
डॉ. रमेश यादव द्वारा सृजित पुस्तक ‘ प्रौद्योगिकी बैंकिंग और हिंदी ‘ का विमोचन समारोह मुंबई स्थित राजभवन में महामहिम राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी जी के कर कमलों द्वारा मान्यवरों की उपस्थिति में बड़े ही गौरवपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ.
इस अवसर पर राज्यपाल कोश्यारी जी ने तकनीकी विषय पर मूल रूप से हिंदी में लिखित इस पुस्तक का स्वागत करते हुए कहा कि यह पुस्तक आम से लेकर खास तक के लिए उपयोगी है. उन्होंने आगे कहा कि तकनीकी विषयों पर इस तरह की और भी पुस्तकें भारतीय भाषाओं में आनी चाहिए ताकि हमारी भाषाएं समृद्ध हो सके.
समारोह में बतौर प्रमुख अतिथि मुंबई विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. करुणाशंकर उपाध्याय ने हिंदी की वैश्विक स्थिति पर चर्चा करते हुए बैंकिंग जगत में भाषाओं एवं टेक्नोलॉजी के महत्व पर भाष्य करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण कृति बताया. क्योंकि इसमें बैंकिंग के साथ प्रौद्योगिकी और हिंदी पर विशेष रूप से चर्चा की गई है.

