बाहर से भी दिखाई देता है, क्योंकि गिलास प्रायः पारदर्शी होता है।“

ऐसे साक्ष्य मिलते हैं कि पानी पीने के लिए काँच के गिलास का सबसे पहले उपयोग मिस्र में पहली शताब्दी ईस्वी में हुआ। वहीं पहली शताब्दी के अंत तक रोम में आधुनिक आकार के गिलास बनने लगे। पूरे यूरोप में इस पात्र को ग्लास कहा जाने लगा। ज़ाहिर है, यह सवाल मन में उठेगा कि ऐसे गिलास का भारत में आगमन कैसे हुआ होगा।

यह माना जा सकता है कि 15वीं और 16वीं शताब्दी में जब यूरोपीय व्यापारियों का भारत में आगमन हुआ, तो उनके साथ ही ऐसा पात्र भी भारत पहुँचा। यह स्पष्ट है कि इससे पहले न तो ग्लास (गिलास) शब्द भारत में था और न ही ऐसा कोई पात्र। ऊपर बताया जा चुका है कि भारत में लोग पानी पीने के जिन पात्रों का उपयोग करते थे, उन्हें भिन्न आकारों और नामों से जाना जाता था- चषक, चुक्कड़, कुल्हड़, कसोरा, अमत्र, आपानीयकंस, आस्पात्र, कमंडल, गढ़वा, भाजन, करक, प्याला, चसक और लोटा।

यूरोप में जब एक बार ग्लास का निर्माण होने लगा तो फिर विभिन्न पेयों के लिए अलग-अलग आकार के ग्लास बनने शुरू हो गए- वाइन ग्लास, शैम्पेन ग्लास, हाईबॉल ग्लास, लिक्योर ग्लास आदि। ऐसा नहीं है कि चाय के कप में डालकर पीने से शैम्पेन का स्वाद बदल जाएगा। बात केवल इतनी-सी है कि उच्चवर्गीय तबके ने सभ्यता के विकास के साथ-साथ ग्लास के आकार को भी ग्लैमर और नफ़ासत से जोड़ दिया। यहाँ तक कि ग्लास में शैम्पेन और बीयर किस प्रकार डाली जाए, उसका भी अलग से प्रशिक्षण मिलने लगा।

हमारा प्रयास रहा है कि इस संपादकीय में काँच से कहीं अधिक हम पानी पीने वाले गिलास के आकार और इतिहास की बात करें। हमारे जीवन में बहुत-सी चीज़ें ऐसी होती हैं जिनका प्रयोग तो हम जीवन भर करते हैं, मगर उनके बारे में हमें यह जानकारी नहीं होती कि वे हमारे जीवन में आई कहाँ से। वैसे भी भारत के महानगरों में पुरातन भारतीय वस्तुएँ लगभग भुला दी गई हैं और हम विदेशी वस्तुओं से अधिक जुड़ गए हैं।

तो निष्कर्ष यह निकलता है कि गिलास के लिए हिंदी में कोई मूल शब्द नहीं है, क्योंकि गिलास का निर्माण भारत में प्रारम्भ नहीं हुआ था। लैटिन से अंग्रेज़ी में आया ग्लास भारत में आकर गिलास बन गया।

यह भी हो सकता है कि कुछ मित्र इस संपादकीय को पढ़ने के बाद अपना गिलास उठाएँ और दूसरे मित्र के गिलास से टकराकर कहें- “चीयर्स टू द एडिटोरियल!”

तेजेन्द्र शर्मा
तेजेन्द्र शर्मा
लेखक वरिष्ठ साहित्यकार, कथा यूके के महासचिव और पुरवाई के संपादक हैं. लंदन में रहते हैं.
RELATED ARTICLES

54 टिप्पणी

  1. बढ़िया और लीक से हटकर होठों पर स्मित लाने वाला,जानकारी से भरपूर संपादकीय।
    गिलास और ग्लास का इतिहास ,सांस्कृतिक आयाम और फिर मेसोपटामिया तक खोजना ,खंगालना तिस पर भी कौतूहल और दिलचस्पी को बरकरार रखना!!!! युवा पाठकों के साथ साथ सभी वर्गों और आयु के लोगों को यह संपादकीय अवश्य पसंद आयेगा।
    बधाई हो ।

    • भाई सूर्य कांत शर्मा जी आपके अनुसार “युवा पाठकों के साथ साथ सभी वर्गों और आयु के लोगों को यह संपादकीय अवश्य पसंद आएगा।” हार्दिक धन्यवाद।

    • नमस्कार सर
      बहुत अभूतपूर्व जानकारी को बहुत रोचक तरीके से प्रस्तुत करने सचमुच सीखने योग्य है । इतने नये और ऐसे विषय जिनके बारे में कोई सोच भी नहीं रहा, उनके बारे में इतनी मेहनत से पूरी जानकारी देने का आपका यह अद्भुत कार्य हमारे लिए बहुत अनुकरणीय है ।
      आत्मीय आभार आपका हमारे ज्ञानवर्धन के लिए

  2. बड़े रोचक ढंग से आपने भारत में ग्लास /गिलास के आगमन की कथा कही।लैटिन से अंग्रेज़ी में आया ग्लास भारत में आकर गिलास बन गया।
    संपादकीय के आखिर तक आते आते चेहरे पर मुस्कुराहट आ जाती है ।
    चीयर्स टू द एडिटोरियल!”

    • बहुत बढ़िया। जाने कितने दिनों के तनाव भरे वातावरण से अलग से चेहरे पर मुस्कान लाने वाला, रोचक, नई जानकारी देता सम्पादकीय। ग्लास हो या गिलास ,भारतीय जनमानस में घुल मिल गया है। हिन्दी भाषा की यही तो विशेषता है विश्व की अनेक भाषाओं के शब्दों को उसने अपने आँचल में ऐसे समेट लिया है कि पता ही नहीं चलता कि अपना है या पराया। जो भी हो हम तो आपकी लेखनी और शोध परक नज़रों के क़ायल हैं। पता नहीं हर बार आप नया विषय और उसका शोध कैसे और कहाँ से करते हैं। ईश्वर आपकी ऊर्जा बनाए रखें तेजेंद्र जी। बहुत-बहुत बधाई

      • सुदर्शन जी इस सार्थक एवं स्नेह से परिपूर्ण टिप्पणी के लिये दिल से शुक्रिया।

  3. तेजेन्द्र भाई हर सभ्यता में खाने पीने की शैली अलग अलग है , आज भी हमारे पच्छिम उत्तर प्रदेश में लोग चुल्लू से पानी पीते हैं , दक्षिण भारत में लबों से लोटा ग्लास लगाने का प्रचलन नहीं है लोग उसे हाथों से थोड़ा ऊँचाई पर रख कर धार से पानी पानी पीते हैं . मुद्दा प्यास बुझाने का है जैसे बुझ जाये ठीक है . लेकिन ग्लास शब्द की यात्रा का आपने रोचक अंदाज़ में बयान किया है उसके लिए शुक्रिया. विश्व की हर भाषा में हज़ारों लाखों शब्द बंजारे की तरह खोजी यात्रियों , धार्मिक प्रचार प्रसार , विस्थापन आदि से आ गए हैं . आज तो शब्द और भी ज़्यादा बंजारे हो गए हैं ,
    Thanks to that every living soul is on Internet

    • प्रदीप भाई आपने बढ़िया जानकारी उपलब्ध करवाई है,,, जिसका गिलास से कुछ लेना देना नहीं है।

  4. आज तो आपने गिलास को लेकर क्लास ही लगा दी। बेशक हिंदी में गिलास अंग्रेजी भाषा के माध्यम से आया
    और अंग्रेज़ी में भी यह शब्द लेटिन भाषा से आया। अंग्रेज़ी भाषा में ग्लास शब्द हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में आया तो हिंदी में वह ग्लास नहीं गिलास है यानि उसमें ‘इ’ की मात्रा लगा कर उसका भारतीयकरण कर दिया मानों उसे चुनरी ओढ़ा कर उसके साथ शालीनता का गौरव पहना दिया गया वह भारत में केवल सुरा का चषक न बन कर पानी से लेकर हर पेय पदार्थ का पात्र बन गया है। यह भी कह सकते हैं कि भारत में ग्लास से गिलास बना और उसका यहां जनतंत्रीकरण हो गया है। अमीर शानदार शीशे के गिलास में चाहे कोई भी पेय पीये, भारत में हर आम आदमी के लिए गिलास पानी जैसी जीवनदायिनी शक्ति का प्रतीक है, दूध, लस्सी या जूस भी गिलास का ही प्रयोग होता है यहां तक जब हम दफ्तर में काम करते थे तो चाय भी पानी पीने वाले गिलास भी ही पीते थे। गिलास में चाय की ऐसी आदत कि कप में चाय चाय नहीं लगती थी। जहां तक हिंदी में ग्लास को गिलास के रुप में अपनाने की बात है, भारत ने अंग्रेज़ी के अनेक शब्द अपना लिए गये हैं, उस मायने में हिंदी और भारतीय भाषाओं की आत्मसात करने की कमाल की क्षमता है यहां तक तो भारत ने तो स्वयं बहुभाषी होते हुए भी पूरी की पूरी अंग्रेज़ी को यों आत्मसात किया है कि अंग्रेज़ों की अंग्रेजी भारत में भारतीय अंग्रेज़ी को अर्थात् Indian English कहा जाने लगा है।‌ खैर, एक सूचनात्मक और विचारोत्तेजक संपादकीय के लिए साधुवाद।

    • आदरणीय संतोष जी, आपने बहुत दिलचस्प टिप्पणी लिखी है। अंदाज़ चुटीला है। बहुत शुक्रिया।

  5. तरह तरह के फूल खिला ये
    ले गढ़वा, हाथन में आये
    निजामुद्दीन के दरवाज़े पर
    आवन कह गए , अजहुं न आये
    बीत गए बरसों, सकल वन फूल रही सरसों
    सम्पादकीय शायरी से शुरू हुई अतः —
    भारत का तो लोटा, गढ़वा, गडरी पानी पीने को था सुराही ,पैमाना मुग़ल काल की देन और ग्लास अंग्रेजों की ।
    Dr Prabha mishra

  6. जितेन्द्र भाई: सब से पहले तो “चीयर्स टू दी एडिटोरियल” आपके इस सम्पादकीय ने तो पानी पीने की प्यास को इतना प्रबल कर दिया जैसे रेगिस्तान में अकेले पैदल चलते हुए प्यासे मुसाफ़िर का हाल होता है। ऐसे मुसाफ़िर को प्यास लगने पर यह नहीं सूझता कि जिस बर्तन में उसे पानी दिया जा रहा है उसका क्या आकार है या फिर किस चीज़ (धातु) का बना हुआ है। सब से बड़ा मुद्दा प्यास बुझाने का है। कुछ भी न होने पर केवल चुल्लू से ही काम चल जाता है। बचपन में अपने शहर में प्याऊ का रिवाज होता था। वहाँ अन्दर बैठा हुआ शख़्स एक कटोरे नुमा आकार में पानी डालता था जो एक जुड़ी नली से बाहर आता था और प्यासे की प्यास बुझाता था। बारातों में पत्तलों में ख़ाना परोसा जाता था और कुल्लड़ में पीने का पानी होता था। भारत में अभी भी स्टेनलैस स्टील के गिलास में पानी तो होता है लेकिन गिलास को मुँह न लगाकर पानी को हवा में पिया जाता है।

    अब यदि हमारे पास हिन्दी में गिलास के लिए कोई मूल शब्द नहीं तो क्या हुआ। हमारे पास पानी पीने के इस बर्तन में और बहुत से वो नाम हैं हैं जिन में से कुछ का ज़िकर आपने किया है। हमें तो इस बात का फ़ख़र होना चाहिए कि “हाथी के पैर में सब का पैर” वाली कहावत को लेकर हम “अंकल आन्टी” न कहकर “चाचा चाची”, “मामा मामी”, “फूफा फूफी” इत्यादि शब्दों का प्रयोग करते हैं। और यही सब से बड़ी हमारी भाषा हिन्दी की देन है।

    • आदरणीय विजय भाई, आपकी बहुआयामी टिप्पणी संपादकीय को समझने में सहायक सिद्ध होगी। हार्दिक धन्यवाद।

  7. विचारोत्तेजक संपादकीय के लिए तेजेन्द्र भाई बधाई. किसी भी भाषा में कितने ही बंजारे और बहुरूपीय शब्द मिल जायेंगे , इसकी बड़ी वजह युगों युगों से लोगों का एक भौगोलिक क्षेत्र से दूसरे में पलायन है . वावज़ूद यात्रा के सीमित साधनों के लोग अपनी खोजी प्रवृत्ति, काम धंधे की तलाश में , धार्मिक कारणों से या फिर दूसरे इलाकों पर कब्जा करने के लिए लगातार दूसरी सभ्यता संस्कृतियों से शब्दों के आदान प्रदान भी करते रहे हैं . ग्लास भी ऐसा ही शब्द है.
    लेकिन ग्लास से अधिक उसमें डाल कर पिया जाने वाला द्रव महत्वपूर्ण है . पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में लोटे ग्लास होने के वावज़ूद लोग चुल्लू से प्यास बुझाते रहे हैं . तमिल लोग जल के पात्र को सर से ऊपर रख कर धार से पीते हैं .

  8. खोजपरक विश्लेषण, धन्यवाद सर
    चीयर्स टू ग्लास नही चीयर्स टू संपादकीय

  9. आपने ग्लासि चिंतन को जिस अंज़ाम तक पहुँचा कर छोड़ा है उससे मुझे अपने 1995 के लंदन दौरे की याद आ गयी जब मेरे मेजबाँ मुझे ग्लासि जंक्शन ले गए। हिंदुस्तानी ग्लास के शौकीनों की पहली पसंद शायद अब नहीं बची या किसी दूसरे नाम से हो मगर यह गीत अभी भी गुनगुनाते होंगे:

    शीशे से शीशा टकराये
    अब जो भी हो अंज़ाम….

    • सर जी गलासी जंक्शन बंद हो गया। उसदी जगह साऊथ इंडियन रेस्तरां खुल गया है।

  10. सादर प्रणाम भाई.
    एक बार फिर आपका संपादकीय रोचक नवीनतम जानकारी लेकर आया है।सचमुच आज तक कभी यह नहीं सोचा गया था कि जिसको हम रात दिन पानी या जूस शरबत पीने के लिए प्रयोग करते हैं उस गिलास को हिंदी में क्या कहते होंगे? आपने इतिहास के अनेक पृष्ठों से गुजर कर बहुत से.शब्द खोज निकाले।अब यह गिलास शब्द हमारी भाषा का ही नहीं है इसलिए जल पीने के लिए सबसे नजदीक का.शब्द लोटा जलपात्र या चषक को मान सकते हैं।मेरी कल्पना के अनुसार यह लोटे का ही लघु रुप होगा जो सुविधानुसार अपनी आकृतियां बदलता रहा है। बहुत अच्छा लगा संपादकीय। हार्दिक धन्यवाद भाई! आभार पुरवाई! बहुत सुन्दर जानकारी मिली और एक शोध दृष्टि भी कि हम अपने आसपास के शब्दो और वस्तुओं की मौलिकता से परिचित होते रहें।एक बार पुन: धन्यवाद।
    पद्मा मिश्रा

    • पद्मा आपने लिखा है कि – “मेरी कल्पना के अनुसार यह लोटे का ही लघु रुप होगा जो सुविधानुसार अपनी आकृतियां बदलता रहा है। बहुत अच्छा लगा संपादकीय। हार्दिक धन्यवाद भाई! आभार पुरवाई! बहुत सुन्दर जानकारी मिली और एक शोध दृष्टि भी कि हम अपने आसपास के शब्दो और वस्तुओं की मौलिकता से परिचित होते रहें।एक बार पुन: धन्यवाद”। हार्दिक धन्यवाद।

  11. प्रणाम
    कितनी अजीब बात है ना, कि हमारे आसपास मौजूद चीजें जिसका उपयोग हम दिन रात अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए करते हैं,उसके बारे में इतनी कम जानकारी रखते हैं।
    वास्तव में आपका संपादकीय बहुत ही रोचक लगा।

  12. आपने तो गागर नहीं बल्कि गिलास में सागर भर दिया। नयी जानकारियां मिलीं। आभार।

  13. गिलास के बारे में अच्छी जानकारी दीं. इसकी शब्द व्युत्पत्ति, विभिन्न देशों में इसके प्रयोजन, इसकी ऐतिहासिकता पर भी चर्चा की. शोधपरक जानकारी…

  14. सामान्य विषयवस्तु को वैचारिक धरातल पर ले जा कर सामाजिक जीवन में उसके
    व्यावहारिक पहलुओं को
    चितंनशील बनाते हुए समूचे युगीन परिदृश्य को उकेरने में हिन्दी कथा जगत के बहुप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री तेजेंद्र शर्मा की कोई शानी नहीं । अंक 8अगस्त 2026 में
    शीशे के ‘गिलास’ की परंपरा को संस्कृत के जल पात्रों के बहु नामधर्मी शब्दों से आगे खँगालकर उर्दू – फ़ारसी का हवाला दिया गया है । मेसोपोटामिया में ईसा से लगभग 3,600 वर्ष पहले शीशा मिलना कौतूहल का विषय है ।उसके पर्यायवाची सर्व प्रचलित “काँच “ का सबसे पहले सीरिया में मिलने की भी अच्छी जानकारी दी गई है । दक्षिण एशिया में काँच का सबसे पुराना साक्ष्य भारत की सिंधु घाटी सभ्यता (1700 ईसा पूर्व ) हड़प्पा ( मोहन जोदड़ो- हड़प्पा तत्कालीन नगर का नाम था जो आज पाकिस्तान में है) में काँच की सबसे पुरानी वस्तु मिली। तब से सभ्यता का विकास होता गया। इसके विकास क्रम को युक्तिसंगत ढंग से बताया गया है। तब से विभिन्न युगों में काँच से निर्मित वस्तुएं बनती रहीं।
    सम्पादक ने “ग्लास “ शब्द अंग्रेज़ी के लैटिन से होते हुए भारत पहुँचने और ‘गिलास’ नाम से प्रयुक्त होने का जिक्र किया है, जो प्रामाणिक तथ्य है । उन्होंने इसे परिभाषित करते हुए लिखा है- “गिलास एक ऐसा सीधा, खड़ा और छोटा पात्र है, जो आमतौर पर पारदर्शी होता है तथा जिससे कोई भी पेय पिया जा सकता है। “
    वर्तमान में यही “गिलास” सर्वत्र व्यवहृत है जो पेय पदार्थ के साथ अन्य वस्तुओं के निर्माण में प्रयुक्त हो रहा है । सम्पादक ने दुनिया के कई देशों में इसके उपयोग की बात करते हुए पानी पीने के लिए उपयोग में लाने वाले ‘गिलास’ पर अपना ध्यान केंद्रित किया है । उनका यह निष्कर्ष है – “गिलास के लिए हिंदी में कोई मूल शब्द नहीं है, क्योंकि गिलास का निर्माण भारत में प्रारम्भ नहीं हुआ था। लैटिन से अंग्रेज़ी में आया ग्लास भारत में आकर गिलास बन गया।” भाषा विज्ञान में विभिन्न शब्दों के अन्तर्गत “ गिलास “ विदेशी भाषा ( लैटिन) के अन्तर्गत परिगणित भी है ।
    सम्पादक श्री तेजेंद्र शर्मा जी को बधाई । अंक में प्रकाशित अन्य साहित्यिक विधाओं की रचनाएँ भी पठनीय हैं ।
    ——-
    मीनकेतन प्रधान
    भारत
    9/8/26

    • भाई मीनकेतन जी, आपने तो संपादकीय की पूरी सर्जरी करने के बाद ही टिप्पणी की है। हार्दिक धन्यवाद।

  15. इस बार का संपादकीय विषय -‘गिलास को हिंदी में क्या कहते हैं…’ एक ऐसे बर्तन पर केंद्रित है जो कांच का बना हुआ है। चूंकि अंग्रेजी में कांच को ग्लास कहा जाता है, इसलिए इस पदार्थ का पूरा भार इसी निरीह बर्तन पर थोप दिया गया है।
    अगर यह बर्तन भारत में बना होता तो इसे कांच तो नहीं कहा जाता। निश्चित ही इसका नामकरण संस्कार होकर ही रहता। क्या करें यूरोप के लोग इस मामले में काफी आलसी दिखाई दिए हैं।
    फिर भी संस्कृत ने इसकी लाज बचाते हुए चषक नाम दे दिया था। समय की बात है आज जब वही भाषा पिछड़ गई तो चषक का अपरिचित रह जाना कोई बड़ी बात नहीं है । फिलहाल सुरा पीने वाले ऐसे पात्र को संस्कृत में चषक कहा गया। स्वाभाविक है कि मदिरा थोड़ी-थोड़ी मात्रा में (पैग) पी जाती है, इसलिए उसका बर्तन (चषक) आज के गिलास से बड़ा नहीं रहा होगा।
    संपादकीय में गिलास के आविष्कार में केवल गिलास ही नहीं है बल्कि इससे संबंधित ऐतिहासिकता भी है। इस गिलास ने मैसोपोटामिया की सभ्यता से लेकर हड़प्पा की सभ्यता तक का सफर अबाध रूप से तय किया है।
    भारत में इसके आगमन का इतिहास भी कम रोचक नहीं है। यूरोपीय व्यापारी इसे अपने साथ लेकर क्या आए, यह यहीं का होकर रह गया।
    इस सृष्टि में कुछ चीजें कहीं उत्पादित होती हैं और कहीं जाकर फलती-फूलती हैं। वर्तमान भारत में गिलास के बिना किसी घर की कल्पना ही नहीं की जा सकती है। इसके बिना तो हमारा परिवार का ढांचा ही अस्त-व्यस्त हो जाएगा। अब इतना बदलाव हो गया है कि कांच को निचले पायदान पर रखकर स्टील के गिलास बहुतायत में बनाए जा रहे हैं।
    भला कौन कल्पना करेगा कि जिस गिलास में हम पानी पीते हैं, दूध पीते हैं और शाम को…… पीते हैं वह दूर देश की पैदाइश है।
    फिलहाल संपादकीय मौजूं एवं ज्ञानवर्धक है। एक अदना सी चीज जो उपयोगी है,के महत्व को लेकर इतनी गहराई से लिखा जा सकता है। आपकी कलम ने बता दिया है।
    आपकी यह पड़ताल प्रशंसनीय कही जाएगी सर

    • भाई लखन लाल पाल जी आपकी टिप्पणी हमारे लिये ऑक्सीजन का काम करती है। आपने लिखा है कि – “फिलहाल संपादकीय मौजूं एवं ज्ञानवर्धक है। एक अदना सी चीज जो उपयोगी है,के महत्व को लेकर इतनी गहराई से लिखा जा सकता है। आपकी कलम ने बता दिया है।
      आपकी यह पड़ताल प्रशंसनीय कही जाएगी सर”। मन प्रसन्न हो गया। हार्दिक धन्यवाद।

  16. आदरणीय तेजेन्द्र जी!

    अकल्पनीय संपादकीय रहा यह।
    *‘गिलास को हिंदी में क्या कहते हैं….?* प्रश्न से शुरू हुआ यह संपादकीय भाषा की यात्रा-भारतीय संस्कृति, प्राचीन पेय-पात्रों, काँच के इतिहास और भारतीय समाज में पश्चिमी प्रभाव तक ले जाता है। इस संपादकीय की सबसे बड़ी विशेषता है कि आपने नियमित उपयोग के सामान्य-से गिलास के माध्यम से हमारी भाषा और सांस्कृतिक स्मृति के अनेक पहलुओं को सामने रखा।

    वैसे भारत में आने वाले जितने भी विदेशी आक्रमणकारी रहे उनकी भाषा के कई सामान्य बोलचाल के शब्दों को हिंदी में बहुत सहजता से स्वीकार कर लिया गया। इसके अलावा हिंदी में बहुत से देशज शब्द भी है जो बोली से लिए गए।

    हमें यह तो पता था कि गिलास फारसी शब्द है लेकिन यह नहीं पता था कि वह ग्लास से बना है! आपके संपादकीय के ग्लास की क्लास में पढ़कर पूरी ऐतिहासिक जानकारी मिली।

    फ़राग़ रोहवी के बेहतरीन शेर *—“लबों के सामने ख़ाली गिलास रखते हैं / समुंदरों से कहो हम भी प्यास रखते हैं।”*—से शुरू हुआ संपादकीय महत्वपूर्ण इसलिये भी है, क्योंकि यहाँ गिलास केवल एक पात्र नहीं रह जाता, बल्कि प्यास, जीवन और मनुष्य की आवश्यकताओं से जुड़ी वस्तु बन जाता है।
    यह बात सही है कि जब हम ‘एक गिलास पानी’ कहते हैं तो कभी यह विचार नहीं आता है कि ‘गिलास’ हिंदी का शब्द है भी या नहीं?

    आज का संपादकीय यह बताता है कि किस तरह आप रोज़मर्रा की सामान्य वस्तुओं में भी इतिहास खोज लेते हैं। गिलास हमारे जीवन का इतना सामान्य हिस्सा है कि उसके बारे में इस तरह से सोच ही नहीं सकते। लेकिन आपने इसमें भी जिज्ञासा पैदा कर दी।

    यह सही है कि पहले लोटा, कुल्हड़, कटोरा, कटोरी, गढ़वा, चषक से पानी पीते थे। घरों में जो प्रायः लोटा ही प्रयुक्त होता था।इस संदर्भ चषक की जानकारी भी हमारे लिए पूरी तरह नई है।
    राजस्थान में हमने खेतों में पानी देने के लिए कुओं में लगे देखे हैं। पहले यह थैलेनुमा होते थे और इनका मुँह होता था गोल चक्कर में बहुत सारे ऐसे थैली रखे थे शायद किसी जानवर की खाल के होते थे। ऐसे याद आ रहा है उसे चषक कहते थे।
    अब एक नई जानकारी और प्राप्त हुई।

    यह तो सही है कि किसी वस्तु के आने के साथ केवल वस्तु नहीं आती, उसका नाम भी आता है और धीरे-धीरे वह नाम स्थानीय भाषा का हिस्सा बन जाता है। यही कारण है कि गिलास शब्द प्रचलन में आया।
    और आज ‘गिलास’ इतना भारतीय हो चुका है कि सामान्य हिंदी बोलने वाला व्यक्ति शायद ही इसे विदेशी शब्द मानकर इस्तेमाल करता हो।

    यह भाषा कहें या हिंदी भाषा की महत्ता है कि वह बाहर से आए शब्दों को भी अपना बना लेती है।

    यह बात सही है कि संस्कृत के सभी शब्द हिंदी में प्रचलित नहीं है और अगर हैं भी तो उनका स्वरूप परिवर्तित हो गया है
    ‘गिलास’ भी अब हिंदी के व्यवहार का अभिन्न हिस्सा है।

    गिलास के प्रश्न को काँच के इतिहास से जोड़कर आपने इस संपादकीय को ऐतिहासिक बना दिया।
    मेसोपोटामिया से लेकर सिंधु घाटी की सभ्यता, हस्तिनापुर और तक्षशिला तक की चर्चा हो गई।
    गिलास की ऐतिहासिकता से सभी पाठक समृद्ध हुए ‌।

    काँच का इस्तेमाल प्राचीन भारत में होने के प्रमाण भले ही मिलते हैं, लेकिन इससे यह सिद्ध नहीं होता कि उस समय आधुनिक अर्थ वाला काँच का गिलास भी प्रचलित था। यह भी सही।

    आपके संपादकीय की रोचकता इसमें है कि वस्तु के इतिहास और उसके नाम के इतिहास को एक-दूसरे से जोड़ना पाठक को यह सोचने के लिये प्रेरित करता है कि किसी वस्तु के अस्तित्व और उसके नाम का इतिहास हमेशा एक जैसा नहीं होता।
    यह केवल एक बर्तन का परिवर्तन नहीं है। बल्कि इसमें जीवन-शैली के परिवर्तन की कहानी भी छिपी हुई है।

    जब आप वाइन ग्लास, शैम्पेन ग्लास, हाईबॉल ग्लास और लिक्योर ग्लास जैसे अलग-अलग आकारों की चर्चा करते हैं, तब गिलास उपयोगिता से आगे बढ़कर सामाजिक प्रतिष्ठा, और वर्ग का प्रतीक बन जाता है। आजकल यह आवश्यकता से अधिक संस्कृति और सामाजिक व्यवहार का हिस्सा बन चुका है।

    “चीयर्स टू दि एडिटोरियल!” विनोदप्रिय लगा। इसमें संपादकीय के अंत पर चार चाँद लगा दिये। आश्चर्य से शुरू हुआ यह संपादकीय रोचकता के साथ चेहरे पर मुस्कान के साथ समाप्त हुआ।

    विदेशी मूल का शब्द आज भारतीय भाषाई व्यवहार में इतना सहज हो चुका है कि उसकी विदेशी पहचान लगभग विस्मृत हो गई है।

    संपादकीय की गंभीरता वहाँ परिलक्षित होती है जहाँ लेखक कहते हैं कि- “महानगरों में पुरानी भारतीय वस्तुएँ लगभग भुला दी गई हैं और हम विदेशी वस्तुओं से अधिक जुड़ते जा रहे हैं।”

    हम जिस वस्तु का प्रतिदिन उपयोग करते हैं,उसके इतिहास से तक पूरी तरह अनजान हैं।

    आधुनिकता ने सुविधा तो दी है,लेकिन उसके साथ सांस्कृतिक विस्मरण की प्रक्रिया भी चल रही है। संपादकीय इसी विस्मरण की ओर भी संकेत करता है।

    आज के संपादकीय ने गिलास के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया हिंदी किसी बंद कमरे में विकसित हुई भाषा नहीं है। उसने संस्कृत, प्राकृत, अपभ्रंश, फ़ारसी, अरबी, अंग्रेज़ी और अनेक भारतीय भाषाओं से शब्द ग्रहण किए हैं और उन्हें अपने व्यवहार का हिस्सा बनाया है।

    इस दृष्टि से यह भी विचारणीय है कि ‘गिलास’ केवल पानी पीने का पात्र नहीं, बल्कि भाषा की उदारता और भारतीय संस्कृति की आत्मसात करने वाली प्रकृति का भी प्रतीक बन जाता है।
    अंत में “चीयर्स द एडीटोरियल”पढ़ते हुए चेहरे पर मुस्कान के साथ अंत भा गया।
    बहुत-बहुत बधाई आपको।

    • आदरणीय नीलिमा जी, आपने लिखा है कि – “आज का संपादकीय यह बताता है कि किस तरह आप रोज़मर्रा की सामान्य वस्तुओं में भी इतिहास खोज लेते हैं। गिलास हमारे जीवन का इतना सामान्य हिस्सा है कि उसके बारे में इस तरह से सोच ही नहीं सकते। लेकिन आपने इसमें भी जिज्ञासा पैदा कर दी।” – इस प्यारी सी विस्तृत टिप्पणी के लिये हार्दिक धन्यवाद।

  17. जिस पात्र को हिंदी में गिलास कहते हैं,उसे अंग्रेजी में टंबलर कहते हैं, अब तक कि मेरी जानकारी थी। आपके संपादकीय से ज्ञात हुआ कि अंग्रेजी शब्द ग्लास से बिगड़ कर गिलास बना है।
    गिलास के बहाने आपने अन्य तमाम पात्रों का
    नामोल्लेख किया है, जिनसे पानी पीने का काम लिया जाता था। पानी पीने के तरीके भी अनेक हैं, यह एक रोचक जानकारी मिली।
    हमेशा की तरह रोचक शैली में प्रस्तुत संपादकीय, ‘गिलास कहां से चला- कहां पहुंचा’ पूरी यात्रा का विवरण देता है। हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद।

    • विद्या जी, इस स्नेह से परिपूर्ण टिप्पणी के लिये बहुत बहुत शुक्रिया। स्नेह बनाए रखें।

  18. आपने जिस शोध के लिए ग्लास जो एक ठोस धातु ही कहेंगे को लाकर गिलास के समकक्ष खड़ा किया है। ग्लास कब गिलास में स्थानांतरित हो गया पता नहीं चला कि वह एक अलग आकार में पीतल, तांबा, चांदी या कांसे में ढलने लगा। इस विषय में कुछ नहीं मिला। आपका गहन शोध बहुत ज्ञानवर्धक होता है। बहुत सुंदर लिखा।

  19. वाह बहुत बहुत बेहतरीन और एक अलग विषय पर संपादकीय पढ़कर सुखद आनंद की अनुभूति हुई जानकारी प्राप्त हुई।

  20. आश्चर्य की बात है कि आज ही गिलास पर कहमुक़री लिखी और आज ही आपका गिलास के इतिहास पर लिखा लेख पढ़ा।आपकी खोजी दृष्टि के तो हम पहले से ही कायल हैं।अभी नासिक जाने पर सुला पार्क गये थे जहाँ शैम्पेन गिलास में डालने का तरीका बताया गया था।आपकी पोस्ट पढ़ कर सब याद आता गया।
    एक बात कहनी थी कि अभी भी मिट्टी के गिलास या कुल्हड़ में पानी पीने से जो तृप्ति मिलती है वह अन्य किसी भी धातु में नहीं।

    • निवेदिता जी, आपकी इस बात ने – एक बात कहनी थी कि अभी भी मिट्टी के गिलास या कुल्हड़ में पानी पीने से जो तृप्ति मिलती है वह अन्य किसी भी धातु में नहीं। – नॉस्टेल्जिक कर दिया।

  21. नमस्कार जी,
    एक साधारण गिलास (Glass) कितना भाग्यशाली है, जिसने पुरवाई जैसी महान पत्रिका में स्थान प्राप्त कर लिया l

    यूनिवर्सिटी के दिनों में, मैं होस्टल रहती थी l मेरे पास स्टील के ग्लास होते थे l बाकी ल़डकियों उसे ‘लोटा’ कहती थी l उनका कहना था, गिलास तो कांच का होता है l

    हिन्दी में ऐसे कई शब्द हैं जो हिन्दी में हैं ही नहीं l जैसे रोटी, पायजामा और भी कई शब्द हैं l और एक शब्द है ‘तलाक’ l चूंकि तलाक हमारी संस्कृति में है ही नहीं इसलिए इसके लिए कोई शब्द भी नहीं है l वैसे ही गिलास या glass, जैसा कि सम्पादक जी ने कहा है प्राचीन समय में हम जलपात्र या चषक से पानी पीते थे l

    पुरवाई के संपादकीय से हमेशा नई-नई जानकारी मिलती है, जैसे आज के संपादकीय से काँच और उसके इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त हुई l इस जानकारी के लिए हमें कितनी पुस्तकें खंगालना पढ़ती, कितनी बार गूगल जी से संपर्क करना पड़ता तो भी शायद इतनी सटीक जानकारी न मिलती l

    महाराष्ट्र के एक अति प्रतिष्ठित व्यक्ति ने एक बार मुझसे कहा था कि मैं कितना भी व्यस्त रहूँ
    हर रविवार पुरवाई का संपादकीय अवश्य पढ़ता हूं l
    धन्यवाद सम्पादक जी l

  22. उषा जी आपकी सूचना कि – महाराष्ट्र के एक अति प्रतिष्ठित व्यक्ति ने एक बार मुझसे कहा था कि मैं कितना भी व्यस्त रहूँ
    हर रविवार पुरवाई का संपादकीय अवश्य पढ़ता हूं l – पुरवाई परिवार का मनोबल बहुत बढ़ा दिया है। हार्दिक धन्यवाद।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Most Popular

Latest