सफल हिंदी निबंध, जीत का जादू, लेफ्टिनेंट हडसन, रेखना मेरी जान जैसी किताबों के लेखक रत्नेश्वर सिंह का दूसरा उपन्यास आने को तैयार है। मीडिया क्षेत्र में एक लम्बा समय बिताने के बाद रत्नेश्वर इन दिनों पटना निफ्ट में अध्यापन कर रहे हैं। उनका पहला उपन्यास ‘रेखना मेरी जान’ वर्ष 2017 में आया था और अपने पौने दो करोड़ के अनुबंध को लेकर ख़ासा चर्चा में भी रहा था।
अब लगभग दो साल बाद वे पानी पर केन्द्रित अपने दूसरे उपन्यास ‘एक लड़की पानी पानी’ के साथ हाजिर हैं। राजपाल एंड सन्ज इसके प्रकाशक हैं। लेखक की वाल से प्राप्त सूचना के अनुसार इस किताब का लोकार्पण समाचार चैनल आजतक के सुप्रसिद्ध वार्षिक आयोजन ‘साहित्य आजतक’ में 1 नवम्बर को होगा।
रत्नेश्वर अपनी कहानियों से लेकर उपन्यासों तक प्रयोगधर्मी लेखक रहे हैं। उनके कहानी-संग्रह लेफ्टिनेंट हडसन की अनूठे विषय और प्रस्तुति वाली कहानियाँ हों या ग्लोबल वार्मिंग जैसे अछूते विषय पर केन्द्रित उनका पहला उपन्यास ‘रेखना मेरी जान’ हो अथवा अब ये पानी पर केन्द्रित उनका नया उपन्यास हो, रत्नेश्वर हर बार कुछ नए और चुनौतीपूर्ण विषयों के साथ सामने आए हैं। माना जा रहा है कि उनका यह उपन्यास न केवल हिंदी साहित्य के क्षेत्र में एक बड़ी लकीर खींचेगा बल्कि हिंदी उपन्यास को एक नया आयाम देने का काम भी करेगा।
फोटो : लेखक की वाल से साभार