जिस काम को आप करना चाहते हैं, उसे करने का सही समय अभी है। अधिकांश लोग ऊँचा मुकाम पाने की ख्वाहिश रखते हैं। बड़ी-बड़ी सफलताएं अपने नाम करना चाहते हैं। यह चाहत वाजिब है। ऐसा चाहना बिल्कुल सही है। इसके साथ एक और बात भी बिल्कुल सही है कि सफल होने के लिए मेहनत करना ज़रूरी है। मेहनत करने का सही समय अभी है, इसी क्षण है। 
अधिकतर लोग बात करते हुए अपनी परेशानियों के बारे में बताते हैं। वे अपनी असफलता के कारणों की लंबी और विस्तृत चर्चा करते हुए मिल जाते हैं। यह जानना हैरानी में डालता है कि किस तरह प्रकृति और समाज ने उनके विरूद्ध षडयंत्र रचे। किस तरह ऐसे लोगों के लिए एक के बाद एक ख़राब हालात बनते चले गए। मगर सच क्या यही है? क्या सचमुच प्रकृति किसी एक व्यक्ति के विरूद्ध षडयंत्र करती है? और करती ही चली जाती है? क्या प्रकृति ने उन्हें सफल होने का एक भी कारण नहीं दिया? क्या सच में ऐसा संभव हो सकता है कि प्रकृति किसी एक व्यक्ति को हराने के लिए, परास्त करने के लिए जुट जाए?
एक बात पर हमें यक़ीन करना होगा कि सफलता के लिए कुछ ‘टूल’ होते हैं। उनमें से कुछ यह हैं – सही समय पर किये जाने वाले सही प्रयास, ईमानदार मेहनत और ‘लक’ यानी किस्मत। 
एक तरह की ऐकडमिक ट्रेनिंग के बावजूद टॉप पर एक ही व्यक्ति पहुँचता है। एक जैसी परवरिश के बाद भी भाई-बहनों में असमानताएं होती है। एक इलाक़े में पैदा होने वाली एक जैसी फसल में भी फ़र्क़ होता है। इसका सीधा सा मतलब है कि प्राकृति जितना भी आपका साथ दे, आगे के हालात को अपने हक में लाने का प्रयास आपको करना है। मेहनत आपको करनी है। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि मेहनत करने का सही समय भविष्य में नहीं आता। वह समय अभी है, इसी वक्त है। जो लोग समझते है़ं कि सही समय आने वाले कल में आएगा, वे खुदको मुगालते में रखते हैं। 
सच बात यह है कि – ‘जो है, इसी वक्त है।‘ इसी तरह जो मेहनत करनी है, इसी समय करनी है। यह सच है कि मेहनत के परिणाम भविष्य अपने पास सुरक्षित रखता है। मगर आपको अभी, इसी वक्त प्रयास करने हैं। इस समय की गई मेहनत आपका भविष्य बदलने का माद्दा रखती है इसीलिए इसी समय अपने आने वाले कल को बदलने की तैयारी शुरू कर दें। आज अगर आपके हाथ में एक बीज है तो उसे ज़मीन में बो दीजिए।  यही बीज, आने वाले समय का पौधा बनेगा। यदि आप बीज को हथेली में दबाए बैठे रहे तब भविष्य में उगने वाले पौधे की उम्मीद ख़त्म हो जाएगी और तो और कुछ समय बाद बीज भी पौधा बनने की क्षमता खो देएगा। इसीलिए जो करना है, इसी समय कर लीजिए क्योंकि यही बेहतरीन समय है। इससे अच्छा समय कभी नहीं आएगा। 

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.